Kanpur News: उत्तर प्रदेश के कानपुर में एक अनोखा विरोध प्रदर्शन चर्चा का विषय बना हुआ है। यहां श्री दुर्गा सार्वजनिक रामलीला नवयुवक कमेटी ने नगर निगम की लापरवाही के खिलाफ अनूठा तरीका अपनाया। श्याम नगर टटियन स्थित रामलीला मैदान की ओर जाने वाली सड़क की जर्जर हालत से परेशान कमेटी ने प्रतीकात्मक रूप से भगवान राम, लक्ष्मण और हनुमान को ही सड़क पर उतार दिया।
जर्जर सड़क से श्रद्धालु परेशान
पिछले कई दिनों से रामलीला मैदान की ओर जाने वाली मुख्य सड़क की हालत बेहद खराब है। टूटे गड्ढों से भरी सड़क पर रोजाना वाहन चालकों के गिरने और घायल होने की घटनाएं हो रही हैं। सड़क की खस्ता हालत के कारण पिछले चार दिनों से भगवान राम की झांकी भी नहीं निकल सकी। श्रद्धालुओं को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
75 साल पुरानी रामलीला पर संकट
कमेटी के संरक्षक और पूर्व पार्षद राजीव सेतिया तथा संयोजक गौरव सेतिया ने बताया कि यह रामलीला पिछले 75 वर्षों से लगातार आयोजित की जा रही है। मंचन शुरू होने से पहले ही नगर आयुक्त और निगम अधिकारियों को ज्ञापन देकर सड़क की मरम्मत की मांग की गई थी, लेकिन प्रशासन ने कोई कार्रवाई नहीं की।
'भगवान' के साथ सड़कों पर उतरे कलाकार
नगर निगम की उदासीनता से नाराज कमेटी ने प्रतीकात्मक भगवान राम, लक्ष्मण और हनुमान के वेश में कलाकारों को लेकर सड़क पर प्रदर्शन किया। इस दौरान नगर आयुक्त और नगर निगम के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी हुई। कमेटी ने चेतावनी दी है कि यदि अगले 48 घंटों के भीतर सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया, तो वे रामलीला का मंचन बंद कर देंगे। उन्होंने बताया कि यह क्षेत्र का मुख्य रोड है और इसकी जर्जर हालत किसी बड़े हादसे को न्योता दे सकती है। कई लोग इस रास्ते का इस्तेमाल करना पहले ही बंद कर चुके हैं।
क्या जागेगा प्रशासन
अब देखना यह है कि क्या भगवान के सड़क पर उतरने के बाद कुंभकर्णी नींद में सोए नगर निगम के अधिकारी आखिरकार हरकत में आते हैं या नहीं। श्रद्धालु और कमेटी सदस्य अब प्रशासनिक कार्रवाई की प्रतीक्षा कर रहे हैं।
