उमेश पाल हत्याकांड में शामिल अतीक अहमद के बेटे असद के पुलिस एनकाउंटर के बाद इसे लेकर सियासत तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव और एआईएमआईएम के असदुद्दीन ओवैसी ने इसे गलत करार दिया है। अखिलेश ने इसे भाईचारे के खिलाफ करार दिया तो ओवैसी ने इसे संविधान का एनकाउंटर बताया। वहीं, सीएम योगी आदित्यनाथ ने पुलिस को बधाई दी है।
सीएम योगी ने दी एसटीएफ को बधाई
सीएम योगी ने असद का एनकाउंटर करने वाली पुलिस टीम को बधाई दी है। सीएम योगी ने यूपी एसटीएफ, डीजीपी, स्पेशल डीजी लॉ एंड ऑर्डर और पूरी टीम को बधाई दी। इसके बाद उन्होंने यूपी में कानून व्यवस्था को लेकर उच्चस्तरीय बैठक भी की।
अखिलेश बोले- भाजपा भाईचारे के खिलाफ
असद और उसके साथी के एनकाउंटर के बाद इस पर अखिलेश ने ट्वीट कर सख्त प्रतिक्रिया जताई। उन्होंने लिखा कि भाजपा सरकार झूठे एनकाउंटर करके सच्चे मुद्दों से ध्यान भटकाना चाह रही है। भाजपा भाईचारे के खिलाफ है।
ओवैसी बोले- संविधान का एनकाउंटर
ओवैसी ने कहा कि मजहब के नाम पर एनकाउंटर हो रहा है। संविधान का एनकाउंटर किया जा रहा है। बीजेपी संविधान की धज्जियां उड़ा रही है। तुम कोर्ट को कमजोर कर रहे हो, अगर तुम गोली से इंसाफ करोगे तो कोर्ट किलए है, उन्हें बंद कर दो। कोई कत्ल करता है तो उसे सजा दो, उसके घर पर बुलडोजल मत चलाओ।
केशव मौर्य ने कहा, यूपी पुलिस की ऐतिहासिक कार्रवाई
यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि यूपी पुलिस की यह बहुत ही ऐतिहासिक कार्रवाई है। यह एक बड़ा संदेश है कि अपराधियों का युग खत्म हो गया है और अपराधियों को आत्मसमर्पण करना होगा।
बता दें कि उमेश पाल हत्याकांड में शामिल अतीक अहमद के बेटे असद को आज पुलिस ने एनकाउंटर में ढेर कर दिया। इसके अलावा उसके साथी गुलाम को भी पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया। दोनों प्रयागराज के उमेश पाल हत्याकांड में फरार थे और इन पर पांच-पांच लाख रुपये का इनाम था। झांसी में डीएसपी नवेंदु और डीएसपी विमल के नेतृत्व में यूपीएसटीएफ की टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
