Kanpur Metro News: उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले में उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन दो लाख लोगों को जल्द जाम से राहत देने वाला है। कानपुर के माल रोड और ट्रांसपोर्ट नगर नौबस्ता रूट में रोज जाम की समस्या झेल रहे करीब दो लाख लोगों को अगले माह से राहत मिलेगी। उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन अगले महीने से बैरिकेडिंग की चौड़ाई कम करना शुरू कर देगा। यूपीएमआरसी ने एक साल पहले मेट्रो कॉरिडोर-1 के फेज-2 के तहत चुन्नीगंज से नरोना चौराहे तक और उसके बाद इसी कॉरिडोर में फेज-3 के तहत नरोना चौराहे से ट्रांसपोर्टनगर तक भूमिगत मेट्रो स्टेशन और वहां से नौबस्ता तक एलीवेटेड मेट्रो निर्माण के लिए एक तिहाई सड़क को बैरिकेडिंग लगाकर घेर रखा था। इससे सड़कों पर यातायात प्रभावित है।
इन जगहों पर लगी बैरिकेडिंग से दिन भर में कई बार जाम लगता है। इस समस्या से परेशान हजारों लोगों ने आने और जाने के लिए रूट बदल दिए। परेशान लोग दूसरे रास्तों से जाते हैं। ऐसे में दूसरे मार्गों से गंतव्य तक जाने में उन्हें समय लगता है।
अगले माह बैरिकेडिंग कम करने का कार्य शुरू करेंगे
यूपीएमआरसी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि इन दोनों रूटों में मेट्रो का काफी काम हो गया है। अगले महीने से माल रोड पर बड़ा चौराहे से नरोना चौराहा, झकरकटी, ट्रांसपोर्टनगर और वहां से नौबस्ता तक (हमीरपर रोड) बैरिकेडिंग कम करने का कार्य शुरू कर दिया जाएगा। मेट्रो के अधिकारियों के अनुसार 2025 से दोनों कॉरिडोर पर मेट्रो ट्रेन दौड़ने लगेगी।
कानपुर में मेट्रो ट्रैक के दोनों साइड का 500-500 मीटर का क्षेत्र टीओडी घोषित
उधर, कानपुर मेट्रो ट्रैक से 500 मीटर की दूरी पर दोनों साइड का एरिया ट्रांजिट ओरिएंटेड डेवलपमेंट (टीओडी) घोषित हो गया है। इस क्षेत्र में स्थित प्लॉट पर दो गुना ज्यादा एफएआर(फ्लोर एरिया रेशियो) मिलेगा। जिससे विकसित और अविकसित क्षेत्र की तुलना में काफी ज्यादा ऊंची बिल्डिंग बन सकेंगी। ड्राफ्ट मास्टर 2031 पर इस क्षेत्र की मार्किंग भी की जा चुकी है। हालांकि मास्टर प्लान पर शासन की मुहर लगने का इंतजार है। मास्टर प्लान फाइनल होते ही इसका फायदा उठाया जा सकेगा।
