Kal Ka Mausamm (कल का मौसम कैसा रहेगा) : मौसम विभाग ने 31 दिसंबर तक के मौसम का पूर्वानुमान जारी करते हुए बताया कि देश के विभिन्न राज्यों में बारिश भिगा सकती है। खासकर, पहाड़ों पर पश्चिमी विक्षोभ और चिल्लां ए कला के सक्रिय होने से अगले 4 से 5 दिन तक जम्मू-कश्मीर, लद्दाख में रुक-रुक कर बारिश और बर्फबारी होने का अलर्ट है। आईएमडी के मुताबिक, नए वेदर सिस्टम के कारण हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचे स्थानों पर भी बारिश बर्फबारी को लेकर संभावना है। इधर, उत्तर भारत के पंजाब और हरियाणा में भी साल के अंत तक बारिश व कोहरे का अनुमान है। हालांकि, दिल्ली-एनसीआर, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और बिहार में घना कोहरा-शीतलहर में इजाफा जारी रहेगा, जिससे न्यूनतम तापमान में कमी आएगी और सिहरन वाली ठंड महसूस होगी। स्काईमेट ने बताया कि अगले 48 घंटों के दौरान दक्षिण भारत में बादलों की मेहरबानी से तमिलनाडु, अंडमान निकोबार द्वीप समूह, केरल और कर्नाटक के कुछ जिलों में झमाझम बारिश की संभावना है, जबकि पूर्वोत्तर में कुहासा छाने और सर्दी में इजाफा होने के संकेत हैं।
दिल्ली में कल का मौसम
दिल्ली में हल्की सर्द हवाएं चलने से दिन में भी सर्दी का एहसास हो रहा है। मौसम विभाग का अनुमान है कि 28, 29 और 30 दिसंबर को घना कोहरे की चेतावनी है। न्यूनतम तापमान 6 से 7 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। घने कोहरे के साथ पॉल्यूशन का लेवल हाई रहेगा, जिससे लोगों को सांस लेने में दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। शहर की औसत एक्यूआई 360 के आसपास है। सीपीसीबी के मुताबिक, कई इलाकों में एक्यूआई 400 या उससे पार पहुंच गई है। नोएडा में 400 के पार हवा की क्वालिटी है।
| शहर का नाम | न्यूनतम तापमान | अधिकतम तापमान |
| दिल्ली | 8°C | 22°C |
| चंडीगढ़ | 8°C | 18°C |
| मुंबई | 21°C | 29°C |
| जयपुर | 8°C | 21°C |
| भोपाल | 9°C | 23°C |
| लखनऊ | 9°C | 20°C |
| पटना | 10°C | 21°C |
| कोलकाता | 13°C | 23°C |
| देहरादून | 7°C | 17°C |
| शिमला | 6°C | 17°C |
| कश्मीर | 2°C | 11°C |
बिहार में कल मौसम कैसा रहेगा
बिहार में शीतलहर और कोहरे कारण मौसम तेजी से बदल रहा है। मौसम विभाग की मानें तो राज्य में न्यूनतम तापमान 7 से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच पहुंच गया है और कई जिलों में घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी है। फिलहाल, 29 और 30 दिसंबर तक ठंड से राहत की उम्मीद नहीं है। पटना, भागलपुर, मुजफ्फरपुर, लखीसराय और सासाराम जैसे कई में भीषण कोहरे और शीतलहर के कारण कक्षा 8 तक के स्कूल बंद कर दिए गए हैं । अधिकांश जिलों में विजिबिलिटी कम होने से ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित है। इधर, उत्तर प्रदेश में भी मौसम काफी संगीन है। अधिकतर जिलों में शीतलहर और घना कोहरा छाए रहने की संभावना है।
राजस्थान में कोहरे का अलर्ट
राजस्थान में गिरते तापमान के कारण सर्दी में इजाफा होता जा रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक, राज्य के उदयपुर और कोटा संभाग में घना कोहरा छाया रहेगा। अगले 24 घंटे के दौरान जयपुर में न्यूनतम तापमान 9 डिग्री, करौली में 3.1 डिग्री सेल्सियस, पाली में 3.2 डिग्री, लूणकरणसर में 5.6 डिग्री, अंता में 4.3 डिग्री, दौसा में 4.5 डिग्री, अलवर में 5.1 डिग्री, नागौर में 5.2 डिग्री और सिरोही में 6 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। आईएमडी ने बताया कि आने वाले दिनों में भी प्रदेश में मौसम शुष्क और सर्द बना रहने की संभावना है। इस दौरान अधिकांश जिलों में कोहरा छाया नजर आएगा।
पंजाब और हरियाणा का मौसम
पंजाब और हरियाणा के अधिकांश हिस्सों में कड़ाके की ठंड जारी रहेगी और कई इलाकों में घना कोहरा छाया रहेगा। मौसम विभाग की माने तो शहीद भगत सिंह नगर जिले में न्यूनतम तापमान 4.3 डिग्री सेल्सियस, चंडीगढ़ में 6.7 डिग्री, अमृतसर में 5 डिग्री, लुधियाना में 4.5 डिग्री, पटियाला 7 डिग्री, पठानकोट में 5.4, बठिंडा 5.9, फरीदकोट में 4.8 और गुरदासपुर में 5.7 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। इधर, हरियाणा में मौसम काफी सर्द होता जा रहा है। आईएमडी के मुताबिक, गुरुग्राम में न्यूनतम तापमान 4.7 डिग्री, अंबाला में 9 डिग्री, हिसार में 5 डिग्री, करनाल में 7.8 डिग्री, नारनौल में 5.4, रोहतक में 7.2, भिवानी में 6.4 और सिरसा में 6.9 डिग्री सेल्सियस तापमान रह सकता है। दोनों ही राज्यों में भीषण कोहरे की चादर छाई रहेगी और यातायात काफी धीमा रहेगा।
हिमाचल प्रदेश-उत्तराखंड का मौसम
हिमाचल प्रदेश में शीतलहर और भीषण ठंड का प्रकोप जारी है। आईएमडी के मुताबिक, ऊना में न्यूनतम 6 डिग्री और अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। 30 दिसंबर तक राज्य के अलग-अलग स्थानों पर सुबह और देर रात 'घने कोहरे' का 'येलो अलर्ट' जारी है। फिलहाल, शिमला, कुल्लू और मनाली में बादल छाए नजर आ रहे हैं। अगले 2 दिन में हल्की बारिश की संभावना जताई जा रही है। ताबो, लाहौल स्पीति और कुकुमसेरी में माइनस तापमान दर्ज किया जा रहा है। कमोबेश ऐसा ही मौसम उत्तराखंड में दर्ज किया जा रहा है। आईएमडी ने राज्य में 31 दिसंबर तक बारिश और बर्फबारी को लेकर संभावना जताई है। इस दौरान शीतलहर और घने कोहरे का ग्राफ बढ़ता रहेगा।
जम्मू-कश्मीर का मौसम
जम्मू-कश्मीर के अधिकांश स्थानों पर तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है, जिससे समूचे घाटी में पारा शून्य से नीचे चला गया है। मौसम विभाग ने बताया कि नये साल के आसपास बारिश और बर्फबारी का दौर शुरू होने की संभावना है। श्रीनगर में न्यूनतम तापमान 0 से माइनस 2.5 डिग्री, सोनमर्ग 0 से माइनस 5.6 डिग्री, गुलमर्ग में 0 से माइनस 4 डिग्री, काजीगुंड में 0 से माइनस 2.7 डिग्री, पहलगाम 0 से माइनस 4.5 डिग्री, कोकेरनाग में 0 से माइनस 0.9 डिग्री और कुपवाड़ा में शून्य से 3.6 डिग्री सेल्सियस नीचे रहने की संभावना है। आईएमडी ने नये साल के आसपास बारिश व बर्फबारी का अनुमान जताया है। 30-31 दिसंबर को कुछ स्थानों पर और एक-दो जनवरी को कई स्थानों पर हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है।
दक्षिण भारत में बारिश का अलर्ट
दक्षिण भारत में नया मौसमी सिस्टम एक्टिव है, जिसके प्रभाव से तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में अगले दो दिनों तक मौसम में उतार चढ़ाव देखा जा सकता है। आईएमडी ने लोगों को सुबह के समय कोहरे, कुछ इलाकों में रात के तापमान में हल्की गिरावट और तटीय क्षेत्रों में तेज सतही हवाओं को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी है। चेन्नई में आंशिक रूप से बादल छाए रहने और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है। तमिलनाडु के दक्षिणी तट, मन्नार की खाड़ी और कोमोरिन सागर क्षेत्र में 45 से 55 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है, जबकि झोंकों की गति 65 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। इसके अवाला कर्नाटक, अंडमान निकोबार द्वीप समूह, केरल और कर्नाटक के कुछ हिस्सों पर भी बारिश को लेकर अनुमान जताया गया है।
