Kanpur: कानपुर के लोगों के लिए ये एक अहम खबर है, शहर में प्रदेश का नदी पर सबसे लंबा पुल बनने जा रहा है। दरअसल रिंग रोड पर बिठूर से उन्नाव जनपद की कनेक्टिविटी के लिए यह ब्रिज बनेगा। बता दें कि, ब्रिज की कुल लंबाई 3.4 किमी होगी। गौरतलब है कि, इस ब्रिज समेत मंधना से उन्नाव जनपद में आटा तक रिंग रोड निर्माण के लिए शीघ्र ही निविदाएं जारी होने वाली है।
एनएचएआई कानपुर नगर, ग्रामीण और उन्नाव जनपद को आपस में जोड़ते हुए करीब 93 किमी लंबाई की रिंग का निर्माण करेगा। चार हिस्सों में बनने वाले रिंग रोड के तीन भागों के लिए निविदाएं जारी हो चुकी है। अगर सब तय समय पर हुआ तो जल्द ही निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।
पैकेज-2 के तहत गंगा पर बनेगा ब्रिज
एनएचएआई के प्रोजेक्ट डायरेक्टर प्रशांत दुबे के मुताबिक ब्रिज को लेकर पैकेज - 2 के लिए जल्द ही निविदाएं जारी होने वाली है। जिसमें मंधना से उन्नाव जनपद में आटा तक रिंग रोड के भाग का निर्माण होना है। इस पैकेज के तहत नगर में बिठूर से उन्नाव जिले को जोड़ने के लिए गंगा नदी और उसके आसपास के डूब इलाके में लोगों को होने वाली परेशानी को ध्यान में रखते हुए प्रदेश का सबसे लंबा पुल बनाया जाएगा। हालांकि अब तक यूपी में सड़क मार्ग में नदी पर बना चहलारी घाट ब्रिज सबसे लंबा है। यह बहराइच को सीतापुर से जोड़ता है और इसकी कुल लंबाई 3.260 किमी है।
गंगा के डूब वाले इलाके को मिलेगा फायदा
एनएचएआई के प्रोजेक्ट डायरेक्टर प्रशांत दुबे के मुताबिक कानपुर जनपद के आसपास में गंगा नदी के डूब वाले इलाके को पुल बनने के बाद फायदा मिलेगा। बरसात के मौसम में नदी उफान पर होती है। इससे आसपास का इलाका डूब जाता है। लोगों को आवागमन में परेशानी होती है। यही वजह है कि, सरकार ने इस इलाके में सबसे बड़े पुल के निर्माण के इस प्रोजेक्ट को मंजूरी दी है। पुल बनने के बाद इलाके के दर्जनों गांवों के हजारों ग्रामीणों को इसका सीधा फायदा मिलने लगेगा। वहीं कानपुर देहात, उन्नाव व बिठूर आदि शहर आपस में जुड़ जाएंगे।
