Kanpur News: उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले में दहेज का एक बेहद क्रूर और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। ससुराल वालों ने दहेज की मांग पूरी न होने पर एक नवविवाहिता के साथ हैवानियत की सारी हदें पार कर दी। उन्होंने उसे एक कमरे में बंद किया और उसमें जहरीला सांप छोड़ दिया। कोबरा सांप ने महिला को डस लिया, जिससे उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। हैरान कर देने वाली बात ये है कि महिला की चीख-पुकार के बीच ससुराल के लोग उसकी मदद करने की बजाए कमरे के बाहर खड़े होकर हंस रहे थे। घटना की सूचना पर पहुंची पीड़िता की बहन ने उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दहेज के लिए जानलेवा साजिश
यह पूरा मामला कानपुर के कर्नलगंज इलाके का है। जानकारी के अनुसार, पीड़िता रेशम का निकाह 19 मार्च 2021 को शहनवाज से हुआ था। शादी के कुछ ही महीनों बाद ही ससुराल वालों ने दहेज की मांग शुरू कर दी थी। शुरुआती समय में पहले डेढ़ लाख रुपये की मांग की, जिसे रेशम के परिवार ने किसी तरह पूरा किया। लेकिन इसके बाद यह मांग और बढ़ी और इस बार रेशमा के ससुराल ने 5 लाख रुपये की मांग की। जब रेशम का परिवार यह राशि नहीं दे पाया, तो ससुराल वालों ने उसे एक पुराने कमरे में बंद कर दिया और देर रात उस पर सांप छोड़ दिया। महिला की चीख-पुकार के बावजूद, उन्होंने कोई मदद नहीं की।
जांच में जुटी पुलिस
सांप के डसने के बाद, रेशम ने किसी तरह अपने मोबाइल से मायके वालों को सूचना दी। उसकी बहन तुरंत मौके पर पहुंची और उसे अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों के अनुसार, पीड़िता की हालत गंभीर बनी हुई है। इस मामले में संयुक्त पुलिस आयुक्त आशुतोष कुमार ने कहा कि पुलिस के संज्ञान में आया ये मामला अपनी तरह का पहला ऐसा मामला है, जहां किसी को परेशान करने के लिए जानबूझकर सांप से डसवाया गया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए FIR दर्ज कर ली है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
