Indian Railways: उत्तर प्रदेश में ठंड के साथ ही कोहरे की भी मार पड़ रही है। कोहरे ने वाहनों की रफ्तार पर ब्रेक लगा रखा है। उधर रेल परिचालन भी कोहरे से प्रभावित हो रहा है। इसके अलावा हवाई उड़ान भी कोहरे ने रोक दीं हैं। कोहरे की वजह से मंगलवार को भी रेलवे ने 285 से ज्यादा ट्रेनों को रद्द कर दिया। इसके अलावा, कई ट्रेनों को बदले रूट से भी चलाया गया। ऐसे में यात्रियों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ा। कई जगह यात्रियों का गुस्सा भी फूट पड़ा। उन्होंने स्टेशन पर प्रदर्शन कर गुस्सा जाहिर किया। वहीं, कोहरे के कारण वीआईपी ट्रेनों में से एक रिवर्स शताब्दी के फेरों में कटौती की गई है।
जानकारी के अनुसार, कानपुर-नई दिल्ली के बीच रोजाना चलने वाली (रविवार को छोड़कर) रिवर्स शताब्दी एक्सप्रेस ट्रेन को एक दिन छोड़कर चलाने का निर्णय लिया गया है। यह ट्रेन 28 फरवरी तक सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को संचालित की जाएगी। इसके अलावा, मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को संचालन नहीं होगा।
