Boating In Motijheel: यूपी के कानपुर में मोती झील के कारगिल पार्क में बोटिंग करने वाले लोगों के लिए अच्छी खबर है। अब बोटिंग बहुत सस्ती हो गई है। कानपुर नगर निगम कार्यकारिणी की बैठक में शिकारा बोट का शुल्क 15 रुपये करने का निर्णय लिया गया, जबकि पैडल बोट के लिए सिर्फ 10 रुपये ही चुकाने होंगे। स्टीमर के शुल्क पर सोमवार को चर्चा में फैसला लिया जाएगा। इसके अलावा, पुरानी पद्धति से ही हाउस टैक्स के बिल का भुगतान होगा। नगर निगम मुख्यालय के समिति कक्ष में महापौर प्रमिला पांडेय की अध्यक्षता में निगम कार्यकारिणी की बैठक संपन्न हुई।
नगर आयुक्त शिव शरणप्पा की मौजूदगी में कई अहम फैसले लिए गए। यह कहा गया कि स्मार्ट सिटी की ओर से बिना कार्यकारिणी और सदन से शुल्क पास कराए ही अवैध रूप से शुल्क की वसूली हो रही है। शहर के लोगों को ज्यादा शुल्क चुकाना पड़ रहा है, इसलिए इसे कम किया जाए।
