Kanpur Route Diversion: प्रयागराज से इटावा जाने वाले राजमार्ग का कानपुर में रामादेवी चौराहा स्थित 300 मीटर एलिवेटेड हिस्सा एक महीना बंद रहेगा। रेलवे ने एक माह के लिए एलिवेटेड पुल के नीचे कार्य करने के लिए ब्लॉक मांगा है। वहीं, रूमा से चंदारी तक तीसरी रेलवे लाइन के काम की वजह से रामादेवी के पास फ्लाईओवर पर प्रयागराज और लखनऊ हाईवे के वाहनों का डायवर्जन कल यानि सोमवार से होगा। फ्लाईओवर पर रेलवे के पुराने पुल के नीचे वायडक्ट बॉक्स बनाने की वजह से इसे बंद करना होगा। यह वह स्थान है जहां लखनऊ से भौंती और प्रयागराज से भौंती जाने वाले हाईवे का मिलान बिंदु है। ऐसे में लखनऊ और प्रयागराज दोनों हाईवे प्रभावित रहेंगे।
उधर, ट्रैफिक बंद न हो, इसके लिए रेलवे ने करीब 300 मीटर की सर्विस लेन से वाहनों को गुजारने की अनुमति एनएचएआई मुख्यालय से ली है। दोनों हाईवे के मिलान बिंदु से ट्रैफिक को सर्विस लेन की ओर डायवर्ट करने के लिए हाईवे पर बनी दीवार को हटाया जाएगा। सर्विस लेन पर ट्रैफिक को डायवर्ट करने के लिए हाईवे के कट को और चौड़ा किया गया है।
