देशभर में बढ़ती गर्मी के बीच मौसमी उतार-चढ़ाव जारी हैं। आईएमडी ने 16 मई के लिए पूर्वानुमान जारी करते हुए दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और बिहार के कुछ भागों पर तेज धूल भरी आंधी के साथ बूंदाबांदी या बारिश होने की बात कही। हालांकि, कुछ हिस्सों पर लू का सामना करना पड़ सकता है। वहीं, पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय रहने से उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में आंधी, बारिश-बर्फबारी और ओलावृष्टि होने का अलर्ट है, लेकिन मैदानी भागों पर तापमान बढ़ सकता है। स्काईमेट ने दक्षिण में केरल और कर्नाटक समेत कई राज्यों में मौसम खराब रहने का अनुमान जताया है। उधर, पूर्वोत्तर भारत के तटीय भागों पर साइक्लोनिक सर्कुलेशन के असर से 70 की स्पीड से तूफान चलने और मूसलाधार बारिश की चेतावनी है। गुजरात और महाराष्ट्र में गर्मी और लू के बीच आंशिक तौर पर बादलों की आवाजाही रह सकती है।
यूपी में कैसा रहेगा मौसम
उत्तर प्रदेश में तपिश के बीच कई हिस्सों पर मौसम खराब है। आईएमडी ने शुक्रवार को कई स्थानों पर आंधी-बारिश की बात कही है। खासकर, कानपुर, जालौन, हरदोई, लखनऊ, बदायूं, बरेली समेत 37 जिलों में तेज हवाएं चलने और हल्की बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने का खतरा बना हुआ है। इस दौरान 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। हालांकि, मौसमी गतविधियों के बावजूद कई जिलों में अधिकतम तापमान बढ़ता जा रहा है। खासकर, बुंदेलखंड में फिर से लू (Heatwave) की स्थितियां बन गई हैं, जिससे लोगों को चिलचिलाती गर्मी का एहसास हो रहा है।
बिहार में बारिश होगी क्या
बिहार में मौसम में परिवर्तन के चलते कई हिस्सों में भीषण गर्मी से मामूली राहत है। राज्य के 7 से 8 जिलों में लगातार रुक-रुककर बारिश और आंधी के कारण तापमान सामान्य के आसपास या उससे कम है, जिससे लोग खुशनुमे मौसम का एहसास कर रहे हैं। मौसम विभाग ने बताया कि शनिवार और रविवार को कई जिलों में तेज धूल भरी आंधी के साथ पानी बरसने और ठनका गिरने की घटनाएं हो सकती हैं, जिससे लोगों को सावधान रहने की सलाह दी है। आईएमडी ने बताया कि शनिवार को अधिकतम तापमान 32 से 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतन तापपमान 24 सो 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।
दिल्ली में कल कैसा रहेगा मौसम
दिल्ली-एनसीआर में लगातार तापमान बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार की सुबह से गर्मी ने परेशान किया। पिछले 24 घंटे के दौरान न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा। हालांकि, मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटे के दौरान मेघ गर्जन और तेज आंधी-तूफान के साथ हल्की बूंदाबांदी, बारिश व बिजली कड़कने की संभावना जताई है। आंधी की रफ्तार 50 किमी. की रफ्तार से भी चल सकती है। सीपीसीबी के मुताबिक, दिल्ली में हवा की क्वालिटी में फिर से बढ़ोतरी देखी जा रही है। सीपीसीबी के मुताबिक, एक्यूआई 160 के आसपास है, जो मध्यम’ श्रेणी में आता है। 0 से 50 के बीच एक्यूआई को अच्छा, 51 से 100 के बीच संतोषजनक, 101 से 200 के बीच मध्यम, 201 से 300 के बीच खराब, 301 से 400 के बीच बहुत खराब और 401 से 500 के बीच गंभीर माना जाता है।
राजस्थान में लू का अलर्ट
राजस्थान में एक तरफ तापमान बढ़ रहा है तो कई हिस्सों में पिछले 24 घंटों के दौरान तेज आंधी और बूंदाबांदी के कारण मौसम थोड़ा नर्म और सुहावना बना हुआ है। जयपुर स्थित मौसम केंद्र के अनुसार, फलोदी राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 44.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। चित्तौड़गढ़ में अधिकतम तापमान 44.2 डिग्री, कोटा में 42.8 डिग्री, भीलवाड़ा में 41.7 डिग्री, टोंक के वनस्थली में 43.6 डिग्री, बाड़मेर में 41.4 डिग्री, जोधपुर व पिलानी (झुंझुनू) में 41 डिग्री, बीकानेर में 40.4 डिग्री और जैसलमेर में 41.2 डिग्री सेल्सियस बना हुआ है। हालांकि, राजधानी जयपुर में 39.7 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग के मुताबिक, 16 मई से दिन के तापमान में बढ़ोतरी होगी और पश्चिमी राजस्थान में भीषण गर्मी पड़ेगी।
हिमाचल प्रदेश में मौसम कैसा है
हिमाचल प्रदेश में लगातार मौसमी गतिविधियों के बीच अब आसमान धीरे-धीरे साफ नजर आ रहे हैं, लेकिन कुछ जिलों में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के असर से बादलों की आवाजाही शुरू है, जिससे आंधी-बारिश के साथ ओलावृष्टि की स्थितियां बन रही हैं। शिमला मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 16 और 17 मई को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला में तेज अंधड़ के साथ बारिश और बर्फबारी की संभावना है। हालांकि, मैदानी भागों पर मौसम शुष्क रहेगा, जिससे तापमान में बढ़ोतरी होगी और गर्मी का ग्राफ बढ़ेगा। उधर, जम्मू-कश्मीर के घाटी क्षेत्रों में बारिश-बर्फबारी से मौसम सुहावना है। राज्य के कई हिस्सों पर तेज हवाएं चलने के साथ बौछारें गिरी, जिससे ठंडक का एहसास हो रहा है। हालांकि, जम्मू क्षेत्र में तापमान बढ़ने से गर्मी परेशान कर रही है।
16 मई (शनिवार) का तापमान
| शहर का नाम | न्यूनतम तापमान | अधिकतम तापमान |
| दिल्ली | 28°C | 40°C |
| चंडीगढ़ | 24°C | 37°C |
| मुंबई | 29°C | 33°C |
| चेन्नई | 28°C | 33°C |
| बेंगलुरु | 24°C | 33°C |
| कोलकाता | 29°C | 37°C |
| जयपुर | 28°C | 40°C |
| भोपाल | 29°C | 41°C |
| लखनऊ | 27°C | 38°C |
| पटना | 28°C | 38°C |
| रांची | 24°C | 35°C |
| देहरादून | 20°C | 30°C |
| शिमला | 16°C | 26°C |
| कश्मीर | 7°C | 17°C |
उत्तराखंड में मौसम कैसा रहेगा
उत्तराखंड में अगले कुछ घंटे तक मौसम का मिजाज बदला हुआ है। मौसम विभाग ने बताया कि 15 मई को राज्य के कई हिस्सों पर वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का असर दिखाई दिया। वीकेंड पर शनिवार और रविवार को पिथौरागढ़, उत्तरकाशी, चमोली, बागेश्वर और रूद्रप्रयाग में मेघ गर्जन के साथ हल्की बारिश और ओलावृष्टि की संभावना है, जिससे मौसम सुहावना रहेगा। लेकिन 18 मई से मौसम शुष्क रहेगा, जिससे गर्मी बढ़ने के आसार हैं।
एमपी का मौसम कैसा रहेगा
मध्य प्रदेश में मौसम के तेवर तीखे होते जा रहे हैं। लगातार बढ़ते तापमान की वजह से भीषण गर्मी का सामना करना पड़ सकता है। हालांकि, दक्षिण पूर्वी जिलों में आंशिक तौर पर बादल छाए रह सकते हैं और तेज हवाओं के साथ हल्कू बूंदाबांदी या बारिश की संभावना व्यक्त की जा रही है। आईएमडी के मुताबिक, ज्यादातर हिस्सों पर मौसम शुष्क रहेगा और लू की गतिविधियां जारी रहेंगी।
पूर्वोत्तर भारत में बारिश
पूर्वोत्तर भारत में प्री मानसूनी गतिविधियां जारी हैं। अधिकांश भागों पर पिछले 15 दिन से लगातार रुक-रुककर तेज तूफान और भारी बारिश परेशान का सबब बनी हुई है। मौसम विभाग की मानें तो 16 और 17 मई को असम, अरुणाचल प्रदेश, ओडिशा, सिक्किम, पश्चिम बंगाल और छत्तीसगढ़ व मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों पर लगातार बढ़ती गर्मी के बीच 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज तूफान चलने के साथ भारी बारिश से मौसम खराब रहेगा। हालांकि, कुछ भागों पर हीटवेव की आहट मिल रही है।
केरल, तेलंगाना में तूफानी बारिश
दक्षिण भारत में अगले 2 दिन तक मौसम के तेवर दिखाई देंगे। मौसम विभाग के मुताबिक, साइक्लोनिक सर्कुलेशन के प्रभाव से समुद्र तटीय भागों पर तेज तूफानी गतिविधियों के साथ मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। खासकर, तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, लक्ष्यद्वीप, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में गरज-चमक के साथ झमाझम बादल बरसते नजर आएंगे। हालांकि, तटीय हिस्सों को छोड़ दें तो अन्य हिस्सों पर मौसम साफ रह सकता है, जिससे गर्मी और लू परेशान कर सकती है। उधर, महाराष्ट, गुजरात और विदर्भ में तापमान धीरे-धीरे बढ़ रहा है। अगले 2 दिन में इसमें 3 से 4 डिग्री सेल्सियस का इजाफा होगा। हालाांकि, कुछ हिस्सों पर आंशिक तौर पर बादलों की आवाजाही रहेगी।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
