शहर

कुल्लू में बिना बारिश भी दरक रही पहाड़ी, लैंडस्लाइड का वीडियो वायरल

हिमाचल प्रदेश के कुल्लू में बिना बारिश के भी लगातार भूस्खलन होने से लोग सकते में हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि पहाड़ी में लगातार दरारें पड़ रही हैं, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।

हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में भूस्खलन की घटनाओं ने लोगों में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। खासतौर पर कुल्लू के बंदरोल क्षेत्र में हालात बेहद चिंताजनक बने हुए हैं, जहां बिना बारिश के भी लगातार भूस्खलन हो रहा है। जानकारी के अनुसार, बंदरोल में एक पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा गिरने से एक भवन को नुकसान पहुंचा है, जबकि आसपास के कई मकान और एक होटल भी खतरे की जद में आ गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि पहाड़ी में लगातार दरारें पड़ रही हैं, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।

भूस्खलन में रिजॉर्ट को नुकसान

नवोदय स्कूल के पास हुए इस भूस्खलन में एक रिजॉर्ट को आंशिक नुकसान पहुंचा है। हालांकि अभी तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन पूरी संपत्ति पर खतरा मंडरा रहा है। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर आसपास के लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। इस घटना का एक लाइव वीडियो भी सामने आया है, जिसमें पहाड़ी का बड़ा हिस्सा अचानक टूटकर गिरता नजर आ रहा है। वीडियो ने इलाके में भय का माहौल और बढ़ा दिया है। खास बात यह है कि यह घटनाएं उस समय हो रही हैं जब क्षेत्र में बारिश नहीं हो रही, जबकि आमतौर पर भूस्खलन भारी बारिश के दौरान ही देखने को मिलता है।

विशेषज्ञों का मानना है कि पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार निर्माण कार्य, ढलानों की कमजोरी और मौसम में बदलाव जैसी वजहें इस तरह की घटनाओं को बढ़ावा दे रही हैं। शुरुआती गर्मियों में ही इस तरह के भूस्खलन सामने आना भविष्य के लिए चिंता का संकेत माना जा रहा है। प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और जरूरत पड़ने पर प्रभावित इलाकों को खाली कराने की तैयारी भी की जा रही है। फिलहाल स्थानीय लोग डर के साए में जी रहे हैं।

Poonam Sharma
पूनम शर्मा author

पूनम शर्मा ने एचपीयू से मास कम्युनिकेशन में मास्टर डिग्री की है, करीब 2 साल से टाइम्स नेटवर्क के लिए हिमाचल ब्यूरो के रूप में काम कर रही हैं, 2008 में इंडिया टीवी से विशेष संवाददाता के रूप में अपना करियर शुरू किया था, पूनम को राजनीति, खेल, व्यवसाय और सिनेमा की ताज़ा ख़बरें कवर करना पसंद है।

और पढ़ें
End of Article