कानपुर : शहर के कोचिंग हब क्षेत्र काकादेव में रहकर आईआईटी की तैयारी कर रहे एक छात्र ने वीडियो जारी कर पुलिस से मदद की गुहार लगाई है। छात्र का आरोप है कि इलाके का हिस्ट्रीशीटर उससे रंगदारी मांग रहा है और पैसे न देने पर जान से मारने की धमकी दे रहा है। यही नहीं देर रात गाड़ियों में सवार होकर आरोपी अपार्टमेंट के बाहर तमंचा लहराते हैं। छात्र डर के साए में जी रहा है और पढ़ाई पर भी असर पड़ रहा है।
रंगदारी की मांग कर रहा था दबंग
काकादेव स्थित वंशी वसुंधरा अपार्टमेंट का मामला है। जहां फतेहपुर के खागा निवासी गुलाब सिंह का बेटा वीरेंद्र प्रताप सिंह उर्फ आर्यन यहां किराए पर रहकर आईआईटी की तैयारी कर रहा है। वीडियो जारी कर छात्र ने बताया कि हिस्ट्रीशीटर लगातार उससे रंगदारी की मांग कर रहा है। पैसे न देने पर जान से मारने की धमकी दी जा रही है। वहीं, वायरल वीडियो में छात्र ने बताया कि वह बहुत डरा हुआ है। देर रात गाड़ियां आकर अपार्टमेंट के बाहर आती हैं और तमंचे लहराये जाते हैं। लिहाजा, उसे जान का खतरा है, लेकिन पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही है।
छात्र का आरोप है कि दबंग देर रात 6-7 गाड़ियों में सवार होकर अपार्टमेंट के बाहर पहुंचते हैं और प्रदर्शन करते हैं। इससे वह डरा-सहमा है और पढ़ाई पर ध्यान नहीं लगा पा रहा है। मानसिक रूप से टूट चुका है और आत्महत्या जैसे विचार आ रहे हैं। छात्र का आरोप है कि उसने थाने से लेकर अधिकारियों तक शिकायत की मगर सुनवाई नही हुई। छात्र ने अपने साथ किसी भी अनहोनी की आशंका जताई है और साफ कहा है कि अगर उसे कुछ हुआ तो इसके जिम्मेदार आरोपी होंगे। वहीं, वायरल वीडियो के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
छात्र का आरोप है कि आरोपी पहले भी आपराधिक मामलों में जेल जा चुका है। अब देखना होगा कि पुलिस कब तक आरोपी को पकड़कर छात्र को सुरक्षा दिलाती है।
