कानपुर

Kanpur News: एकतरफा प्‍यार की शिकार बनी युवती, प्रेमी ने चाकू-कुल्हाड़ी से की हत्या; जहर खाकर दी जान

कानपुर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एकतरफा प्रेम में एक 26 साल के युवक ने 21 साल की युवती की हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार घटना को अंजाम देने के बाद युवक ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली।

Image

कानपुर में युवती की हत्या कर युवक ने की आत्महत्या

Photo : Times Now Digital

Kanpur News: कानपुर जिले के बिल्हौर थाना इलाके के एक गांव में एकतरफा प्रेम में एक युवक ने रविवार सुबह एक युवती की कथित रूप से चाकू मारकर हत्या कर दी और घटना के बाद जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस के अनुसार, युवती की पहचान शन्नो कश्यप (21) के रूप में हुई है जबकि युवक की शिनाख्त सुरेश उर्फ करन (26) के तौर पर हुई है जो गदनपुर आहार, बिल्हौर का निवासी था।

चाकू और कुल्हाड़ी से युवक ने किए कई हमले

पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) विजय ढुल ने बताया कि शन्नो अपने जीजा सनोज कश्यप और भतीजे राज के साथ बाइक पर जा रही थी और राणा गांव में फ्लाईओवर के पास पहुंची ही थी कि सुरेश ने उन्हें रोक लिया। उन्होंने बताया कि इससे पहले कि वे कुछ समझ पाते, सुरेश ने शन्नो के सिर, गर्दन और हाथों पर चाकू और कुल्हाड़ी से लगातार हमले किए जिससे उसकी मौत हो गयी।

पुलिस उपायुक्त ढुल ने बताया कि दिनदहाड़े हत्या की जानकारी मिलने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और कथित हत्यारे की बड़े पैमाने पर तलाश शुरू की तथा कई घंटों की खोजबीन के बाद पुलिस को घटनास्थल से करीब 10 किलोमीटर दूर गगनपुर आहर में एक सुनसान जगह पर सुरेश गंभीर हालत में मिला और उसके मुंह से झाग निकल रहा था। उन्होंने बताया कि पुलिस को पता चला कि उसने जहर खाया है।

युवक करता था युवती से एकतरफा प्यार

पुलिस उपायुक्त ने कहा कि सुरेश को तुरंत लाला लाजपत राय (एलएलआर) अस्पताल ले जाया गया जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

बिल्हौर के थाना प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) सुरेंद्र सिंह ने बताया कि उन्होंने निर्मम हत्या और कथित आत्महत्या के सटीक कारण का पता लगाने के लिए मामले की जांच शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि सुरेश शन्नो से एकतरफा प्‍यार करता था और युवती ने उसे अस्वीकार कर दिया था।

Shashank Shekhar Mishra
Shashank Shekhar Mishraauthor

शशांक शेखर मिश्रा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल (www.timesnowhindi.com) में बतौर कॉपी एडिटर काम कर रहे हैं। इन्हें पत्रकारिता में करीब 5 वर्षों का अनुभव है। इन पांच सालों में देश की राजनीति से लेकर देश-दुनिया में बनते-बिगड़ते सत्ता समीकरणों एवं घटनाओं को कवर करने का अनुभव है। राजनीति, रक्षा और आटोमोबाइल्स की खबरों में विशेष रूचि के साथ खोजी पत्रकारिता और स्टिंग ऑपरेशन का भी अनुभव है। टाइम्स नाउ नवभारत में देश-दुनिया की खबरों के साथ रियल टाइम डेस्क पर कार्य करने का अनुभव है। शशांक ने इन 5 वर्षों के पत्रकारिता के कैरियर के दौरान टेलीविजन और डिजिटल मीडिया में कार्य करने का अनुभव हासिल किया है। टाइम्स नाउ नवभारत में बतौर कॉपी एडिटर जुड़ने से पहले जागरण न्यू मीडिया, इनशार्ट्स, जी हिंदुस्तान और न्यूज हेल्पलाइन में सब एडिटर, रिपोर्टर और असिस्टेंट प्रोड्यूसर के तौर पर काम कर चुके हैं। पढ़ाई-लिखाई की बात करें तो लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया है। इसके बाद एशियन एकेडमी ऑफ फिल्म एंड टेलीविजन से पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन एंड टीवी जर्नलिज्म किया हैं। शशांक को जिम जाना, एडवेंचर एक्टिविटी करना और नई तकनीक को जानना और समझना बेहद पसंद है। इसके अलावा शशांक को ड्राइव करना और अध्यात्म में भी काफी रुचि हैं। शशांक शेखर मिश्रा उत्तर प्रदेश की राजधानी और नवाबों के शहर के रूप में फेमस लखनऊ से ताल्लुक रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article