Kanpur E Bus: उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले में इलेक्ट्रिक बसों से यात्रा करने वालों के लिए अच्छी खबर है। ई-बस प्रबंधन फरवरी से स्मार्ट कार्ड की सुविधा देने जा रहा है। इसके तहत यात्रियों को स्मार्ट प्रीपेड कार्ड जारी किए जाएंगे। एक बार कूपन लेकर यात्री अपना कार्ड रीचार्ज कर सकेंगे। इसके बाद यात्री बस में सफर के दौरान कैशलेस टिकट का भुगतान कर सकेंगे। ई-बस के कंडक्टर पर कार्ड को टच कराकर गेटवे से किराया वसूलने वाली मशीन होगी। इस सुविधा के शुरू होने पर यात्रियों के पास छुट्टे रुपयों का झंझट खत्म हो जाएगा।
भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) के साथ ईलेक्ट्रिक बस सेवा प्रबंधन ने करार कर लिया है। इस कार्ड को इस तरह से तैयार कराया जा रहा है कि न सिर्फ इलेक्ट्रिक बसों का टिकट बल्कि मेट्रो का टिकट भी खरीदा जा सके। यात्रियों के पास अक्सर किराया भुगतान करने के लिए छुट्टे पैसे नहीं होते हैं।
