शहर

Kanpur Accident: तंबाकू कारोबारी के बेटे की लेम्बोर्गिनी ने 3 लोगों को कुचला

कानपुर में तंबाकू कारोबारी के बेटे ने नशे की हालत में अपनी लेम्बोर्गिनी कार से बुलेट सवार को टक्कर मार दी, जिसमें 3 लोग घायल हो गए। हादसे के बाद आरोपी ने भागने की कोशिश की, लेकिन उसकी कार डिवाइडर से टकरा गई। घटना के बाद गुस्साई भीड़ ने युवक को पकड़ लिया, लेकिन पुलिस ने आकर हालात संभाले।

Image

तंबाकू कारोबारी का बेटा शिवम मिश्रा और उसकी कार (फाइल फोटो)

Kanpur Lamborghini Accident: कानपुर में रविवार को तंबाकू कारोबारी के बेटे ने लेम्बोर्गिनी कार से सड़क पर तांडव मचा दिया। तेज रफ्तार कार ने एक ऑटो रिक्शा और बुलेट बाइक जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में 3 लोग घायल हो गए। यह टक्कर इतनी जोरदार थी कि बुलेट सवार हवा में उछलकर 10 फीट दूर जाकर गिरा। इस हादसे के बाद कार डिवाइडर से टकरा गई। इस घटना से गुस्साए लोगों न कार को घेर लिया और गाड़ी तोड़कर आरोपी को बाहर निकाला।

कानपुर के पॉश इलाके में हुआ हादसा

यह सनसनीखेज घटना कानपुर के पॉश इलाके ग्वालटोली थाना क्षेत्र में रेव थ्री के पास हुई। लेम्बोर्गिनी सवार शख्स की पहचान शिवम मिश्रा के रूप में हुई है, वह शहर के बड़े तंबाकू कारोबारी केके मिश्रा का बेटा है। जिसका कारोबार कानपुर ही नहीं बल्कि दिल्ली में भी फैला हुआ है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि शिवम शराब के नशे में था और बहुत तेज रफ्तार में कार चला रहा था।

बाउंसरों ने लोगों के साथ की अभद्रता

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बुलेट को टक्कर मारने के बाद शिवम ने मौके से भागने की कोशिश की। इस दौरान उसकी कार बेकाबू होकर सीधे डिवाइडर से जा भिड़ी। इस हादसे से सड़क पर अफरा-तफरी मच गई। लेम्बोर्गिनी के पीछे शिवम के बाउंसर दूसरी कार में चल रहे थे। जब आक्रोशित लोगों ने कार के शीशे तोड़कर शिवम को बाहर निकाले की कोशिश की, तो बाउंसरों ने लोगों के साथ अभद्रता शुरू कर दी, जिससे माहौल और तनावपूर्ण हो गया। लेकिन गुस्साई भीड़ के सामने उनकी एक न चली। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया। पुलिस कार को अपने कब्जे में लेकर थाने ले आई। वहीं घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

2024 में पड़ा आयकर का छापा

बंशीधर श्रीराम फर्म के नाम से तंबाकू कारोबारी केके मिश्रा और उनका परिवार इससे पहले भी चर्चा में आ चुके हैं। दो साल पहले इनपर आयकर की बड़ी कार्यवाही हुई थी। 2024 में आयकर विभाग ने कानपुर, गुजरात और दिल्ली के ठिकानों पर 5 दिन तक छापेमारी की थी। जिसमें करोड़ों रुपए का खुलासा किया गया था। कार्यवाही के दौरान 80 करोड़ की अघोषित संपत्ति, 70 करोड़ से ज्यादा की लग्जरी कारें, 12.5 करोड़ की पांच महंगी घड़ियां, साढ़े चार करोड़ नकद और 3 करोड़ के आभूषण जब्त किए गए थे। इनके पास 16 करोड़ की रोल्स रॉयस फैंटम, मैक्लारेन, फरारी और लैंबोर्गिनी कंपनी की कई गाड़ियां है जो दिल्ली के नंबर पर रजिस्टर्ड है। कानपुर हादसे की बात करे तो यह मामला हाईप्रोफाइल है, जिस कारण पुलिस इस बारे में मीडिया को खुलकर नहीं बता रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article