लखनऊ

Bahraich Violence: शांति की राह पर बहराइच, महराजगंज में स्थिति सामान्य; इंटरनेट सेवा बहाल

Bahraich Violence: यूपी के बहराइच अब शांति की राह पर है। महसी के महराजगंज क्षेत्र में अब इंटरनेट सेवा बहाल कर दी गई है। साथ ही पुलिस प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें।

Image

सांकेतिक फोटो।

Photo : iStock

Bahraich Violence: बहराइच में महसी के महराजगंज क्षेत्र में स्थिति अब सामान्य हो गई है। गुरुवार को पांचवें दिन इंटरनेट सेवाएं फिर से बहाल कर दी गई हैं। पुलिस-प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वह अफवाहों से दूर रहें और किसी भी प्रकार की भ्रामक जानकारी पर विश्वास न करें। सोशल मीडिया पर फैली भ्रामक पोस्टों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि यदि कोई भी व्यक्ति गलत जानकारी फैलाता हुआ पाया गया, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

भ्रामक सूचना से बचने की अपील

अपर पुलिस अधीक्षक पवित्र मोहन त्रिपाठी ने कहा कि 13 अक्टूबर को जनपद बहराइच में घटित घटना में एक हिंदू व्यक्ति की हत्या को लेकर सोशल मीडिया पर सांप्रदायिक सौहार्द को बिगाड़ने के उद्देश्य से भ्रामक सूचना फैलाई जा रही है। इसमें मृतक को करंट लगने, तलवार संभालने और उसके नाखून उखाड़ने जैसी बातें शामिल हैं, जो पूरी तरह से गलत हैं।

बहराइच में गोली लगने से युवक की हुई थी मौत

उन्होंने आगे कहा कि मृतक की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में यह स्पष्ट किया गया है कि उसकी मृत्यु गोली लगने से हुई है। इस घटना में केवल एक ही व्यक्ति की मृत्यु हुई है, न कि कोई अन्य व्यक्ति। सभी से अनुरोध है कि वे सांप्रदायिक स्वार्थ को बढ़ावा देने वाली भ्रामक सूचनाओं से दूर रहें और सचेत रहें।

बहराइच में भड़की थी हिंसा

बहराइच के महाराजगंज कस्बे में रविवार को मां दुर्गा की प्रतिमा के विसर्जन के लिए काफिला निकाला गया था। इस बीच, विशेष समुदाय की तरफ यात्रा में तेज आवाज में धार्मिक गाना बजाए जाने पर आपत्ति जताई। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच शुरू हुआ विवाद हिंसात्मक हो गया। दोनों समुदायों ने एक-दूसरे पर हमले किए। इस दौरान बड़े पैमाने पर सार्वजनिक संपत्तियों को भी नुकसान पहुंचाया गया, जिससे पूरा बहराइच हिंसा की आग में दहल उठा। यही नहीं, हमलावरों ने कई दुकानों को भी आग के हवाले कर दिया। इसके बाद पुलिस ने फौरन कमर कसते हुए स्थिति को नियंत्रित किया।

सीएम ने सख्त कार्रवाई के दिए आदेश

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बहराइच हिंसा में जान गंवाने वाले रामगोपाल मिश्रा के परिजनों से मिले और उन्हें आश्वासन दिया कि इस हिंसा में संलिप्त आरोपियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। इसके अलावा, रामगोपाल के परिजनों को आर्थिक सहायता देने का भी ऐलान सरकार की तरफ से किया गया। परिजनों ने मुख्यमंत्री को बताया कि जब तक रामगोपाल को मौत के घाट उतारने वाले लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई नहीं की जाती है, तब तक उनका रोष थमने वाला नहीं है।

इनपुट-आईएएनएस

Devshanker Chovdhary
Devshanker Chovdhary author

<p>देवशंकर चौधरी मार्च 2024 से Timesnowhindi.com के साथ करियर को आगे बढ़ा रहे हैं और बतौर कॉपी एडिटर काम कर रहे हैं। टाइम्स नाउ सिटी टीम में वह इंफ्रा, डेवलपमेंट, पॉलिटिक्स और लोगों से जुड़ी स्टोरी करते हैं। हर स्टोरी में अलग एंगल निकालने पर फोकस रहता है। इसके अलावा ग्राउंड की स्टोरी और रिसर्च बेस्ड स्टोरी करने में विशेष रुचि रखते हैं।&nbsp;बीते वर्षों में टेलीविजन और डिजिटल मीडिया संस्थानों में काम कर चुके हैं। इससे पहले इन्होंने दैनिक जागरण, यूनीवार्ता, एबीपी न्यूज और रोहतास पत्रिका में काम किया है। दैनिक जागरण में रियल टाइम डेस्क पर काम कर चुके हैं, जहां वर्ल्ड अफेयर्स और नेशनल बीट की खबरें करते थे। यूनीवार्ता में नेशनल और विदेश डेस्क पर काम कर चुके हैं। एबीपी न्यूज में डिजिटल टीम का हिस्सा रह चुके हैं। रोहतास पत्रिका में काम करने के दौरान कोविड काल में बिहार के कई जिलों में घूम-घूम कर काम करने का अनुभव है। ग्रेजुएशन के दौरान ही पत्रकारिता से जुड़ गए थे, जिस दौरान दैनिक अखबारों के साथ काम किया है। अकाउंटिंग एंड मैनेजमेंट ऑनर्स में स्नातक और जनसंचार में स्नातकोत्तर हैं।</p>

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!