Lucknow Dead Body: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ का गोमती नगर रेलवे स्टेशन रविवार सुबह एक खौफनाक वारदात का गवाह बना। बिहार के छपरा से चलकर लखनऊ आने वाली गाड़ी संख्या- 15114 (छपरा-गोमतीनगर कचहरी एक्सप्रेस) के स्लीपर कोच से एक अज्ञात युवती की सिर कटी लाश मिलने से पूरे रेलवे महकमे और यात्रियों में हड़कंप मच गया। युवती की हत्या करने के बाद उसके शव के टुकड़े-टुकड़े किए गए और उसे दो अलग-अलग बैगों में पैक कर ट्रेन में ही लावारिस छोड़ दिया।
सफाई के दौरान मिला बक्सा
रेलवे पुलिस के अनुसार, यह ट्रेन शनिवार की शाम 5:45 बजे छपरा से रवाना हुई थी और रविवार सुबह करीब 6:00 बजे गोमती नगर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर पहुंची। सभी यात्रियों के उतर जाने के बाद जब रेलवे का सफाई स्टाफ ट्रेन की S-1 बोगी में सफाई करने पहुंचा, तो उन्हें एक सीट के नीचे लावारिस हालत में पड़ा हुआ एक संदिग्ध लोहे का बक्सा और एक बड़ा बैग दिखाई दिया। स्टाफ ने इसकी तत्काल सूचना स्टेशन अधीक्षक (स्टेशन मास्टर) को दी, जिन्होंने बिना वक्त गंवाए रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) को मौके पर बुलाया।
पॉलीथीन में पैक थे हाथ-पैर, धड़ मिला बक्से के अंदर
चारबाग के जीआरपी प्रभारी धर्मवीर सिंह और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने जब बोगी में पहुंचकर उस संदिग्ध बॉक्स को खुलवाया, तो भीतर का नजारा देखकर सबकी रूह कांप गई। एक लगभग 25 से 30 वर्ष की युवती का केवल धड़ (बिना सिर और हाथ-पैर का हिस्सा) रखा हुआ था। जब पास में रखे दूसरे बैग की तलाशी ली गई, तो उसमें अलग-अलग पॉलीथीन बैग मिले, जिनमें युवती के कटे हुए हाथ और पैर पैक करके रखे गए थे। हत्यारों ने शिनाख्त छुपाने के इरादे से युवती का सिर गायब कर दिया था, जो काफी तलाश करने के बाद भी बोगी या स्टेशन के आसपास से बरामद नहीं हुआ है।
शिनाख्त की बड़ी चुनौती, जांच के लिए बनीं 3 टीमें
लखनऊ रेलवे के पुलिस अधीक्षक (SP Railways) रोहित मिश्रा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया, "रूटीन चेकिंग के दौरान स्टाफ को यह शव बरामद हुआ है। युवती की उम्र 25 से 30 साल के बीच होने का अनुमान है। सिर गायब होने और शरीर पर किसी भी तरह के दस्तावेज या पहचान पत्र न मिलने के कारण फिलहाल मृतका की शिनाख्त नहीं हो सकी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।"
एसपी रोहित मिश्रा ने आगे कहा कि जीआरपी थाने में अज्ञात हत्यारों के खिलाफ हत्या और साक्ष्य छुपाने की धाराओं में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली गई है। मामले के खुलासे और युवती की पहचान के लिए तीन विशेष जांच टीमों का गठन किया गया है। पुलिस अब छपरा से लेकर लखनऊ के बीच पड़ने वाले सभी रेलवे स्टेशनों के CCTV फुटेज खंगाल रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस भारी-भरकम बॉक्स और बैग को S-1 कोच में किसने और किस स्टेशन पर लोड किया था।
