LPG Gas Crisis: पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के बीच ईंधन और गैस सप्लाई को लेकर देशभर में चर्चाएं तेज हैं। इसी बीच उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने साफ दिशा-निर्देश जारी करते हुए कहा है कि किसी भी तरह की कालाबाजारी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अगर कोई भी ब्लैक मार्केटिंग में शामिल पाया गया तो सरकार उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी। हम पूरी कोशिश कर रहे हैं कि जनता को सभी सुविधाएं मिलती रहें। हालांकि, कालाबाजारी की खबरों के बीच प्रदेश के अलग-अलग जगहों पर निरीक्षण और छापेमारी जारी है।
गैस जमाखोरी के बीच एक्शन
सीएम योगी की सख्ती के बाद अधिकारी फील्ड पर उतरे हैं। नोएडा, लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज समेत सभी जिलों में जिला प्रशासन व पुलिस ऐसी जगहों पर पहुंच रही है, जहां से गड़बड़ी के संकेत मिल रहे हैं। गैस गोदाम और गैस की दुकानों पर प्रशासन ने निरीक्षण कर कालाबाजारी नहीं करने के निर्देश दिए हैं। आपको बता दें कि मंगलवार को सीएम योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों के साथ बैठक कर गैस की कालाबाजारी पर एक्शन लेने और डीजल-पेट्रोल की पर्याप्त खेप होने की बात कही थी। सीएम ने बताया कि प्रदेश में पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं है और अगर कोई ऐसी अफवाह सामने आती है तो उस पर गौर न करें। अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि फ्यूल और गैस की जमाखोरी और कालाबाजारी पर नजर रखें।
घरेलू उपभोक्ताओं के लिए गैस की कोई कमी नहीं-सरकार
दरअसल, देश के कई हिस्सों में गैस सिलेंडर की संभावित कमी को देखते हुए डिस्ट्रीब्यूटर्स एसोसिएशन ने कुछ अस्थायी फैसले लिए हैं। कई जगहों पर कमर्शियल ग्राहकों के लिए गैस सिलेंडर की डिलीवरी फिलहाल रोक दी गई है। हालांकि, डिस्ट्रीब्यूटर्स ने यह भी साफ किया है कि घरेलू उपभोक्ताओं के लिए गैस की कोई कमी नहीं है और आम लोगों को परेशान होने की जरूरत नहीं है।
