कानपुर

Kanpur Weather: कानपुर में नए साल पर बढ़ेगा सर्दी का सितम, सीजन की सबसे ठंडी रात

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Dec 30, 2022, 04:07 PM IST

Kanpur Weather: कानपुर में मौसम फिर पलटी मारेगा और तेज बर्फीली हवाएं चलेंगी। तीन और चार जनवरी को कोल्ड वेव अलर्ट जारी किया गया है। नए साल पर भी कड़ाके की सर्दी रह सकती है। गुरुवार को अधिकतम 21.4 और न्यूनतम पारा 05.8 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया।

Image

कानपुर में सीजन की सबसे ठंडी रात (फाइल फोटो)

Photo : ANI

Kanpur Temperature: उत्तर प्रदेश के कानपुर में मौसम पल-पल बदल रहा है। कभी पारा ऊपर तो कभी नीचे गिर रहा है। दिन में तापमान में बढ़ोतरी तो रात में तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। अगले 24 घंटों में मौसम फिर करवट ले सकता है। तेज बर्फीली हवाएं चल सकती हैं। दिन-रात के तापमान में और गिरावट आ सकती है। चार से पांच दिन में न्यूनतम तापमान चार डिग्री पहुंचने के आसार हैं। गुरुवार को अधिकतम तापमान 21.4 और न्यूनतम तापमान 05.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। सीजन की यह सबसे सर्द रात रही। नए वर्ष से सर्दी का सितम एक बार फिर से बढ़ने लगेगा।

मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार के मुकाबले गुरुवार को दिन के तापमान में 01.4 डिग्री और रात के तापमान में 01.2 डिग्री की गिरावट आई। दिन का पारा अभी भी सामान्य से 0.1 डिग्री ज्यादा है, जबकि रात का तापमान सामान्य से 02.4 डिग्री कम है। हवा की धीमी चाल होने के बावजूद दिन-रात सर्द रहे।

31 दिसंबर और एक जनवरी को छाएगा घना कोहरा

सुबह और शाम हल्का कोहरा भी रहा। पश्चिमी विक्षोभ शांत होते ही पहली जनवरी से सर्दी और बढ़ने के आसार हैं। तीन और चार जनवरी को तो रात का तापमान चार डिग्री सेल्सियस या इससे कम भी दर्ज किया जा सकता है। शुक्रवार को दोपहर साढ़े 12 बजे भी न्यूनतम तापमान पांच डिग्री दर्ज किया गया। जबकि अधिकतम तापमान 22 डिग्री रहा। वहीं, साल का आखिरी दिन यानी 31 दिसंबर को भी न्यूनतम तापमान पांच डिग्री रहने के आसार हैं। जबकि अधिकतम तापमान 20 से 22 डिग्री के बीच रह सकता है। एक जनवरी को भी लगभग यही स्थिति रह सकती है। वहीं, 31 दिसंबर और एक जनवरी को भी घना कोहरा छाए रहने के आसार हैं।

अब लगातार बढ़ती जाएगी सर्दी

मौसम वैज्ञानिक डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि अब सर्दी में लगातार बढ़ोतरी होती जाएगी। फिलहाल तीन और चार जनवरी के लिए कोल्ड वेव अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, गुरुवार को कानपुर शहर का एक्यूआई 163 रहा। नेहरू नगर सेंटर पर यह अधिकतम 153 ही पहुंच सका। धूल-धुएं और काफी हद तक कार्बन मोनोऑक्साइड पर भी नियंत्रण देखने को मिला है।
टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article