अगले 48 घंटों के मौसम का पूर्वानुमान जारी करते हुए आईएमडी ने बताया कि कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तक मौसम में उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा। इस दौरान साइक्लोनिक सर्कुलेशन के प्रभाव से दक्षिण भारत के एक से दो राज्य प्रभावित होंगे, जिनमें तमिलनाडु के तटीय हिस्सों पर आंधी-तूफान और बारिश दर्ज की जा सकती है। हालांकि, अन्य दक्षिणी राज्यों में तापमान बढ़ने से गर्मी और हीटवेव का अलर्ट जारी है। उधर, पूर्वोत्तर में असम, अरुणाचल प्रदेश, ओडिशा, सिक्किम, मेघालय, नागालैंड और त्रिपुरा के साथ पश्चिम बंगाल, झारखंड, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों पर धूल भरी आंधी के साथ मध्यम से भारी बारिश गिरने का अलर्ट है। इस दौरान आकाशीय बिजली और ओलावृष्टि का खतरा बना रह सकता है। मौसम विभाग ने बताया कि उत्तरी भारत और पहाड़ों पर एक मजबूत पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो गया है, जिसका असर अगले 72 घंटों तक बना रह सकता है। शुक्रवार, शनिवार और रविवार तक उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में आंधी-बारिश, ओलावृष्टि और बर्फबारी की संभावना रहेगी। इधर, राजस्थान, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश और बिहार में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और आंधी-बारिश के साथ ओले गिरने व वज्रपात का अलर्ट है।
कल यूपी का मौसम कैसा रहेगा
उत्तर प्रदेश में पिछले 24 घंटे के दौरान मौसम ने करवट ली और कई हिस्सों पर आंधीनुमा हवाओं के साथ बादल बरसे। मौसम विभाग ने बताया कि करीब 10 जिलों कानपुर, सीतापुर, लखनऊ और हरदोई में बारिश की गतिविधियां दर्ज की गईं और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बादल छाए हुए हैं। कई जिलों में 30 जिलों में रफ्तार से हवाएं चल रही हैं। आईएमडी ने शनिवार तक करीब 38 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है। वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के असर से आकाशीय बिजली गिरने और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की गई है। हालांकि, कई जगह ओले गिरने से गेहूं की फसल को नुकसान पहुंचा है। फिलहाल, मौसमी गतिविधियां होने से तापमान में कमी आई है, लेकिन बुंदेलखंड के बांदा में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया है।
दिल्ली-एनसीआर में कल मौसम
दिल्ली-एनसीआर में गुरुवार से बदले मौसम ने शुक्रवार की सुबह अपना रंग दिखाया और कई जगहों पर बादल बरसे। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि अगले 24 घंटे के दौरान गरज-चमक के साथ हल्की आंधी और बारिश रिकॉर्ड की जा सकती है। इस दौरान हवाओं के झोंको और बौछारों से मौसम काफी सुहावना रहेगा। खासकर, उत्तरी दिल्ली, दक्षिणी दिल्ली, मध्य दिल्ली, पूर्वी दिल्ली, शाहदरा और दक्षिण-पूर्वी दिल्ली में मेघ गर्जन के साथ 30 से 40 किलोमीटर की रफ्तार से हवाएं चलने का अलर्ट है। इधर नोएडा, गाजियाबाद, ग्रेटर नोएडा, फरीदाबाद और गुरुग्राम में धूल भरी आंधी और बारिश से मौसम सुहावना रहेगा। तेज हवाओं और बौछारों से हवा की क्वालिटी में सुधार हुआ है। आईएमडी ने न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम 30 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहने का अनुमान है।
राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ
राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से कई स्थानों पर हल्की बारिश का दौर जारी है। जयपुर मौसम केंद्र के मुताबिक इस सप्ताह के अंत तक राज्य के कुछ भागों में आंधी-बारिश की मजबूत संभावना है। 28 से 30 मार्च के बीच जयपुर, भरतपुर, कोटा, उदयपुर, बीकानेर, जोधपुर, शेखावटी और अजमेर संभाग में बादलों की आवाजाही जारी रहेगी और 40 से 50 किमी. प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी और हल्की से मध्यम बारिश होगी। इस दौरान कई जगहों पर ओले गिरने और आकाशीय बिजली गिरने का खतरा रह सकता है। फिलहाल, मौसमी गतिविधियां होने से तापमान सामान्य रहेगा और लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी। उधर, पड़ोसी राज्य मध्य प्रदेश में भी साइक्लोनिक सर्कुलेशन का आंशिक असर दिखाई देगा और कई जगहों पर आंधी-बारिश की गतिविधियां मौसम को सुहावना बनाए रखने में मदद करेंगी।
बिहार का मौसम कैसा है
बिहार में अगले 7 दिन मौसम में बदलाव की संभावना है। मौसम विभाग का मानना है कि इस दौरान राज्य के करीब 8 जिलों में मौसम खराब हो सकता है। सबसे अधिक संवेदनशील जिलों में किशनगंज, अररिया, सुपौल, पूर्णिया, कटिहार, सहरसा, मधेपुरा और खगड़िया शामिल है। आईएमडी ने इस सभी जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम स्तर की बारिश होने की संभावना के बीच ठनका गिरने का अलर्ट जारी किया है। चेतावनी जारी करते हुए कहा गया है कि खराब मौसम के दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलेंगी, लिहाजा लोगों सतर्क रहने की जरूरत है।
उत्तराखंड में कैसा है मौसम
उत्तराखंड में पिछले कई घंटों से मौसम का मिजाज बदला हुआ है और कई ऊंचाई वाले स्थानों पर झमाझम बारिश हुई। आईएमडी ने बताया कि करीब 7 जिलों नैनीताल, रूद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, बागेश्वर, पिथौरागढ़, टिहरी और चमोली में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं और मेघ गर्जन के साथ बारिश हुई। वहीं, चंपावत और अल्मोड़ा में काले बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग ने 30 मार्च तक रुक-रुक कर बारिश और बर्फबारी की गतिविधियां जारी रहने के संकेत हैं।
हिमाचल प्रदेश का मौसम
हिमाचल प्रदेश के कई स्थानों पर बादलों का बरसना जारी है, जिससे न्यूनतम और अधिकतम तापमान में बड़ी गिरावट देखी जा रही है। मौसम विभाग की मानें तो 28 और 31 मार्च तक राज्य के 10 जिलों में तेज आंधीनुमा हवाएं चलेंगी और बारिश के साथ बर्फबारी रिकॉर्ड की जाएगी। खासकर, कुल्लू, चंबा, शिमला, सोलन, सिरमौर, मंडी, ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर और कांगड़ा जिलों में कई हिस्सों में अंधड़ और ओले गिरने का येलो अलर्ट जारी किया गया है। हालांकि, अन्य मैदानी जिलों में मौसम साफ रहेगा, लेकिन बादलों की आवाजाही के बीच धूप निकलती नजर आएगी।
जम्मू-कश्मीर का मौसम
पहाड़ों पर एक्टिव वेस्टर्न डिस्टर्बेंस से जम्मू-कश्मीर का मौसम बदला हुआ है। पिछले 48 घंटे से बारिश एवं बर्फबारी का असर बना हुआ है। मौसम विभाग ने अगले 4 से 5 दिनों तक रुक-रुक कर तेज बर्फीली हवाएं चलने और गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं, जोजिला दर्रे समेत कई जगहों पर हिमस्खलन की चेतावनी जारी की है। फिलहाल, मौसमी गतिविधियों के कारण ठंडक का एहसास हो रहा है।
झारखंड में बारिश का अलर्ट
झारखंड में मौसम ने करवट ले ली है। मौसम विभाग ने अगले कई दिनों के दौरान तेज आंधी और बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। अगले 24 घंटे के दौरान गढ़वा, पलामू, चतरा और लातेहार जिलों को छोड़कर राज्य के अधिकतर जिलों 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने, बिजली गिरने और ओलावृष्टि के साथ में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। फिलहाल, राज्य के अधिकांश भागों पर काले बादल छाए हुए हैं और तापमान में कमी देखी जा रही है। इसी प्रकार पूर्वोत्तर के कई राज्यों में अगले कई दिनों तक आंधी-तूफान और भारी बारिश का अलर्ट घोषित किया है।
28 मार्च शनिवार का तापमान
| शहर का नाम | न्यूनतम तापमान | अधिकतम तापमान |
| दिल्ली | 17°C | 29°C |
| मुंबई | 26°C | 32°C |
| चंडीगढ़ | 16°C | 28°C |
| जयपुर | 19°C | 29°C |
| भोपाल | 21°C | 33°C |
| लखनऊ | 19°C | 31°C |
| पटना | 20°C | 32°C |
| रांची | 17°C | 32°C |
| कोलकाता | 22°C | 35°C |
| चेन्नई | 22°C | 32°C |
| बेंगलुरु | 21°C | 33°C |
| शिमला | 9°C | 18°C |
| देहरादून | 12°C | 21°C |
| कश्मीर | 5°C | 13°C |
हीटवेव क्या है?
मार्च की शुरुआत से ही अधिकांश राज्यों में तापमान बढ़ता जा रहा है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 2 से 4 दिन में तेलंगाना, विदर्भ, मराठवाड़ा, तमिलनाडु और रायमसीला में दिन का तापमान तेजी से बढ़ सकता है। अगले 10 दिन में 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। मैदानी इलाकों में हीटवेव के 40 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक होना आवश्यक है, जो सामान्य से 4.5 डिग्री सेल्सियस ज्यादा होना चाहिए। तटीय क्षेत्रों के लिए यह सीमा 37 डिग्री सेल्सियस और पहाड़ी क्षेत्रों के लिए 30 डिग्री सेल्सियस निर्धारित है। इस दौरान डीहाइड्रेशन, हीट क्रैम्प्स और जानलेवा हीटस्ट्रोक होने का खतरा बढ़ सकता है। ले चलमे से चक्कर आना, बेहोशी इत्यादि आने की संभावनाएं बढ़ जाती हैं।
गर्मी कहां पड़ रही
देश के अधिकांश भागों पर तापमान में बढ़ोतरी जारी है। हालांकि, अभी भी हिमालयी राज्यों पर बर्फबारी से मौसम सर्द है, लेकिन उत्तर भारत में न्यूनतम और अधिकतम तापमान बढ़ रहा है। लिहाजा, अगले सप्ताह तक मौसम काफी गर्म महसूस होगा। फिलहाल, दक्षिण भारत, पूर्वोत्तर और गुजरात, महाराष्ट, छत्तीसगढ़, झारखंड, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, केरल, कर्नाटक और तमिलनाडु के अधिकांश भागों पर गर्मी का सिलसिला शुरू हो गया है। जल्द ही कुछ राज्यों में लू और सनबर्न का अलर्ट जारी हो सकता है।
सनबर्न क्या होता है?
गर्मी का सीजन शुरू होने के संकेत मिलने लगे है। लिहाजा गर्मियों के सीजन से बचाव के लिए सनबर्न का अलर्ट जारी किया जाता है। दरअसल, एक्सपर्ट के मुताबिक, सनबर्न त्वचा के लिहाज से काफी हानिकारक माना जाता है। चिकित्सीय भाषा में इसे डर्माटाइटिस सोलारिस कहा जाता है। सनबर्न सूरज की यूवी किरणों के अधिक संपर्क में आने से होती है। इससे स्किन पर इरिटेशन होने लगती है, जिससे त्वचा में छाले, सूजन और लाल दाग पड़ने लगते हैं और दर्द महसूस होता है। यानी की अधिकांश केस में स्किन झुलस जाती है, जिससे उसका कलर डार्क प्रतीत होता है।
