लखनऊ

Har Ghar Tiranga: देशभक्ति के रंग में रंगा यूपी, सीएम योगी ने लखनऊ में निकाली तिरंगा यात्रा

​​​यूपी में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 'हर घर तिरंगा' अभियान का शुभारंभ किया है। उन्होंने लखनऊ में तिरंगा यात्रा का नेतृत्व करते हुए अपने आवास से यात्रा को रवाना किया।। साथ ही युवाओं के साथ सेल्फी भी ली। इस यात्रा में सैकड़ों लोग हाथ में तिरंगा लेकर शामिल हुए। इस दौरान सीएम योगी ने कहा कि तिरंगा यात्रा भारत मां, महापुरुषों, क्रांतिकारियों और वीर सैनिकों के प्रति कृतज्ञता का भाव है।

Image

सीएम योगी ने तिरंगा यात्रा का शुभारंभ किया

Tiranga Yatra in Lucknow: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को 'हर घर तिरंगा' अभियान (13-15 अगस्त) का शुभारंभ किया। राष्ट्रभक्ति के गीतों की धुनों के बीच मुख्यमंत्री ने तिरंगा यात्रा का नेतृत्व किया, फिर अपने आवास से यात्रा को रवाना किया। सीएम ने युवाओं का अभिनंदन करते हुए सभी को स्वतंत्रता दिवस की अग्रिम शुभकामनाएं भी दीं।

तिरंगा यात्रा में गूंजे वंदे मातरम के नारे

मुख्यमंत्री ने मंत्रिमंडल के सहयोगियों और जनप्रतिनिधियों संग हाथ में तिरंगा लेकर 'भारत मां की जयकार, वंदे मातरम' की गूंज के साथ यात्रा का नेतृत्व किया। सीएम ने अपने आवास से तिरंगा यात्रा को रवाना भी किया। इसके पूर्व मुख्यमंत्री ने स्कूली बच्चों, एनसीसी कैडेट्स, स्काउट गाइड्स, युवाओं आदि के साथ सेल्फी भी ली। तिरंगा यात्रा को देख लग रहा था कि लखनऊ की सड़कों पर समूचा भारत उमड़ पड़ा है। समारोह में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक, प्रदेश सरकार के मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, कपिलदेव अग्रवाल, विधायक नीरज बोरा, जया देवी, ओपी श्रीवास्तव, विधान परिषद सदस्य महेंद्र सिंह, मुकेश शर्मा, उमेश द्विवेदी, भाजपा के महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी, भाजपा नेता नीरज सिंह आदि मौजूद रहे।

सीएम योगी ने कहा कि देश आजादी के 78 वर्ष पूरे कर रहा है। आजादी के इस अमृतकाल में हर भारतीय के मन में संविधान, राष्ट्रीय प्रतीकों, राष्ट्रीयता, क्रांतिकारियों-महापुरुषों के प्रति श्रद्धा व सम्मान का भाव और प्रगाढ़ हो। यह हर जन, हर घर तक पहुंचे, प्रधानमंत्री नरेद्र मोदी के आह्वान पर हर घर तिरंगा और तिरंगा यात्रा के माध्यम से इसे हम सभी देख रहे हैं। तिरंगा यात्रा केवल यात्रा नहीं, बल्कि भारत मां, महापुरुषों, क्रांतिकारियों और वीर सैनिकों के प्रति हमारी कृतज्ञता भी है। हर गांव, नगर, जनपद में तिरंगा यात्रा इसका उदाहरण पेश कर रहा है। यूपी में भी हर घर तिरंगा, सेल्फी विद तिरंगा से जुड़ रहे हैं। देश और सैनिकों के सम्मान और आन-बान-शान का प्रतीक तिरंगा हर भारतीय के घर में लहराया जाना चाहिए।

भारत के शौर्य और शक्ति को दुनिया ने देखा

मुख्यमंत्री ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर में भारत के शौर्य, पराक्रम, सामर्थ्य और शक्ति को दुनिया ने देखा है। इसे लेकर जब दुनिया अचंभित है तो हर भारतीयों का दायित्व बनता है कि भारत का सम्मान ऊंचा बनाए रखें। सीएम ने अपील की कि 140 करोड़ भारतवासी स्वयं के स्वार्थों की तिलांजलि देकर राष्ट्रमाता के चरणों में समर्पित होकर तिरंगा को हर घर पर लगाकर देश की आजादी के इस समारोह में भागीदार बनें। सीएम ने कहा कि सामाजिक एकता को छिन्न-भिन्न करने का घटिया प्रयास करने वालों और समाज, क्षेत्र, भाषा, जाति समेत अनेक वादों के नाम पर बांटने वाले तत्वों को बेनकाब करें।

'विकसित उत्तर प्रदेश-आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश'

सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री जी द्वारा दिया गया 2047 तक का विराट लक्ष्य 'विकसित भारत-आत्मनिर्भर भारत' सभी के सामने है। सीएम ने कहा कि उनके संकल्पों के साथ जुड़कर 'विकसित उत्तर प्रदेश-आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश' के उनके मार्गदर्शन को अपने जीवन का हिस्सा व मंत्र बनाएंगे।

Times Now Digital
Times Now Digitalauthor

Professionals & enthusiasts who write about politics to science, from economy to education, from local issues to national events and global affairs, they have you covered.

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!