Kal Ka Mausamm (कल का मौसम कैसा रहेगा) : उत्तर भारत में बह रही बर्फीली हवाओं के झोंके से सर्दी चरम स्तर की ओर बढ़ रही है। दिन में शीतलहर के चलने से धूप बेअसर साबित हो रही है। मौसम विभाग का अनुमान है कि हवा में बदलाव के कारण अगले 24 घंटे के दौरान में न्यूनतम पारे में गिरावट की संभावना है। पहाड़ों से गुजर रहे वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के कारण बर्फबारी और हल्की बारिश के आसार बने हुए हैं। 6 और 7 दिसंबर को शीतलहर की रफ्तार बढ़ने से हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और बिहार में न्यूनतम तापमान गिरेगा और कोहरे में इजाफा होगा। खासकर, सुबह पाला गिरने से कड़ाके की सर्दी का एहसास होगा। उधर, दक्षिण भारत में दितवाह चक्रवात कमजोर हो गया है, लेकिन बादलों का बरसना जारी है। स्काईमेट के मुताबिक, रविवार तक केरल, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, अंडमान निकोबार द्वीप समूह और तमिलनाडु में तेज हवाएं चलेंगी और तटीय इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की जाएगी। पूर्वोत्तर के राज्यों में अब घने कोहरे का अनुमान जताया जा रहा है।
पंजाब का मौसम कल
हिमालयी राज्यों में बदलते मौसम का सीधा असर हरियाणा और पंजाब पर पड़ता दिखाई दे रहा है। दोनों ही राज्यों में शीतलहर की रफ्तार काफी है, जिससे दिन में भी कड़ाके की सर्दी का एहसास हो रहा है। आईएमडी के आंकड़ों के मुताबिक, कई स्थानों पर न्यूनतम तापमान सामान्य से करीब 4 डिग्री सेल्सियस कम है। फिलहाल, पंजाब के फरीदकोट में सबसे कम तापमान दर्ज है। मौसम विभाग के मुताबिक, पठानकोट में 5.2, बठिंडा में 4.2, गुरदासपुर में 5 डिग्री, अमृतसर में 5.6 डिग्री, लुधियाना में 7 डिग्री, पटियाला में 9 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान बना हुआ है। सोमवार से अन्य इलाकों का तापमान गिरने और कोहरा बढ़ने की संभावना जताई गई है।
हरियाणा में शीतलहर का मौसम
इधर, हरियाणा में भी शीतलहर बढ़ती जा रही है। यहां सुबह कोहरा छाया नजर आ रहा है। आईएमडी के मुताबिक, न्यूनतम तापमान सामान्य से करीब 4 डिग्री सेल्सियस तक कम हुआ है। नारनौल में सबसे कम 3.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। उधर, हिसार में 4.7 डिग्री, सिरसा में 6.4, भिवानी में 6, करनाल में 7.5 और अंबाला में 9.8 डिग्री सेल्सियस तापमान बना हुआ है।
राजस्थान में कल मौसम का हाल
राजस्थान में सर्दी का असर बढ़ता जा रहा है। राजस्थान मौसम विभाग ने शेखावटी समेत अन्य इलाकों में तेज हवाओं के चलने और घने कोहरे की संभावना जताते हुए कड़ाके की सर्दी का अलर्ट जारी किया है। फिलहाल, राज्य में शीतलहर के चलने से न्यूनतम तापमान बेहद कम दर्ज किया जा रही है। शेखावटी में 2.3 डिग्री, फतेहपुर सीकरी में 2.3 डिग्री, सीकर 3 डिग्री, नागौर 3.3 डिग्री, चुरू 4.5, अलवर 5 और पाली में 5.6 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान बना हुआ है। शेष जिलों में भी तापमान 8 से 9 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जा रहा है। आईएमडी का अनुमान है कि अगले सप्ताह तक मौसम साफ रहेगा और दिन में कोल्ड वेव की स्थिति रहेगी।
दिल्ली-एनसीआर में कल का मौसम
दिल्ली-एनसीआर में सर्दी ने कहर बरपाना शुरू कर दिया है। दिन में 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से शीतलहर चल चलने से सिहरन वाली सर्दी महसूस हो रही है। दिन में न्यूनतम तापमान बेहद कम होने से हालात बिगड़ते जा रहे हैं। आलम ये है कि दिन में भी सर्दी का एहसास हो रहा है और धूप भी बेअसर नजर आने लगी है। मौसम विभाग का अनुमान है कि शनिवार और रविवार को न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रह सकता है। सर्दी का सितम बढ़ने के साथ कोहरा और धुधं का स्तर बढ़ता जा रहा है। सीपीसीबी के आंकड़ों के मुताबिक, एक्यूआई 360 यानी बेहद खराब श्रेणी में बनी हुई है। आने वाले दिनों में भी प्रदूषण से राहत की उम्मीद नहीं है।
यूपी में आज का मौसम सर्दी
उत्तर प्रदेश में सुबह और शाम ढलते ही कोहरे की चादर छाई नजर आने लगी है, जिससे विजिबिलिटी प्रभावित हो रही है। हालांकि, दिन में शीतलहर की एंट्री होने से सर्दी का गलन वाली सर्दी का एहसास हो रहा है, लेकिन धूप निकलने से मौसम थोड़ा कंट्रोल में है। आईएमडी के मुताबिक, राज्य में कानपुर सबसे ठंडा शहर बना हुआ है, जहां न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। अन्य हिस्सों में तापमान गिरकर 8 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ और अधिकतम तापमान 22 से 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास है। उधर, बिहार भी सर्दी की मार झेल रहा है। लगातार गिरते तापमान के कारण लोगों को गलन वाली सर्दी परेशान करने लगी है और सुबह-शाम कोहरे की लेयर छा रही है। अगले सप्ताह से सर्दी और रफ्तार पकड़ सकती है।
| शहर का नाम | न्यूनतम तापमान | अधिकतम तापमान |
| दिल्ली | 6 °C | 23°C |
| मुंबई | 22°C | 31°C |
| जयपुर | 10°C | 23°C |
| भोपाल | 11°C | 24°C |
| लखनऊ | 10°C | 23°C |
| चंडीगढ़ | 8°C | 22°C |
| पटना | 11°C | 23°C |
| कोलकाता | 14°C | 25°C |
| देहरादून | 8°C | 18°C |
| शिमला | 6°C | 17°C |
| कश्मीर | 2°C | 11°C |
कश्मीर में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय
कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों से पश्चिमी विक्षोभ के गुजरने से मौसम परिवर्तित हो गया है। खासकर, ऊंचाई वाले स्थानों लेह इत्यादि में हल्की बारिश के साथ बर्फबारी की संभावना बनी हुई है। मौसम विभाग का कहना है कि 6 और 7 दिसंबर को आसमान पर बादल छाए रहेंगे और मौसम खराब रह सकता है। 8 दिसंबर को मध्य कश्मीर के पहाड़ी हिस्सों में हल्की बर्फबारी होने का अनुमान है। अगर, सर्दी की बात करें तो कई इलाकों में न्यूनतम तापमान माइनस जमाव बिंदु पर पहुंच गया है और घाटी में कोहरे की मोटी परत छाई नजर आ रही है। श्रीनगर में माइनस से 4.1 डिग्री, शोपियां में माइनस 6.4 डिग्री, काजीकुंड में माइनस 1, कुपवाड़ा में 0, कोकरनाग में 0 डिग्री, पहलगाम में 0 से 4.4, गुलमर्ग में 0 से 2.6 डिग्री, पुलवामा में 0 से 5.2 और कोनीबल में 0 से 5.2 डिग्री सेल्सियस तापमान बना हुआ है। इस नए मौसमी तंत्र से अगले दिनों में मौसम काफी सर्द होगा और दिन में बर्फीली हवाएं ठिठुरन पैदा करेंगी।
उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश का मौसम
उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में आंशिक तौर पर पश्चिमी विक्षोभ का असर दिखाई देगा। खासकर, हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले स्थानों पर हल्की बर्फबारी हो सकती है। हालांकि, बारिश को लेकर बड़ा अलर्ट नहीं है, लेकिन बादलों की आवाजाही हो सकती है। उत्तराखंड में सूरज की मौजूदगी में दिन में मौसम सुहावना है, लेकिन शाम होते ही गलन वाली सर्दी का कहर शुरू होता है। दिन में शीतलहर और पहाड़ों की ओर से आ रही बर्फीली हवा ने सिहरन पैदा कर रखा है। खासकर, पहाड़ों में कोहरा होने के कारण विजिबिलिटी काफी कम नजर आ रही है। अगले सप्ताह तक ऊंचे स्थानों पर बर्फबारी दर्ज की जा सकती है।
पश्चिम बंगाल का मौसम
पश्चिम बंगाल में शनिवार को न्यूनतम तापमान गिरकर 14 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया, जिससे सुबह काफी सर्दी महसूस हो रही है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि अगले 24 घंटे के दौरान तापमान में और कमी दर्ज की जा सकती है। अधिकांश हिस्सों में सामान्य से कम पारा पहुंचने का अनुमान है। अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है।
