आज का मौसम : 16, 17, 18 फरवरी को बरसेगा झमाझम पानी; वज्रपात संग आएगी आंधी; मौसम विभाग की बड़ी चेतावनी
- Authored by: Pushpendra Kumar
- Updated Feb 16, 2026, 09:54 AM IST
Aaj Ka Mausam 16 Fabuary 2026, आज-कल का मौसम कैसा रहेगा, Aaj Aur Kal ka Mausam kaisa Rahega : ... अगर आप बारिश का इंतजार कर रहे हैं तो आपके लिए खुशखबरी है। अगले 48 घंटे के बाद एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत के विभिन्न राज्यों के मौसम को प्रभावित करेगा, जिसके असर से हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, दिल्ली और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों के साथ उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बादल बरसते नजर आएंगे। इस दौरान पहाड़ों पर बर्फबारी का अलर्ट जारी है। उधर, दक्षिण भारत में एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन मौसम को प्रभावित कर सकता है।
आज का मौसम
Aaj Ka Mausam ( आज का मौसम ) : उत्तर भारत में अगले 2 दिन तक मौसम साफ रहेगा, लेकिन 17 फरवरी से एक बार फिर बादलों की गरज चमक का सामना करना पड़ सकता है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि मंगलवार से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, जो पहाड़ों से लेकर मैदानी राज्यों तक मौसम को प्रभावित करेगा। इस दौरान जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों पर बादलों की आवाजाही रहेगी और कहीं-कहीं तेज तड़ित झंझा के साथ बादल बरसेंगे। लगातार 48 घंटों तक 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी और कहीं-कहीं बूंदों के साथ आकाशीय बिजली गिरने का खतरा रहेगा। आईएमडी ने बताया कि हिमालयी राज्यों में बर्फबारी जारी रहेगी, जिससे न्यूनतम तापमान सामान्य से बेहद नीचे रहेगा और दिन में कोल्ड डे की स्थिति रहेगी एवं पहाड़ियां धुंध-कोहरे से पटी नजर आ सकती हैं। उधर, दक्षिण भारत में नये साइक्लोनिक सर्कुलेशन के प्रभाव से आंधी-तूफान और बारिश का अलर्ट घोषित है।
दिल्ली का तापमान
दिल्ली-एनसीआर में अगल 48 घंटों तक अच्छी धूप खिली रहेगी और दिन में हल्की हवाएं बहेंगी, जिससे मौसम काफी खुशनुमा रहेगा। इस दौरान न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। दिन में धुंध छाए रहने का अनुमान जताया गया है। फिलहाल, हवा की क्वालिटी (एक्यूआई) 220 के आसपास रह सकती है, जो खराब श्रेणी में आता है। सीपीसीबी के अनुसार, 0 से 50 के बीच एक्यूआई को अच्छा, 51 से 100 को संतोषजनक, 101 से 200 को मध्यम, 201 से 300 को खराब, 301 से 400 को बेहद खराब और 401 से 500 के बीच को गंभीर माना जाता है। आईएमडी का अनुमान है 17 फरवरी से एक नया वेस्टर्न डिस्टर्बेंस मौसम को प्रभावित करेगा, जिससे दिल्ली-एनसीआर में बारिश की गतिविधियां दर्ज की जाएंगी।
यूपी में मौसम
मौसम विभाग की मानें तो उत्तर प्रदेश के अधिकांश जिलों में मौसम साफ है। सुबह हल्के कोहरे के अलावा मौसम में कोई तब्दीली नहीं है। सुबह से धूप निकलने से दिन में गर्मी सता रही है। हालांकि, सुबह और शाम अभी अच्छी खासी सर्दी पड़ रही है। फिलहाल, न्यूनतन तापमान 10 से 13 डिग्री सेल्सियस के बीच और अधिकतम कहीं-कहीं 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया है। आईएमडी का पूर्वानुमान है कि मंगलवार को पश्चिमी विक्षोभ की एंट्री हो सकती है, जिससे प्रभाव से राज्य के कुछ जिलों में बादल छाए रह सकते हैं, लेकिन पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिलों में गरज चमक के साथ बारिश की संभावना बन रही है।
16 फरवरी का तापमान
| शहर का नाम | न्यूनतम तापमान | अधिकतम तापमान |
| दिल्ली | 11°C | 27°C |
| जयपुर | 12°C | 28°C |
| चंडीगढ़ | 11°C | 26°C |
| भोपाल | 16°C | 28°C |
| मुंबई | 23°C | 31°C |
| लखनऊ | 13°C | 26°C |
| कोलकाता | 16°C | 29°C |
| पटना | 13°C | 26°C |
| देहरादून | 8°C | 19°C |
| शिमला | 5°C | 16°C |
| कश्मीर | -1°C | 10°C |
बिहार में 2 दिन का मौसम
बिहार में अगले 2 दिन मौसम सामान्य रहेगा। सुबह-शाम की गुलाबी सर्दी के बीच दिन काफी गर्म प्रतीत होंगे, चूंकि सुबह से धूप निकल रही और हल्की हवाएं बेअसर साबित हो रही हैं। लिहाजा, दिन में तापमान बढ़ रहा है, जिससे गर्मी के संकेत मिल रहे हैं। आईएमडी ने बताया कि 17-18 फरवरी को राज्य के कुछ हिस्सों पर बादलों की आवाजाही हो सकती है, जिससे धूप-छांव का खेल जारी रह सकता है। बारिश को लेकर कोई बड़ा अलर्ट नहीं है। कमोबेश ऐसा ही मौसम झारखंड और छत्तीसगढ़ के हिस्सों पर नजर आएगा।
हरियाणा-पंजाब में कब होगी बारिश
हरियाणा-पंजाब में 17-18 फरवरी को वेस्टर्न डिस्टर्बेंस की एंट्री होगी और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाओं के साथ बादल गरजते नजर आएंगे। आईएमडी ने बताया कि बादलों की गड़गड़ाट के बीच आकाशीय बिजली कड़केगी और कहीं-कहीं हल्की से मध्यम स्तर की बारिश रिकॉर्ड की जाएगी। ज्यादातर राज्य शुष्क मौसम देखेंगे। इस दौरान तापमान में मामूली गिरावट हो सकती है, लेकिन अगले 2 दिन तक न्यूनतम तापमान 11 से 13 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
राजस्थान में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने बताया कि राजस्थान के ऊपर एक कमजोर पश्चिमी 17 फरवरी से एक्टिव होगा जो 18 फरवरी तक राज्य के मौसम को प्रभावित करेगा। अनुमान है कि मंगलवार से राज्य के कुछ जिलों में मेघ गर्जन के साथ हल्की बारिश रिकॉर्ड की जाए। इस दौरान तेज हवाएं चलेंगे और आकाशीय बिजली गिरने का खतरा हो सकता है। अगले 3 से 4 दिन में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी की संभावना है, जिसके बाद राज्य में गर्मी के संकेत मिलने लगेंगे। फिलहाल, सुबह और शाम मौसम सर्द रहेगा। राज्य में न्यूनतम तापमान सीकर का 5 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम बाड़मेर में 33 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा रहा है। उधर, मध्य प्रदेश के कुछ जिलों में मंगलवार से मौसम बदल सकता है और गरज चमक के साथ बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने के चेतावनी दी है।
हिमाचल-उत्तराखंड में बारिश-बर्फबारी का अलर्ट
पहाड़ों पर 16 फरवरी से नये पश्चिमी विक्षोभ की एंट्री हो रही है, जो हिमालयी क्षेत्र के मौसम को प्रभावित करेगा। मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि इस दौरान उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के अधिकांश ऊंचाई वाले हिस्से बादलों की गिरफ्त में रहेंगे। उत्तराखंड की बात करें तो सबसे अधिक 5 जिले चमोली, बागेश्वर, रूद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ और उत्तरकाशी प्रभावित रहेंगे, जहां सोमवार से बुधवार तक लगातार रुक-रुक कर बारिश और बर्फबारी होगी, जबकि केदारनाथ, बद्रीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री के हिस्सों बादल छाए रहेंगे और बर्फबारी जारी रहेगी, जिससे तापमान माइनस में ही रहेगा। तेज सर्द हवाओं के कारण कड़ाके की सर्दी का एहसास होगा। उधर, हिमाचल प्रदेश के पहाड़ी इलाके बादलों से ढके रहेंगे और गरज चमक के साथ झमाझम बारिश दर्ज की जाएगी। इस दौरान लाहौल-स्पीति, कुकुमसेरी, ताबो, चंबा समेत कई इलाकों में बर्फबारी होगी, जिससे दिन में कोल्ड डे महसूस किया जाएगा।
जम्मू-कश्मीर में कैसा रहेगा मौसम
जम्मू-कश्मीर में अगले 24 घंटों के बाद मौसम बदल सकता है। अधिकांश हिल्स एरिया बादलों से ढके नजर आ सकते हैं। मौसम विभाग ने बताया कि 16 फरवरी से वेस्टर्न डिस्टर्बेंस गुजरेगा, जिसके बाद मौसम परिवर्तित होगा और पहाड़ों पर हल्की से मध्यम स्तर की बारिश होगी। बारिश के साथ बर्फबारी का सिलसिला जारी रहेगा, जिससे दिन में कोल्ड डे की स्थिति रहेगी। फिलहाल, 20 फरवरी तक चिल्लईं खुर्द मौसम को प्रभावित करेगा, घाटी के अधिकांश भागों जैसे श्रीनगर में माइनस 2 डिग्री, पहलगाम में माइनस 4 डिग्री, पुलवामा में माइनस 3, गुलमर्ग में माइनस 4, काजीकुंड में माइनस 1.5 डिग्री, शोपियां में माइनस 2 डिग्री सेल्सियस और कुपवाड़ा में माइनस 1.5 डिग्री सेल्सियस के आसपास तापमान रह सकता है, जिससे अभी लोगों को सिहरन वाली सर्दी का सामना करना पड़ेगा।
दक्षिण भारत में बारिश का अलर्ट
दक्षिण भारत में एक चक्रवाती परिसंचरण यानी (Cyclonic Circulation) लो प्रेशर एरिया में बदल गया है, जो बंगाल की खाड़ी से मौसम को प्रभावित कर रहा है। लिहाजा, मौसम विभाग ने अगले 2 दिन तक केरल और तमिलनाडु में तेज हवाओं आंधी के साथ झमाझम बारिश की संभावना जताई है। इस दौरान तेज हवाओं के साथ कहीं-कहीं वज्रपात होने का खतरा जताया गया है। मौसम विभाग ने लोगों को समुद्री इलाकों में नहीं जाने की सलाह दी। उधर, पूर्वोत्तर में अरुणाचल प्रदेश में मौसम बदल सकता है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
