लखनऊ

Ayodhya: निषाद बस्ती में CM योगी ने मनाई दीपावली, बच्चों को बांटी मिठाइयां और उपहार

दीपोत्सव-2025 के अगले दिन सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सुबह अयोध्या की निषाद और मलिन बस्ती पहुंचे, जहां उन्होंने स्थानीय लोगों के साथ दीपावली मनाई। सीएम ने बच्चों को मिठाइयां, उपहार और फुलझड़ियां वितरित कीं और बुजुर्गों व माताओं-बहनों को मिठाई और फलों की टोकरी भेंट की।

Image

बच्चे तो दुलारते CM

UP News: दीपोत्सव-2025 में रविवार को दो-दो कीर्तिमान रचने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार सुबह निषाद और मलिन बस्ती पहुंचे। CM ने स्थानीय लोगों के साथ दीपावली मनाई। मुख्यमंत्री ने बच्चों को मिठाइयां, उपहार और फुलझड़ियां बांटी। उन्होंने बुजुर्गों के साथ माताओं-बहनों को भी मिठाई और फलों की टोकरी भेंट की। CM योगी ने कहा कि हर घर में दीप जरूर जलना चाहिए, क्योंकि वह दीप अयोध्या का प्रतीक बनेगा और उसके माध्यम से मां लक्ष्मी का आगमन होगा।

जय श्रीराम के उद्घोष से की शुरुआत

कार्यक्रम की शुरुआत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जय श्रीराम, भारत माता की जय और सरयू मैया की जय के उद्घोष के साथ की। उन्होंने कहा कि सौभाग्य की बात है कि दीपावली के पावन अवसर पर मुझे अयोध्या धाम की निषाद बस्ती में आने का अवसर मिला है। जिन्होंने जीवन भर दूसरों को पार लगाने का कार्य किया, आज उनके बीच आकर उनका अभिनंदन करता हूं। जब श्रीराम वनवास जा रहे थे, तब सबसे पहले मित्रता और सहयोग के लिए निषादराज ही आए थे। त्रेतायुग से चली यह मैत्री आज भी अयोध्या धाम के दीपोत्सव के माध्यम से आगे बढ़ रही है।

निषाद बस्ती में विशेष रूप से वितरित की मिठाई

मुख्यमंत्री ने कहा कि दीपोत्सव ही आज की दीपावली है। इस उत्सव का आनंद तब और बढ़ जाता है, जब हम सब मिलकर इसमें सहभागी बनते हैं। आज विशेष रूप से निषाद बस्ती में दीपावली की मिठाई देने के लिए उपस्थित हुआ हूं। कुछ लोगों को मैंने अपने हाथों से उपहार वितरित किया है और बाकी सभी के लिए व्यवस्था की गई है। सभी लोग यहां से मिष्ठान लेकर जाएंगे और इस आनंद को अपने घर-परिवार तक पहुंचाएंगे।

स्वच्छता को लेकर की निषाद बस्ती की सराहना

मुख्यमंत्री ने कहा कि मुझे यह देखकर बहुत अच्छा लगा कि आपका मोहल्ला साफ-सुथरा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हर भारतवासी को स्वच्छता के प्रति आग्रही बनाया है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ रहेंगे तो स्वस्थ रहेंगे। जो लोग दूसरों का मोहल्ला साफ करते हैं, उनका अपना मोहल्ला भी साफ-सुथरा होना चाहिए। आपने अपनी छोटी सी बस्ती को बहुत सुंदर और स्वच्छ रखा है, इसके लिए मैं आप सभी को बधाई देता हूं।

सावधानी और सतर्कता की अपील

श्री हनुमानगढ़ी और श्रीराम जन्मभूमि में दर्शन करने के उपरांत मुख्यमंत्री यहां पहुंचे। उन्होंने कहा कि आप सभी लोग प्रसाद और दीपावली का उपहार लेकर ही जाएं। सायंकाल आतिशबाजी के दौरान सावधानी और सतर्कता बरतें, ताकि किसी को कोई नुकसान न पहुंचे।

घर-घर जाकर दिए उपहार

मुख्यमंत्री योगी ने मातगैड मोहल्ला वार्ड संख्या-31 देवकाली और कंधरपुर (मांझी नगर) निषाद बस्ती (वार्ड संख्या-01 अभिराम दास) में घर-घर जाकर मिठाइयां, फलों की टोकरी और दीपावली के उपहार वितरित किए। उन्होंने बच्चों को उपहार भी दिए। इसके बाद टॉफी, चॉकलेट और फुलझड़ियां बांटीं। सीएम ने यहां छोटे बच्चे को गोद में लेकर दुलार भी किया। वे मुख्यमंत्री और संत के साथ ही यहां अभिभावक भी भूमिका में भी नजर आए। मुख्यमंत्री के साथ परिवार के लोगों ने सेल्फी ली और पैर छूकर आशीर्वाद भी प्राप्त किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलकर, उनका स्नेह पाकर परिवार के सदस्य और मोहल्लेवासी भाव-विह्वल हो उठे।

मातगैड कोतवाल मंदिर में किया दर्शन पूजन

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ निषाद बस्ती में दीपावली मनाने के बाद मातगैड कोतवाल मंदिर पहुंचे। जहां उन्होंने विधिवत दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद लिया और सुखी-समृद्ध प्रदेश की कामना की।

Times Now Navbharat Digital
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article