UPMRC Go Smart Card: उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (यूपीएमआरसी) ने यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए बड़ा फैसला लिया है। टिकट के लिए अब ऑनलाइन व्यवस्था की जा रही है। यात्रियों को गो स्मार्ट कार्ड की बड़ी सुविधा मिलने जा रही है। एटीएम की तरह दिखने वाला यह कार्ड कई मेट्रो शहर में कार्य करेगा। कानपुर में गो-स्मार्ट कार्ड का ट्रायल शुरू हो गया है। सब कुछ ठीक रहा तो जल्द ही इसे लॉन्च किया जाएगा। इसके लॉन्च होने से न सिर्फ मेट्रो टिकट लेने के लिए काउंटर पर लाइन लगाने से राहत मिलेगी, बल्कि टिकट शुल्क में भी 10 फीसदी की छूट मिलेगी। यह कार्ड कानपुर, लखनऊ के साथ ही आगरा मेट्रो ट्रेनों में इस्तेमाल किया जा सकेगा।
उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन ने यात्रियों की सुविधाओं के लिए एसबीआई और ऑटोमेटिक टिकट कलेक्शन गेट कर्मियों के जरिए गो-स्मार्ट कार्ड तैयार कराया है। यह एटीएम कार्ड के जैसा ही है। शुरुआती औपचारिकताएं और एनओसी लेने के बाद मोतीझील, गुरुदेव समेत सभी मेट्रो स्टेशनों में ट्रायल शुरू कर दिया गया है।
