कानपुर

Kanpur: नौबस्ता पुल से साढ़े पांच मीटर ऊपर बनेगा मेट्रो ट्रैक, दो चरणों में सीएसए से बर्रा तक होगा निर्माण

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jan 31, 2023, 04:04 PM IST

Kanpur Metro: उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले में मेट्रो निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। कानपुर में नौबस्ता बाईपास पर पुल से साढ़े पांच मीटर ऊंचाई पर मेट्रो ट्रैक बनाया जाएगा। गर्डर पर अप और डाउन के लिए मेट्रो ट्रैक बिछाए जाएंगे। वहीं, यूरोपियन बैंक से हरी झंडी मिलते ही सीएसए से बर्रा-8 तक मेट्रो निर्माण की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इसे दो चरण में पूरा कराया जाएगा।

Image

मेट्रो ट्रैक नौबस्ता पुल से साढ़े पांच मीटर ऊपर बनेगा

Photo : Twitter
KEY HIGHLIGHTS
  • कानपुर में नौबस्ता बाईपास पर पुल से साढ़े पांच मीटर ऊंचाई पर बनाया जाएगा मेट्रो ट्रैक
  • गर्डर पर बिछाए जाएंगे अप और डाउन के लिए मेट्रो ट्रैक
  • बाईपास के दोनों तरफ फुटपाथ पर बनाए जाएंगे कॉलम

Kanpur Metro: कानपुर में नौबस्ता बाईपास पर पुल से साढ़े पांच मीटर ऊंचाई पर मेट्रो ट्रैक बनाया जाएगा। इसके लिए वहां 45 मीटर लंबे लोहे के गर्डर रखे जाएंगे। गर्डर का निर्माण शुरू हो गया है। इन्हीं गर्डर पर अप और डाउन के लिए मेट्रो ट्रैक बिछाए जाएंगे। गर्डर की ऊंचाई के हिसाब से ही बाईपास के दोनों तरफ फुटपाथ पर कॉलम बनाए जाएंगे। वहीं, कानपुर मेट्रो रेल परियोजना के पहले कॉरिडोर (आईआईटी-नौबस्ता) के अंतर्गत बारादेवी से नौबस्ता के बीच बन रहे करीब साढ़े पांच किमी. लंबे एलिवेटेड सेक्शन में यू-गर्डर परिनिर्माण (इरेक्शन) का शुभारंभ हो गया था। 21 जनवरी को किदवई नगर इलाके में पिलर नंबर- 56 और 57 पर उक्त सेक्शन का पहला यू-गर्डर रखा गया था। इस सेक्शन में कुल 346 यू-गर्डर रखे जाएंगे। जिनकी औसत लंबाई लगभग 28 मीटर और वजन करीब 168 मीट्रिक टन होगा।

वहीं चुन्नीगंज भूमिगत मेट्रो स्टेशन में नाना टीबीएम (टनल बोरिंग मशीन) उतारने के लिए फर्स बनाने का कार्य पूरा हो गया। उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कारपोरेशन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि चार पांच दिन में नाना टीबीएम के उपकरणों को इस भूमिगत मेट्रो स्टेशन में उतारकर जोड़ा जाएगा।

बारादेवी-नौबस्ता उपरिगामी हिस्से में भी निर्माण कार्य तेज

इस मशीन से मेट्रो सुरंग का निर्माण शुरू होते ही इस स्टेशन में तात्या टीबीएम भी उतारी जाएगी। दोनों मशीनें इस भूमिगत मेट्रो स्टेशन से नवीन मार्केट भूमिगत मेट्रो स्टेशन होते हुए बड़ा चौराहे तक भूमिगत मेट्रो ट्रैक के लिए दो सुरंग बनाएंगी। प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने कहा कि ‘नाना’ और ‘तात्या’ टीबीएम यहां विश्व स्तरीय मेट्रो प्रणाली के सपने को पूरा करने में जुटी हैं। पहले कॉरिडोर के कानपुर सेंट्रल-ट्रांसपोर्ट नगर भूमिगत हिस्से और बारादेवी-नौबस्ता उपरिगामी हिस्से में भी निर्माण कार्य तेज गति से हो रहा है।

दो चरण में होगा सीएसए से बर्रा-8 तक मेट्रो का निर्माण

यूरोपियन बैंक से हरी झंडी मिलते ही सीएसए से बर्रा-8 तक मेट्रो निर्माण की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इसे दो चरण में पूरा कराया जाएगा। टेंडर 15 से 20 दिन में जारी होने के आसार हैं। पहले चरण में भूमिगत मेट्रो स्टेशनों और भूमिगत मेट्रो ट्रैक का निर्माण किया जाएगा, जबकि दूसरे चरण में उपरिगामी मेट्रो ट्रैक और स्टेशनों का निर्माण किया जाएगा। कॉरिडोर-2 के तहत कंपनीबाग चौराहे से बर्रा-8 तक 8.8 किलोमीटर लंबे मेट्रो रूट के टेंडर कराने के लिए डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार की गई है। इसमें पांच उपरिगामी और तीन भूमिगत मेट्रो स्टेशन का निर्माण किया जाएगा।
टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article