UP Aaj Aur kal ka Mausam kaisa Rahega: उत्तर प्रदेश में चक्रवाती तूफान दाना का असर कुछ खास देखने को नहीं मिला। पिछले कुछ दिनों से पूर्वी यूपी में कुछ जगहों पर बारिश का अलर्ट जारी किया जा रहा है। इसके बावजूद कहीं भी बारिश दर्ज नहीं की गई। इन दिनों यूपी में रात के तापमान में बदलाव देखने को मिल रहा है। जिससे हल्की ठंड का एहसास भी हो रहा है। लेकिन दिन के मौसम में कोई बदलाव नहीं आ रहा। दिन में जस का तस मौसम बना हुआ है। दोपहर में तेज धूप निकल रही है। जिससे दिन में गर्मी पड़ रही है। आज भी पूर्वी यूपी के कुछ हिस्सों में बारिश की उम्मीद जताई गई।
इन जिलों में आज बारिश की उम्मीद
मौसम विभाग के अनुसार आज यूपी के कई जिलों में बारिश होने की संभावना है। ये जिले प्रयागराज, कौशांबी, प्रतापगढ़, फतेहपुर, चित्रकूट, मिर्जापुर, वाराणसी, संत रविदासनगर, बांदा और जौनपुर हैं। इसके अलावा गाजीपुर, आजमगढ़, देवरिया, मऊ और बलिया में भी हल्की बारिश होने के आसार हैं। 28 अक्टूबर को भी पूर्वी यूपी में कहीं-कहीं छिटपुट बारिश होने का अनुमान है। इस दौरान पश्चिमी यूपी में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।
अगले महीने की शुरुआत होगी शुष्क
आईएमडी के अनुसार रविवार और सोमवार को दक्षिण पूर्वी यूपी में कहीं-कहीं पर छिटपुट बारिश के आसार हैं। लेकिन इसको लेकर कोई अलर्ट नहीं जारी हुआ है। इस दो दिनों के दौरान पश्चिमी यूपी का मौसम शुष्क रहने की संभावना है। जिसके बाद राज्य में बारिश का कोई अनुमान नहीं है। 29 से 31 अक्टूबर तक प्रदेश के दोनों हिस्सों में मौसम साफ रहने वाला है। नवंबर महीने की शुरुआत में भी मौसम शुष्क ही रहने की संभावना जताई जा रही है।
