Bharat Jodo Yatra in UP: कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा कुछ दिनों के विश्राम के बाद यूपी में प्रवेश करेगी। इस यात्रा में शामिल होने के लिए कांग्रेस ने एक बीजेपी के बड़े नेता को निमंत्रण भेजा है। कांग्रेस के इस कदम को हैरानी भरा बताया जा रहा है।
किसे मिला निमंत्रण
कांग्रेस ने भारत जोड़ो यात्रा के उत्तर प्रदेश चरण में भाग लेने के लिए समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव, बसपा सुप्रीमो मायावती और रालोद के जयंत चौधरी सहित गैर-भाजपा दलों के कई नेताओं को आमंत्रित किया है। इस क्रम में पूर्व उपमुख्यमंत्री और भाजपा के दिग्गज नेता दिनेश शर्मा को भी निमंत्रण भेजा गया है। कहा गया है कि जिन्हें लखनऊ विश्वविद्यालय के प्रोफेसर के रूप में यात्रा में आमंत्रित किया गया है। हालांकि ये सफाई किसी के गले नहीं उतर रही है। क्योंकि दिनेश शर्मा पहली योगी सरकार में डिप्टी सीएम थे, इस बार उन्हें कोई पद नहीं मिला है।
कब यूपी में एंट्री करेगी यात्रा
राहुल गांधी के नेतृत्व वाली भारत जोड़ो यात्रा 3 जनवरी को गाजियाबाद में लोनी के रास्ते उत्तर प्रदेश में प्रवेश करेगी। इसके बाद यह बागपत और शामली से होते हुए हरियाणा में प्रवेश करेगी। कांग्रेस प्रवक्ता अशोक सिंह ने पीटीआई को बताया कि पार्टी ने राज्य के प्रमुख विपक्षी नेताओं को यात्रा में शामिल होने का निमंत्रण दिया है।प्रवक्ता ने कहा कि वर्तमान समय में जब लोगों को अपने विचार रखने की अनुमति नहीं है, यह यात्रा लोगों के मन को जानने का एकमात्र विकल्प है।
और किसे भेजा निमंत्रण
कांग्रेस नेता ने कहा कि पूरे विपक्ष का इस सरकार के बारे में लगभग एक ही विचार है, इसलिए उन्हें यात्रा में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया गया है। कांग्रेस ने सपा विधायक शिवपाल सिंह यादव, बसपा महासचिव सतीश मिश्रा, सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के प्रमुख ओमप्रकाश राजभर और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के सचिव अतुल अंजान को भी आमंत्रित किया है।
PTI से मिले इनुपट के आधार पर
