शहर

एयरपोर्ट जैसा फील देगा गोमती नगर रेलवे स्टेशन, यात्रियों के लिए हाईटेक होंगी सुविधाएं, देखें VIDEO

लखनऊ के गोमती नगर रेलवे स्टेशन तेजी से एक आधुनिक ट्रांसपोर्ट हब के रूप में विकसित हो रहा है, जहां यात्रियों को एयरपोर्ट जैसी सुविधाओं का अनुभव मिलेगा। करीब 350 करोड़ रुपये की लागत से संवारे गए इस स्टेशन पर अब निजी एजेंसी के जरिए संचालन किया जाएगा, जिससे सेवाओं की गुणवत्ता और बेहतर होगी। 26 जनवरी से पुष्पक एक्सप्रेस जैसी प्रीमियम ट्रेनों की शुरुआत के साथ गोमती नगर स्टेशन प्रदेश में आधुनिक रेलवे ढांचे की नई पहचान बनेगा।

Image

गोमती नगर रेलवे स्टेशन पर मिलेंगी लोगों को एयरपोर्ट जैसी सुविधाएं

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Gomti Nagar Railway Station Redevelopment: लखनऊ के गोमती नगर रेलवे स्टेशन को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जा रहा है, जहां यात्रियों को एयरपोर्ट जैसी सेवाएं मिलेंगी। स्टेशन के संचालन और सुविधाओं की जिम्मेदारी एक निजी एजेंसी संभालेगी, ताकि यात्रियों की हर जरूरत का बेहतर तरीके से ध्यान रखा जा सके। यहां सफर के साथ-साथ खरीदारी का भी मौका मिलेगा, क्योंकि स्टेशन परिसर में शॉपिंग मॉल विकसित किया जा रहा है। इसके अलावा यात्रियों के लिए कई कैफेटेरिया और फूड स्टॉल भी उपलब्ध होंगे। स्टेशन क्षेत्र में बने दोनों शॉपिंग कॉम्प्लेक्स के फरवरी तक शुरू होने की संभावना है।

पुष्पक एक्सप्रेस जैसी प्रीमियम ट्रेन इस दिन से चलेंगी

पुष्पक एक्सप्रेस जैसी प्रीमियम ट्रेन अब 26 जनवरी से गोमती नगर रेलवे स्टेशन से संचालित होगी। लगभग 350 करोड़ रुपये की लागत से गोमती नगर स्टेशन का व्यापक रूप से कायाकल्प किया गया है। विभूतिखंड की दिशा में शॉपिंग मॉल विकसित किए गए हैं, जबकि एक भव्य स्टेशन भवन का निर्माण कर उसे एयर कॉनकोर्स के जरिए पत्रकारपुरम की ओर प्लेटफॉर्म नंबर एक से जोड़ा गया है। स्टेशन की संरचना को लखनऊ और कोलकाता एयरपोर्ट की तर्ज पर ओवरब्रिज से जोड़ा गया है।

एयरपोर्ट वाली सुविधाएं

विभूतिखंड की ओर बने स्टेशन भवन का लोकार्पण फरवरी 2024 में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह द्वारा किया गया था। इस हिस्से में बने ओवरब्रिज के जरिए यात्री अब अपने वाहनों से सीधे टर्मिनल तक पहुंच सकेंगे, ठीक वैसे ही जैसे एयरपोर्ट पर होता है। आरएलडीए ने दूसरे चरण में पत्रकारपुरम की ओर स्टेशन भवन और कॉनकोर्स के निर्माण का कार्य भी पूरा कर लिया है। गोमती नगर उत्तर प्रदेश का पहला रेलवे स्टेशन होगा, जहां आधुनिक सुविधाओं का प्रबंधन निजी एजेंसी के हाथों में होगा। स्टेशन के संचालन को निजी क्षेत्र को सौंपने के लिए आरएलडीए ने टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है और अनुमान है कि फरवरी से गोमती नगर स्टेशन का नियंत्रण निजी एजेंसी के पास होगा।

Manish Yadav
मनीष यादवauthor

साल 2011 था जब इंद्रप्रस्थ से पत्रकारिता के सफर की सीढ़ियां चढ़ना शुरू किया । कुछ साल जयपुर रहा और अब ठिकाना अवध है। माइक पकड़ कर कोशिश करता हूं कि आम की आवाज खास के कानो तक पहुंचा पाऊं उम्मीद रहती है इससे हल निकलेगा ।

और पढ़ें
End of Article