लखनऊ

Asad encounter: 'मिट्टी में मिला देंगे...' सोशल मीडियो पर गूंजा सीएम योगी का बयान, साध्वी प्राची बोलीं- असद तो सिर्फ झांकी है, अतीक बाकी है

  • Authored by: रामानुज सिंह
  • Updated Apr 13, 2023, 04:51 PM IST

Mitti mein mila denge: उत्तर प्रदेश में उमेश पाल हत्याकांड के आरोपी अतीक अहमद के बेटे असद और उसके साथी गुलाम को यूपी एसटीएफ ने एनकाउंटर में मार गिराया। इसके बाद सोशल मीडिया पर सीएम योगी आदित्यनाथ के बयान वाला वीडियो 'मिट्टी में मिला देंगे' वायरल होने लगा। इस पर डॉक्टर प्राची साध्वी ने कहा कि योगी जो कहा सो किया, असद तो सिर्फ झांकी, अतीक बाकी है।

Image

Asad Ahmed Encounter : सच साबित हुआ सीएम योगी आदित्यनाथ का बयान

Photo : Twitter

Mitti mein mila denge: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में उमेश पाल हत्याकांड में फरार चल रहा माफिया अतीक अहमद के बेटे और उसके साथी गुलाम को यूपी एसटीएफ ने झांसी में एनकाउंटर में मार गिराया। इसके बाद सोशल मीडिया पर यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ का विधानसभा में दिया गया बयान तेजी से वायरल होने लगा। इस वीडियो में सीएम योगी 'मिट्टी में मिला देंगे...' कह रहे है। उनके इस बयान को ट्वीट करते हुए भगवा क्रांति सेना की अध्यक्ष डॉक्टर प्राची साध्वी ने कहा कि योगी जी ने जो कहा वो करके दिखाया। #मिट्टी में मिला दूंगा। साथ ही उन्होंने एक ट्वीट में कहा कि असद तो सिर्फ झांकी है, अतीक बाकी है।

Sadhvi Prachi, Asad Ahmed Encounter, CM Yogi Adityanath

प्राची साध्वी ने कहा कि योगी जी ने जो कहा वो करके दिखाया।

सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने लिखा कि नो जेल, नो बेल, सीधा प्रभु से मेल #मिट्टी में मिला दूंगा। एक ने लिखा माफियाओं को मिट्टी में मिलाने का अभियान जारी है। इस तरह #मिट्टी में मिला दूंगा, काफी ट्रेंड कर रहा है।

एसटीएफ अधिकारियों के मुताबिक, उमेश पाल की हत्या के बाद असद और गुलाम फरार थे। दोनों को पकड़ने के लिए एसटीएफ की कई टीमों को लगाया गया था। अधिकारियों के मुताबिक झांसी में गुरुवार को एसटीएफ की एक टीम ने जब बाइक से भागने की कोशिश कर रहे असद और गुलाम को रोका, तो दोनों ने एसटीएफ टीम पर गोलियां चलाईं। उन्होंने बताया कि एसटीएफ की जवाबी कार्रवाई में असद और गुलाम मारे गए। घटना की तस्वीरों और वीडियो में कथित मुठभेड़ वाले स्थान पर जमीन पर दो शव और उनके पास एक मोटरसाइकिल नजर आ रही है। बाद में एक एंबुलेंस से दोनों शवों को अस्पताल ले जाया गया।

गौर हो कि 2005 में बहुजन समाज पार्टी (बीएसपी) के विधायक राजू पाल की हत्या के मामले के मुख्य गवाह उमेश पाल और उसके दो सुरक्षा गार्ड की इस साल 24 फरवरी को प्रयागराज के धूमनगंज इलाके में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उमेश पाल की पत्नी जया पाल की तहरीर पर 25 फरवरी को अतीक, उसके भाई अशरफ, पत्नी शाइस्ता परवीन, असद सहित दो बेटों, शूटर गुड्डू मुस्लिम व गुलाम और 9 अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। मुठभेड़ के बाद जया पाल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रशासन का आभार जताया।

जया पाल ने कहा कि उन्होंने जो कुछ भी किया है, सही है। मुख्यमंत्री ने अपनी बेटी के पति के हत्यारे को सजा दी है। मैं अपना आभार व्यक्त करती हूं। वह पिता के समान हैं। न्याय हुआ है। जया पाल ने उम्मीद जताई कि मामले के अन्य आरोपियों के खिलाफ भी कठोर कार्रवाई की जाएगी। यह पूछे जाने पर कि वह किन अन्य लोगों के खिलाफ कार्रवाई चाहती है, जया ने कहा कि मैं यह सरकार पर छोड़ती हूं। सरकार मुझे न्याय दे रही है।

वहीं, उत्तर प्रदेश के उपमुख्‍यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने ट्वीट किया कि यूपी एसटीएफ को बधाई देता हूं। एडवोकेट उमेश पाल और पुलिस के जवानों के हत्यारों का यही हश्र होना था। मौर्य ने कहा,कि अगर आप अपराध नहीं करते हैं, तो कोई आपको हाथ तक नहीं लगाएगा। लेकिन, अगर आप अपराध करते हैं, तो आपको किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि यह भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की सरकार है, न कि समाजवादी पार्टी की, जिसमें अपराधियों को बख्शा जाएगा।

रामानुज सिंह
रामानुज सिंहauthor

रामानुज सिंह पत्रकारिता में दो दशकों का व्यापक और समृद्ध अनुभव रखते हैं। उन्होंने टीवी और डिजिटल—दोनों ही प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, शेयर बाजार, इनकम टैक्स, बैंकिंग, बुलियन और कमोडिटी मार्केट जैसे विषयों पर गहरी विशेषज्ञता विकसित की है। जर्नलिज्म में एमए की डिग्री और वर्षों के अनुभव से विकसित विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ, रामानुज जटिल वित्तीय विषयों को सरल, विश्वसनीय और प्रभावी तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। अब तक वे 22,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article