Kanpur Railway Station: उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले के यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। नॉर्थ सेंट्रल रेलवे (एनसीआर) के सबसे व्यस्त स्टेशनों में शामिल कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन से यात्री लोड कम करने की कवायद रेलवे ने शुरू कर दी है। कानपुर के अनवरगंज, गोविंदपुरी और पनकी को अमृत भारत स्टेशन योजना में शामिल किया गया है। इन स्टेशनों पर 118 करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि खर्च की जाएगी। प्लेटफॉर्मों पर चमचमाती बेंच, लिफ्ट और एस्कलेटर की सुविधा मिलेगी। रिटायरिंग रूम और वेटिंग हॉल भी बनाए जाएंगे। कानपुर शहर के इन तीन स्टेशनों समेत उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल के 17 स्टेशनों को अमृत भारत स्टेशन योजना में शामिल किया गया है।
अमृत भारत योजना में शामिल स्टेशनों पर नए वित्तीय वर्ष में यात्री सुविधाओं के लिए कार्य शुरू कराए जाएंगे। अप्रैल माह में सर्वे कराया जाएगा। यात्री भार के हिसाब से सुविधाओं का आकलन किया जाएगा। इसके बाद टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
