शहर

कल का मौसम : 50 घंटे बादल बरसेंगे मूसलाधार! शीतलहर-बर्फबारी से पारा गिरेगा धड़ाम; घने कोहरे का बड़ा अलर्ट

इन दिनों उत्तर भारत सर्दी की गिरफ्त में है। इस बीच बादलों ने भी मौसम का मिजाज बिगाड़ने की ठान ली है। मौसम विभाग (IMD) के जारी पूर्वानुमान के हवाले से अगले 3 से 4 दिन पहाड़ी राज्यों कश्मीर, हिमाचल व उत्तराखंड के पर्वतीय हिस्सों में पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) का प्रभाव रहेगा और बारिश की संभावना बनी रहेगी। इधर, हरियाणा, पंजाब और उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में बारिश के संकेत मिल रहे हैं, जबकि दिल्ली, राजस्थान, बिहार से लेकर पूर्वोत्तर के राज्यों तक घना कोहरा (Dense Fog) और सर्द हवाएं चलने का अलर्ट है।

Image

कल का मौसम

Kal Ka Mausamm (कल का मौसम कैसा रहेगा) : देशभर के विभिन्न राज्यों में मौसम बदलाव के दौर से गुजर रहा है। दक्षिण भारत के एक दो राज्यों में बादलों की आवाजाही तो पूर्वोत्तर में सर्दी के साथ कोहरे का ग्राफ बढ़ता जा रहा है। इधर, उत्तर भारतीय राज्यों के लिए अगले 4 से 5 दिन काफी भारी रहने वाले हैं। मौसम विभाग ने अलर्ट जारी करते हुए बताया कि 20 और 21 दिसंबर को पहाड़ों पर बिगड़े मौसम का असर उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान के कुछ हिस्सों पर दिखाई देगा और कहीं-कहीं हल्की बारिश दर्ज की जाएगी। वहीं दिल्ली-एनसीआर, मध्य प्रदेश और बिहार समेत गंगा किनारे वाले स्थानों पर शीतलहर के साथ घना कोहरा छाया रहेगा। आईएमडी ने 20 और 21 दिसंबर यानी शनिवार-रविवार को पश्चिमी विक्षोभ के असर से जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश एवं उत्तराखंड में हल्की बारिश और बर्फबारी का पूर्वानुमान जारी किया है।

कहां ज्यादा कोहरा

मौसम विभाग की मानें तो समूचा उत्तर भारत कोहरे और सर्दी का दंश झेल रहा है। घने कोहरे के कारण विजिबिलिटी कम होने से सड़क, रेल और हवाई सेवाओं पर असर पड़ रहा है। खासकर, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, महाराष्ट्र समेत कई राज्यों में कोहरे की लेयर मोटी होती जा रही है।

यह भी पढ़ें- चंपारण मटन, थेपला, कोशा पनीर...रफ्तार संग लोकल फूड करें एन्जॉय; लग्जरी होटल का मजा देगी वंदे भारत ट्रेन!
शहर का नामन्यूनतम तापमानअधिकतम तापमान
दिल्ली9°C24°C
चंडीगढ़9°C22°C
जयपुर10°C24°C
मुंबई21°C29°C
भोपाल10°C25°C
लखनऊ9°C20°C
पटना11°C21°C
कोलकाता16°C26°C
देहरादून9°C19°C
शिमला7°C18°C
कश्मीर4°C14°C

बिहार में कल मौसम

बिहार के अधिकांश भागों में शीतलहर और बेहद घना कोहरा छाए रहने का पूर्वानुमान जताया गया है। आईएमडी के मुताबिक, अगले तीन दिन तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में 30 किलोमीटर प्रति घंटा तक की रफ्तार से हवा चल सकती है, जिससे ठिठुरन और बढ़ेगी। अगले दो दिन के दौरान पटना, वैशाली, समस्तीपुर, पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, शिवहर, सीतामढ़ी, गोपालगंज, सीवान, सारण, दरभंगा, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, कटिहार, मुंगेर, जमुई, बांका, भागलपुर, सुपौल, अररिया, किशनगंज और पूर्णिया जिलों मध्यम से घना कोहरा छाए रहने का पूर्वानुमान है। कई जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंचने से ठंड का असर और बढ़ गया है। कोहरे के कारण सड़क और रेल यातायात पहले ही प्रभावित होने लगा है। अगले 2 दिन न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम 25 से 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

यूपी में कल का मौसम कैसा रहेगा

उत्तर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में शीतलहर और कोहरे का कहर जारी है। अब नया वेदर सिस्टम पश्चिमी यूपी के कुछ हिस्सों में बादल लेकर आ सकता है और बूंदाबांदी हो सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक, नोएडा, गाजियाबाद, हापुड़, हाथरस, मथुरा, मेरठ, मुरादाबाद, मुजफ्फरनगर, पीलीभीत, रामपुर, सहारनपुर, शाहजहांपुर, शामली, आगरा, अलीगढ़, बागपत, बरेली, बिजनौर, बुलन्दशहर, एटा, इटावा, फिरोजाबाद, कानपुर और गोरखपुर समेत कई जिलों में घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी है, जिसका सीधा असर ट्रेनों और फ्लाइट्स की आवाजाही पर दिखाई देगा।

दिल्ली में एयर क्वालिटी कल

दिल्ली में सर्दी के बीच धूप-छांव का खेल जारी है, जिसमें छांव ज्यादा असरदार साबित हो रही है। दिन में हल्की हवाएं चलने से दिन में भी सर्दी का एहसास हो रहा है। सुबह घने कोहरे और धुंध के कारण विजिबिलिटी कम है और तापमान 9 डिग्री सेल्सियस के आसपास है। वहीं, अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है और दिन भर घना कोहरा छाया रह सकता है। दिल्ली और एनसीआर के अधिकांश जगहों पर वायु गुणवत्ता बेहद खराब श्रेणी में बनी हुई है और आगे भी हालात सुधरने के संकेत नहीं मिल रहे हैं। एक्यआई 382 के ऊपर दर्ज किया गया जो बेहद खराब श्रेणी में आता है।

राजस्थान का मौसम कैसा है?

राजस्थान में सर्दी के साथ कोहरा मुसीबत बनता जा रहा। मौसम विभाग के मुताबिक, एक नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 19 से 22 दिसंबर के बीच कुछ हिस्सों में बादल छाए रहने की संभावना है। इस दौरान न्यूनतम तापमान में एक से तीन डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने का अनुमान है। भरतपुर संभाग और आसपास के क्षेत्रों में 20 दिसंबर को घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। 24 दिसंबर से उत्तरी हवाओं के असर से न्यूनतम तापमान में एक बार फिर दो से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जाएगी और घना कोहरा विजिबिलिटी पर बुरा असर डालेगा। फिलहाल, राज्य का सीकर 4.0 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ ठंडी जगहों पर पहले स्थान पर है।

एमपी में कल का मौसम

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल, रीवा, सतना, मैहर, ग्वालियर, चंबल, संभाग, मुरैना, भिंड, टीकमगढ़, मऊगंज, सीधी, सिगरौली, रायसेन, छतरपुर और दतिया में घने कोहरे के कारण विजिबिलिटी पर बुरा असर पड़ा है। राज्य के कई इलाकों में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया जा रहा है, जिससे कड़ाके की सर्दी का एहसास हो रहा है। मौसम विभाग का अनुमान है कि शीतलहर चलने से सप्ताह के आखिर तक तापमान में और गिरावट होगी। 19 दिसंबर से अगले 2 दिन तक पश्चिमी विक्षोभ के असर से कुछ इलाकों में बादल छाए नजर आ सकते हैं।

हरियाणा-पंजाब का मौसम

पंजाब में आंशिक तौर पर बादलों की आवाजाही के संकेत मिल रहे है। आईएमडी का पूर्वानुमान है कि अगले 24 से 48 घंटों के दौरान मौसम का मिजाज बदल सकता है और कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। वहीं, अमृतसर, फतेहगढ़ साहिब, गुरदासपुर, पटियाला, संगरूर, अंबाला, लुधियाना और आदमपुर में कोहेर को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। कोहरे के कारण कुछ हवाई अड्डों पर परिचालन बाधित हो सकता है और राजमार्गों व रेलवे मार्गों पर भी असर पड़ सकता है। वहीं, हरियाणा के अधिकांश हिस्सों में घना कोहरा छाया नजर आ रहा है। खासकर, शाम और सुबह काफी समस्याएं उत्पन्न हो रही है। मौसम विभाग का कहना है कि शनिवार और रविवार को कुछ जिलों में बादल छाए रहेंगे और हल्की बूंदाबांदी दर्ज की जा सकती है।

जम्मू-कश्मीर में बर्फबारी-बारिश

जम्मू-कश्मीर में अगले 48 घंटों के दौरान बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है। मौसम विभाग ने 20 और 21 दिसंबर को ऊंचे इलाकों में हल्की बर्फबारी और मैदानी इलाकों में बारिश का अनुमान जताया है। आईएमडी ने बताया कि गांदरबल, बांदीपोरा, कुपवाड़ा और बारामूला के कुछ ऊंचे इलाकों में भारी बर्फबारी हो सकती है। बर्फबारी के दौरान लोगों को घरों से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी गई है। अगले 2 दिन तक श्रीनगर में न्यूनतम तापमान माइनस 2 डिग्री सेल्सियस, पहलगाम में माइनस 2.5 और गुलमर्ग में 2 डिग्री , जम्मू शहर में 9.7 डिग्री सेल्सियस, कटरा में 9, बटोटे में 6.5, बनिहाल में 3.4 और भद्रवाह में 2.2 डिग्री न्यूनतम तापमान रहने की संभावना है। कड़ाके की सर्दी का 40 दिन का समय जिसे 'चिल्लई कलां' कहा जाता है, 21 दिसंबर से शुरू होगा और 30 जनवरी को खत्म होगा। कमोबेश ऐसा ही मौसम उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले स्थानों पर दिखाई देगा एवं पहाड़ों से लेकर मैदानी इलाकों तक घना कोहरा छाया नजर आएगा।

कब लागू होगा चिल्ला-ए-कलां?

मौसम विभाग के मुताबिक, जम्मू-कश्मीर में 20-21 दिसंबर को ‘चिल्ला-ए-कलां’ की दस्तक होती है, जिसके प्रभाव से घाटी के छिटपुट स्थानों पर हल्की बारिश या बर्फबारी दर्ज की जा जाती है। ‘चिल्ला-ए-कलां’ सर्दियों के मौसम का सबसे भारी समय होता है। यह 21 दिसंबर से शुरू होता है 29 या 31 जनवरी तक जारी रहता है। 'चिल्ला-ए-कलां' के 40 दिनों के दौरान बर्फबारी की संभावना सबसे अधिक होती है और तापमान में काफी गिरावट आती है। इस दौरान घाटी में नदी, नाले, पाइप लाइन और जल स्त्रोत जम जाते हैं क्योंकि न्यूनतम तापमान माइनस 6 से माइनस 8 डिग्री सेल्सियस के बीच गिर जाता है। चिल्लई कलां के दौरान दिन का तापमान दो अंकों से नीचे रहता है, जिससे न्यूनतम और अधिकतम तापमान के बीच का अंतर कम हो जाता है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article