कल का मौसम कैसा रहेगा 13 नवंबर 2025 : सर्दी सितम ढाने का तैयार है। खासकर, उत्तरी राज्यों में दिन में हल्की हवाएं और रात को बर्फीली हवाओं के बहने से मौसम गहरा रहा है। अगले 3 से 4 दिन में कोहरे और सर्दी के ग्राफ में इजाफा हो सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक, 16 नवंबर को जम्मू-कश्मीर में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के असर से हल्की बूंदाबांदी होगी, जिसका असर हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड पर भी पड़ेगा। फिलहाल, तीनों ही पहाड़ी राज्यों में शीतलहर का प्रकोप जारी है। आईएमडी ने अगले 48 घंटों के दौरान हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और बिहार में कोहरा छाए रहने और कड़ाके की सर्दी के आसार जताए हैं। इस दौरान 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं बहेंगी, जो सर्दी को बूस्ट देंगी। उधर, दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक चक्रवाती सर्कुलेशन बना हुआ है, जिसके प्रभाव से अगले 24 घंटे के दौरान तमिलनाडु, केरल, लक्ष्यद्वीप, अंडमान निकोबार द्वीप समूह में बादलों की गरज चमक, वज्रपात होने और आंधी के साथ बारिश का अलर्ट है। स्काईमेट के मुताबिक, झारखंड, विदर्भ, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में कोहरे के साथ भीषण शीतलहर (Severe Cold Wave) चलने का अनुमान है।
| शहर का नाम | न्यूनतम तापमान | अधिकतम तापमान |
| दिल्ली | 11°C | 27°C |
| मुंबई | 24°C | 31°C |
| चंडीगढ़ | 11°C | 26°C |
| जयपुर | 15°C | 28°C |
| भोपाल | 12°C | 26°C |
| लखनऊ | 12°C | 27°C |
| पटना | 15°C | 27°C |
| कोलकाता | 19°C | 28°C |
| देहरादून | 9°C | 23°C |
| शिमला | 4°C | 20°C |
| कश्मीर | 1°C | 14°C |
यूपी-बिहार में सर्दी का मौसम
उत्तर प्रदेश में दिन में धूप की वजह से मौसम काफी सुहावना और रात में काफी सर्दी महसूस हो रही है। मौसम विभाग के मुताबिक, कानपुर और इटावा में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। हालांकि, पूरे सप्ताह मौसम साफ रहेगा, लेकिन अब कोहरा और सर्दी में काफी इजाफा होगा। उधर, बिहार में ठंड ने दस्तक दे दी है। आईएमडी के मुताबिक, अगले 3 से 4 दिन में तापमान में और कमी आएगी, जिससे न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंचेगा। हालांकि, दिन में धूप निकलने से मौसम खुशनुमा है। अब सुबह और रात के वक्त कोहरा छाए नजर आएगा।
दिल्ली में सर्दी का मौसम
दिल्ली-एनसीआर में तापमान 10 से 10 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया है, जिससे रातें सर्द और दिन खुशनुमा हो चले हैं। आईएमडी के मुताबिक, बुधवार को न्यूनतम तापमान 10.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सीजन के सामान्य तापमान से 3.1 डिग्री कम है। अगले 2 दिन तक अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने सुबह के वक्त कोहरा छाए रहने का अनुमान जताया है, जिससे परिवहन और हवाई सेवाओं पर असर पड़ने के आसार हैं।
दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण वायु क्वालिटी
दिल्ली-एनसीआर सर्दी के साथ धुएं और धुंध की चपेट में है। लगातार खराब होती वायु गुणवत्ता के कारण सांसों पर संकट मंडरा रहा है। दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद में एक्यूआई खतरनाक से गंभीर श्रेणी की ओर शिफ्ट हो रहा है। लिहाजा दिल्ली में ग्रैप-3 सिस्टम लागू कर दिया गया है। सीपीसीबी के मुताबिक, वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 414 दर्ज किया गया।
जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड का मौसम
पहाड़ों पर मौसम काफी गुलाबी है, लेकिन 16 नवंबर को पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से हल्की बारिश और बर्फबारी से मौसम का मिजाज बदलेगा। हालांकि, उसके आगे मौसम शुष्क रहेगा। इधर, उत्तराखंड के नैनीताल, अल्मोड़ा, देहरादून, हरिद्वार और पिथौरागढ़ में शीतलहर चलने से सर्दी के तेवर अलग हैं। इन सभी जिलों में न्यूनतम तापमान 7 से 9 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम 22 से 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। वहीं, हिमाचल प्रदेश में तेजी के साथ पारा लुढ़का है। ताबो, केलांग और कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान -4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। वहीं, मंडी, कांगड़ा, शिमला, सोलन, बिलासपुर, धर्मशाला, ऊना और मनाली में भी भारी गिरावट के साथ तापमान 2 से 7 डिग्री सेल्सियस तक बना हुआ है। मौसम विभाग ने सप्ताह के अंत तक शीतलहर और घना कोहरा छाए रहने का अनुमान जताया है।
राजस्थान-एमपी का मौसम
राजस्थान में सर्दी के तेवर बढ़ते जा रहे हैं। राज्ये के अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे पहुंच गया है। जयपुर मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार राज्य के कई हिस्सों में शीतलहर चलने के आसार हैं। बुधवार को अधिकांश भागों में न्यूनतम तापमान 8.3 से 14.5 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया है। सीकर में 8.3 डिग्री सेल्सियस सबसे कम रहा। मौलम विभाग के मुताबिक, अगले चार दिन यानी 12 से 15 नवंबर तक शीतलहर के चलने और कोहरे की मौजूदगी से मौसम और गहरा सकता है। खासकर, सुबह के वक्त गलन परेशान करेगी। उधर, पड़ोसी राज्य मध्य प्रदेश में सर्दी ने रफ्तार पकड़ ली है। राज्य के 11 शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया जा रहा है। लिहाजा लोगों को सिहरन महसूस हो रही है।
कल बारिश कहां होगी?
दक्षिण भारत में नए वेदर सिस्टम के कारण कई राज्यों में मौसमी गतिविधियां जारी हैं। खासकर, तमिलनाडु के चार जिलों में भारी बारिश हो सकती है। आईएमडी ने तिरुनेलवेली, रामनाथपुरम, थूथुकुडी और कन्याकुमारी जिलों में बिजली की गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ तेज बारिश की संभावना जताई है। चेन्नई में आसमान आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने बताया कि इस दौरान न्यूनतम तापमान 26 डिग्री और अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
ताजा मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में मौसम की स्थिति बदल सकती है। आईएमडी के मुताबिक, पूर्वी हवाओं की वजह से सप्ताह के बीच तक दक्षिणी भारत में कभी-कभी हल्की बारिश हो सकती है। फिलहाल, तमिलनाडु, केरल, अंडमान और लक्ष्यद्वीप में पूर्वोत्तर मानसून सक्रिय होने के कारण अगले कुछ दिन आंधी और बारिश का सिलसिला देखने को मिलता रहेगा।
FAQs
दिल्ली में वायु क्वालिटी प्रदूषण कितनी है?
दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण खतरनाक श्रेणी का पार कर गया है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CBCP) के आंकड़ों के मुबाकि, शहर की वायु क्वालिटी 415 के आसपास है। सीपीसीबी के अनुसार, शून्य से 50 तक एक्यूआई अच्छा, 51 से 100 तक संतोषजनक, 101 से 200 तक मध्यम, 201 से 300 तक खराब, 301 से 400 तक बहुत खराब और 401 से 500 तक गंभीर माना जाता है।
