Kanpur Weather Update: यूपी के अधिकांश हिस्सों में घने कोहरे के साथ भारी गलन के दौर की शुरुआत हो गई है। शुक्रवार को सेंट्रल यूपी के जिलों में कानपुर सबसे ठंडा रहा। कानपुर का न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री रहा। जबकि अधिकतम तापमान 22.2 सेल्सियस दर्ज किया गया। हरदोई, इटावा, उन्नाव, कानपुर देहात और औरैया में आठ डिग्री तापमान रहा। कन्नौज में 8.3 डिग्री, हमीरपुर, फर्रुखाबाद में 9 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। बांदा, चित्रकूट में 9.5 डिग्री तापमान रहा। इसके अलावा महोबा, फतेहपुर में 10 डिग्री न्यूनतम तापमान रहा। कानपुर में धूप निकलने से अधिकतम तापमान एक डिग्री सेल्सियस चढ़ा।
मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे के अंतराल में गलन और बढ़ सकती है। हवा की रफ्तार 2.8 किमी प्रति घंटा रिकॉर्ड की गई। आपको बता दें कि कानपुर में कड़ाके की सर्दी और शीतलहर के मद्देनजर कक्षा आठ तक के बच्चों की छुट्टी 14 जनवरी तक कर दी है।
