शहर

केदारनाथ यात्रा मार्ग पर लैंडस्लाइड, SDRF ने बचाई 10 हजार यात्रियों की जान

केदारनाथ यात्रा मार्ग पर भारी बारिश के कारण मुनकटिया क्षेत्र में मंगलवार को भूस्खलन हो गया, जिससे हजारों यात्री फंस गए। SDRF ने तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर करीब 10,450 यात्रियों को सुरक्षित निकाला। बाद में जेसीबी से सड़क से मलबा हटाया गया और रास्ता बहाल किया गया।

Image

केदारनाथ मार्ग पर लैंडस्लाइड के बाद चला बड़ा रेस्क्यू ऑपरेशन

Kedarnath Yatra Landslide: उत्तराखंड में केदारनाथ यात्रा के दौरान मंगलवार रात बड़ा हादसा होते-होते टल गया। सोनप्रयाग-गौरीकुंड के बीच मुनकटिया क्षेत्र के पास भारी बारिश के चलते अचानक भूस्खलन हो गया। जिससे मार्ग पूरी तरह से बंद हो गया और हजारों यात्री रास्ते में फंस गए। जिसकी सूचना मिलते ही SDRF की टीम मौके पर पहुंची और बड़े स्तर पर रेस्क्यू अभियान चलाकर करीब 10 हजार श्रद्धालुओं को सुरक्षित निकाल लिया

खराब मौसम में भी जारी रहा बचाव अभियान

एसडीआरएफ ने बताया कि मंगलवार देर रात मुनकटिया में भूस्खलन होने से मुख्य सड़क मार्ग अवरुद्ध हो गया और बड़ी संख्या में श्रद्धालु बीच रास्ते में फंस गए । सूचना मिलने पर एसडीआरएफ तथा राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की टीमें मौके पर पहुंचीं। रात्रि का समय, खराब मौसम, पहाड़ी से लगातार गिरता मलबा और यात्रियों की भारी भीड़ के कारण अत्यंत चुनौतीपूर्ण स्थिति में राहत और बचाव कार्य चलाया गया।

एसडीआरएफ ने बताया कि टीमों ने सूझबूझ और धैर्य से सड़क के दूसरी ओर फंसे लगभग 10,450 श्रद्धालुओं को सुरक्षित तरीके से मार्ग पार कराया।टीम ने बारिश और अंधेरे के बीच श्रद्धालुओं का हौसला बढ़ाते हुए उन्हें सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया। मार्ग पर आए मलबे को बचाव अभियान पूरा होने के बाद जेसीबी मशीनों की सहायता से हटाया गया और सड़क को सुचारु कर यातायात बहाल किया गया ।

चमोली में भी भारी बारिश के कारण लैंडस्लाइड

उधर, चमोली जिला पुलिस ने बताया कि मंगलवार देर शाम भारी बारिश के कारण बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पागलनाला के समीप भूस्खलन से बाधित हो गया, जिसके कारण यातायात रूक गया। हालांकि, पुलिस ने बताया कि मंगलवार देर रात तक मलबा हटा कर सड़क खोल दी गयी और वहां रुके सभी वाहन निकल गए ।

(इनपुट - भाषा)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article