शहर

मौसम का अटैक बरकरार; 3, 4 और 7 अप्रैल को बारिश-आंधी और ओलावृष्टि का अलर्ट, कई राज्यों में बदलेंगे हालात

देशभर में मौसम इन दिनों लगातार रंग बदल रहा है। कहीं तेज धूप लोगों को परेशान कर रही है तो कहीं बारिश और आंधी राहत के साथ नई चुनौती भी लेकर आ रही है। ऐसे में हर किसी के मन में यही सवाल है कि आने वाले दिनों में गर्मी बढ़ेगी या बारिश का दौर जारी रहेगा। ऐसे में आइए जानें कल के मौसम का हाल।

Image

कल का मौसम 3 अप्रैल 2026

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

इन दिनों मौसम का उतार-चढ़ाव बरकरार है। कहीं धूप तो कहीं बारिश और कभी-कभी आंधी-तुफान। लेकिन इस मौसमी कश्मकश के बीच सवाल यह भी है कि क्या भीषण गर्मी पड़ेगी या हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला ऐसे ही जारी रहेगा? तो चलिए सबसे पहले पिछले 24 घंटों के दौरान मौसम के हाल पर नजर डालते हैं। अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम के साथ-साथ पूर्वी मध्य प्रदेश के कुछ इलाकों में तक भारी बारिश दर्ज की गई। वहीं, मध्य महाराष्ट्र और दक्षिण मध्य प्रदेश के अलग-अलग स्थानों पर ओलावृष्टि देखने को मिली।

इसके अलावा मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में 50 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं और गरज-चमक के साथ मौसम ने तीखा रूप लिया। मौसम विभाग (IMD) की लेटेस्ट वेदर, इस हफ्ते उत्तर-पश्चिम भारत पर दो सक्रिय पश्चिमी विक्षोभों का प्रभाव देखने को मिल सकता है, जिनकी तीव्रता 3, 4 और 7 अप्रैल को सबसे अधिक रहने की संभावना है। इस दौरान 3 और 4 अप्रैल को क्षेत्र के कुछ हिस्सों में ओलावृष्टि हो सकती है, जबकि कश्मीर घाटी में भी इन तारीखों पर कहीं-कहीं भारी बारिश होने के आसार हैं। वहीं, देश के मध्य भागों में 6 अप्रैल तक गरज और बिजली के साथ बारिश जारी रहने की संभावना है, और 4 अप्रैल तक कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि भी हो सकती है। इसके अलावा, पूरे सप्ताह उत्तर-पश्चिम भारत में दिन का तापमान सामान्य के आसपास या उससे कम रहने की उम्मीद है। ऐसे में अब जानते हैं कि अगल-अलग राज्यों में कल का मौसम (Kal Ka Mausam) यानी 3 अप्रैल का मौसम कैसा रहेगा?

दिल्ली में कल का मौसम

दिल्ली में कल सुबह आसमान आंशिक रूप से बादलों से ढका रहेगा, जो दोपहर तक पूरी तरह बादलों से घिर सकता है। दोपहर से शाम के बीच हल्की बूंदाबांदी या बहुत हल्की बारिश का एक दौर देखने को मिल सकता है, जिसके साथ गरज-चमक और 20 से 30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है, जो झोंकों में 40 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं। तापमान की बात करें तो अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20 से 22 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.6 से 3 डिग्री अधिक रह सकता है, जबकि अधिकतम तापमान सामान्य के करीब रहने की संभावना है। हवा की दिशा सुबह के समय मुख्य रूप से पश्चिमी रहेगी और इसकी रफ्तार लगभग 15 किमी प्रति घंटा तक हो सकती है। दोपहर में हवा दक्षिण-पश्चिम दिशा से चलने लगेगी और गति बढ़कर करीब 20 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है, जबकि शाम और रात के दौरान हवा की रफ्तार घटकर पश्चिम दिशा से 15 किमी प्रति घंटा से कम रह जाएगी।

यूपी में कल का मौसम कैसा रहेगा?

उत्तर प्रदेश में इन दिनों तेज धूप और बढ़ती गर्मी से लोगों को काफी परेशानी हो रही है, लेकिन मौसम में जल्द ही बदलाव आने के संकेत हैं। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, साफ आसमान के कारण अगले 48 घंटों में तापमान में करीब 2 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि यह गर्मी ज्यादा दिनों तक नहीं टिकेगी। 3 अप्रैल से पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होते ही मौसम का मिजाज तेजी से बदलेगा। इसके असर से राज्य के कई इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। साथ ही गरज-चमक के साथ बारिश और कुछ जगहों पर ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है। इस मौसम बदलाव के कारण तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है।

बिहार में कल के मौसम का हाल

बिहार में इन दिनों मौसम के दो अलग-अलग रूप देखने को मिल रहे हैं। एक ओर तेज धूप और गर्मी लोगों को बेहाल कर रही है, तो दूसरी ओर बादलों की आवाजाही बनी हुई है। भीषण गर्मी से राहत की उम्मीद कर रहे लोगों के लिए 5 अप्रैल अहम साबित हो सकता है, जो राहत के साथ कुछ चुनौतियां भी लेकर आएगा। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, इस दिन से एक नया मौसम तंत्र सक्रिय होगा, जिसके प्रभाव से राज्य में मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। इस दौरान हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज आंधी चलने की संभावना है। वहीं, पूरे अप्रैल महीने के दौरान मौसम में उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है जहां एक तरफ तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार जा सकता है, वहीं दूसरी ओर सामान्य से अधिक आंधी-तूफान की घटनाएं भी देखने को मिल सकती हैं।

राजस्थान में कल का मौसम ऐसा रहेगा

पश्चिमी विक्षोभ के असर से गुरुवार सुबह तक बीते 24 घंटे में राजस्थान में कई जगह हल्की बारिश हुई। जयपुर के मौसम केंद्र के अनुसार इस दौरान सबसे अधिक 12 मिलीमीटर बारिश देवगढ़ (राजसमन्द) में हुई। वहीं, इस अवधि में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान (38.6 डिग्री सेल्सियस) चित्तौड़गढ़ में तथा सबसे कम न्यूनतम तापमान (18.2 डिग्री सेल्सियस) अलवर में दर्ज किया गया। मौसम विभाग का कहना है कि, पश्चिमी विक्षोभ के असर से दो अप्रैल को दोपहर बाद जैसलमेर, बाड़मेर, फलोदी व बीकानेर संभाग के जिलों व आसपास के क्षेत्र में आंधी बारिश की गतिविधियों में दोबारा बढ़ोतरी हो सकती है। मौसम केंद्र ने बताया कि 3-4 अप्रैल को एक और पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव रहेगा। इससे जोधपुर, बीकानेर, अजमेर, जयपुर, भरतपुर, कोटा संभाग के कुछ भागों में आंधी चलने व बारिश होने का अनुमान है। इस दौरान कहीं-कहीं ओलावृष्टि भी हो सकती है। इसी तरह एक और पश्चिमी विक्षोभ 7 से 8 अप्रैल को राज्य के कुछ भागों में सक्रिय रहेगा।

पहाड़ी क्षेत्रों में कैसा रहेगा मौसम?

पर्वतीय क्षेत्रों में आने वाले दिनों में मौसम काफी सक्रिय रहने की संभावना है। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 3 से 6 अप्रैल के बीच व्यापक रूप से हल्की से मध्यम बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है, जिसके साथ गरज-चमक और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के आसार हैं। 3 और 4 अप्रैल को इन क्षेत्रों में तेज आंधी चल सकती है, जिसमें हवा की रफ्तार 50 से 60 किमी प्रति घंटा तक पहुंचकर झोंकों में 70 किमी प्रति घंटा तक जा सकती है। इसी दौरान जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि और कश्मीर घाटी में कहीं-कहीं भारी बारिश भी संभव है। इसके बाद 7 और 8 अप्रैल को एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिससे फिर से इन पहाड़ी राज्यों में बारिश और बर्फबारी के साथ मौसम खराब होने की संभावना है।

झारखंड में गरज के साथ बारिश की संभावना

मौसम विभाग का कहना है कि, झारखंड के 14 जिलों में 4 अप्रैल से गरज के साथ बारिश और तेज हवाएं चलेंगी। मौसम विज्ञान विभाग ने बृहस्पतिवार को एक बुलेटिन में कहा कि चार और पांच अप्रैल को कुछ जिलों में ओलावृष्टि होने की भी संभावना है। इसमें कहा गया है, "झारखंड के उत्तर-पश्चिमी और मध्य भागों में चार और पांच अप्रैल को गरज, बिजली, ओलावृष्टि और 50 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।" विभाग ने अलर्ट जारी करते हुए कहा कि तूफान से प्रभावित होने वाले जिले गढ़वा, पलामू, चतरा, लातेहार, लोहरदगा, हजारीबाग, कोडरमा, रामगढ़, रांची, खूंटी, गिरिडीह, धनबाद, बोकारो और गुमला हैं। IMD ने चेतावनी दी है कि तेज हवाओं से खड़ी फसलों को नुकसान हो सकता है। हालांकि, बुलेटिन में कहा गया है कि राज्य के उत्तरपूर्वी और दक्षिणपूर्वी हिस्सों में दो से चार अप्रैल तक गर्म और उमस भरा मौसम रह सकता है।

पंजाब और हरियाणा में मौसम का हाल कैसा रहेगा?

मौसम विभाग की वेदर रिपोर्ट के मुताबिक, पंजाब और हरियाणा में इस सप्ताह 7 और 8 अप्रैल को कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश होने के साथ गरज और बिजली के साथ तेज हवाओं के चलने की संभावना है, जिनकी गति 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है। इसके अलावा, 3 और 4 अप्रैल को इन राज्यों में गरज और तूफानी हवाओं के साथ तेज बारिश और आंधी आने का अनुमान है। इसी दौरान कहीं-कहीं ओलावृष्टि होने की भी संभावना जताई गई है।

दक्षिण भारत में आने वाले दिनों का मौसम

दक्षिण भारत में आने वाले दिनों में मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। केरल और माहे में 3 से 5 अप्रैल के बीच, जबकि तटीय आंध्र प्रदेश, यनम, तेलंगाना और आंतरिक कर्नाटक में 3 से 6 अप्रैल तक अलग-अलग स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इस दौरान गरज-चमक के साथ 30 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जिनके झोंके 60 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं। रायलसीमा में 5 और 6 अप्रैल को भी इसी तरह का मौसम बना रह सकता है। इसके अलावा, तटीय कर्नाटक में 3 से 4 अप्रैल और तमिलनाडु, पुडुचेरी व कराईकल में 3 से 6 अप्रैल के बीच बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।

FAQs

आने वाले दिनों में मौसम का रुख कैसा रहने वाला है?

आने वाले दिनों में देशभर में मौसम बदलता रहेगा। कहीं तेज गर्मी तो कहीं बारिश, आंधी और गरज-चमक की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं।

क्या पश्चिमी विक्षोभ का असर देखने को मिलेगा?

दिल्ली में कल मौसम कैसा रहेगा?

क्या यूपी-बिहार में मौसम बदलेगा?

क्या अप्रैल महीने में गर्मी ज्यादा पड़ेगी?

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article