शहर

सोनीपत में सड़क हादसे का कहर; शादी से लौटते युवकों की कार पेड़ से टकराई, 5 की मौत

हरियाणा के सोनीपत जिले के गोहाना क्षेत्र में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पांच परिवारों की खुशियां छीन लीं। शादी समारोह से लौट रहे सात दोस्तों की कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई, जिसमें पांच युवकों की मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर है, जबकि दो घायल युवकों का अस्पताल में इलाज जारी है।

Image

सोनीपत में सड़क हादसे हड़कंप

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Sonipat Car Accident: हरियाणा के सोनीपत जिले के गोहाना इलाके में देर रात एक भीषण सड़क दुर्घटना ने पांच परिवारों को गहरे शोक में डाल दिया। शादी समारोह से वापस लौट रहे सात दोस्तों की कार अचानक नियंत्रण से बाहर हो गई और सड़क किनारे खड़े पेड़ से जा टकराई। हादसा इतना भयावह था कि पांच युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हैं और उनका उपचार जारी है।

घायलों को पहुंचाया गया अस्पताल

बताया जा रहा है कि, घटना के बाद आसपास के गांवों में मातम का माहौल है और मृतकों के परिजन गहरे सदमे में हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यह दुर्घटना घड़वाल से भावड़ रोड के बीच हुई, जहां कार अचानक असंतुलित होकर पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और राहत कार्य शुरू करते हुए घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

5 युवकों की मौत

पुलिस के अनुसार हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि तीन लोगों की घटनास्थल पर ही जान चली गई, जबकि दो अन्य ने उपचार के दौरान अस्पताल में दम तोड़ दिया। घायलों में से एक की स्थिति अब भी गंभीर बताई जा रही है। अधिकारियों ने मृतकों की पहचान सागर, दीपक, साहिल, मोहित और अंकुश के रूप में की है। इन सभी की उम्र लगभग 22 से 27 वर्ष के बीच बताई गई है। पुलिस ने जानकारी दी कि सभी युवक रोहतक जिले के खिड़वाली और घुसकानी गांव के रहने वाले थे।

दुर्घटना की जांच जारी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच प्रक्रिया शुरू कर दी। सोनीपत पुलिस के इंस्पेक्टर धर्मबीर सिंह ने बताया कि सभी युवक रोहतक जिले के विभिन्न गांवों के निवासी थे और गांव भावड़ में आयोजित शादी समारोह से लौट रहे थे। गांव गढ़वाल के निकट उनकी कार अचानक नियंत्रण खो बैठी और सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। इस हादसे में पांच युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य का अस्पताल में इलाज जारी है। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की गंभीरता से पड़ताल की जा रही है।

चश्मदीद ने बताया हादसे का हाल

प्रत्यक्षदर्शी सन्नी के मुताबिक, उन्होंने एक जोरदार धमाके की आवाज सुनी। जब वह घटनास्थल पर पहुंचे तो वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त मिला। कार में फंसे युवकों को बाहर निकालने के लिए काफी प्रयास करना पड़ा। उन्होंने बताया कि दुर्घटना का दृश्य बेहद भयावह था। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और सन्नाटा छाया हुआ है। गांवों में मातम का माहौल है और अंतिम संस्कार की तैयारियां की जा रही हैं।

(इनपुट - भाषा)

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article