Karnataka News: कर्नाटक के विजयपुरा जिले से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है, जहां भारी बारिश और तेज हवाओं ने एक हंसते-खेलते परिवार को खत्म कर दिया। गुरुवार रात जिले के अलमेल तालुक के मोरातगी गांव में एक पुराने घर की छत गिरने से एक ही परिवार के चार सदस्यों की मलबे में दबकर मौत हो गई। मृतकों में पति-पत्नी और उनके दो मासूम बच्चे शामिल हैं। बताया जा रहा है कि मकान बहुत पुराना था और जर्जर अवस्था में था।
नींद में ही काल बन गई छत
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक परिवार का अपना घर मरम्मत के अधीन था, जिसके कारण वे पास ही एक पुराने किराए के मकान में रह रहे थे। गुरुवार रात पूरे क्षेत्र में गरज-चमक के साथ भीषण बारिश और तूफानी हवाएं चल रही थीं। रात के सन्नाटे में जब परिवार गहरी नींद में था, तभी जर्जर हो चुका मकान मौसम की मार बर्दाश्त नहीं कर सका और घर की छत अचानक भरभराकर गिर गई। घर के अंदर सो रहे चारों सदस्यों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और वे मलबे के नीचे जिंदा दफन हो गए। इस हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान गुरुनाथ बड़ीगेर (35 वर्ष), उनकी पत्नी ज्योति बड़ीगेर (28 वर्ष), दो बेटियां कलम्मा बड़ीगेर (13 वर्ष) और कीर्ति बड़ीगेर (9 वर्ष) के तौर पर हुई है।
गांव में पसरा मातम, राहत कार्य जारी
हादसे की सूचना मिलते ही सिंदगी थाना पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। स्थानीय लोगों की मदद से घंटों चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद मलबे से चारों शवों को बाहर निकाला गया। जब शव बाहर आए, तो परिजनों और ग्रामीणों की चीख-पुकार से पूरा गांव दहल उठा। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और सिंदगी पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
