कानपुर

Kanpur Murder: कानपुर में सनसनीखेज वारदात, महिला की गोली मारकर हत्या, झाड़ियों में ऐसे हाल में मिला शव

  • Reported by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Dec 3, 2022, 03:38 PM IST

Kanpur Murder: उत्तर प्रदेश के कानपुर के बिधनू में झाड़ियों में महिला का गोली लगा शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव की शिनाख्त कराने की कोशिश की, लेकिन कोई सफलता हाथ नहीं लगी। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

Image

झाड़ियों में मिला महिला का शव, मौके पर जांच करती पुलिस

Photo : Twitter
KEY HIGHLIGHTS
  • कानपुर के बिधनू में महिला की हत्या
  • हत्या के बाद शव झाड़ियों में फेंका, लाश की शिनाख्त नहीं
  • सबसे पहले पुजारी ने देखी महिला की लाश

Kanpur Murder: उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले से सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां एक महिला का शव झाड़ियों में पड़ा मिला है। महिला के पेट में गोली के निशान मिले हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। जानकारी के अनुसार, बिधनू इलाके के किसान नगर-जामू रोड स्थित करसी गांव के समीप झाड़ियों में शुक्रवार को एक महिला का लहूलुहान शव मिलने से हड़कंप मच गया। जांच की तो सामने आया कि महिला के पेट में गोली मारकर हत्या की गई थी, इसके अलावा गर्दन को मफलर से कसा हुआ था। हत्या के बाद महिला के शव को झाड़ियों में फेंक दिया गया था। झाड़ियों के पास स्थित मंदिर के पुजारी की नजर झाड़ियों में पड़े महिला के शव पर पड़ी।

पुजारी ने झाड़ियों में महिला का शव पड़ा होने की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही एडीसीपी साउथ अंकिता शर्मा और एसीपी घाटमपुर दिनेश शुक्ला समेत फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने मौके से सबूत जुटाने के बाद महिला की शिनाख्त कराने का प्रयास किया। लेकिन शव की शिनाख्त नहीं हुई। इस पर शव मोर्चरी में रखवा दिया गया।

झाड़ियों में लाश मिलने से मचा हड़कंप

किसान नगर-जामू रोड पर स्थित हनुमान मंदिर के पुजारी शिवमोहन परिहार के अनुसार जब वह शुक्रवार को मंदिर में आरती के लिए जा रहे थे, तो उनकी नजर मंदिर के पास झाड़ियों में पड़ी। यहां एक महिला की लाश पड़ी थी। महिला ने गुलाबी रंग का स्वेटर और पीले रंग की साड़ी पहनी थी। महिला का शव पड़ा होने की सूचना उन्होंने आसपास रहने वाले लोगों और पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच की तो सामने आया कि महिला के पेट में एक गोली मारी गई थी, यह गोली पीठ से पार हो गई। महिला के गले में आधा मफलर बंधा था। आशंका जताई जा रही है कि किसी ने पीछे से गला पकड़ कर पेट से सटा के गोली मारी है।

हत्या कहीं और शव यहां ठिकाने लगाने की आशंका

जांच में सामने आया कि महिला के दाहिने पैर में चप्पल मिली लेकिन बाएं पैर की चप्पल लाश से कुछ दूर पड़ी मिली। यहां एक पुरुष की चप्पल भी पड़ी मिली। आशंका यह भी है लाश को घसीटकर झाड़ियों में लाकर डाला गया है। घटनास्थल के बगल में किसान नगर- जामू रोड है, यह जाकर सागर हाईवे से मिलती है। जब हमीरपुर हाईवे पर जाम लग जाता है तो ट्रक इसी रोड से निकलते हैं। आशंका है घटना को कहीं और अंजाम देने के बाद ट्रक से शव यहां फेंका हो। डीसीपी साउथ प्रमोद कुमार के अनुसार, शव को मोर्चरी में रखवा दिया गया है, महिला की शिनाख्त कराने के प्रयास जारी हैं।
टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article