शहर

कल का मौसम : 2 दिन बादल बरसेंगे झूम-झूम, वीकेंड पर मौसम रहेगा कूल-कूल; IMD का आंधी-बिजली का अलर्ट

Kal Ka Mausam, 13 सितंबर 2025, कल का मौसम कैसा रहेगा, Aaj Aur Kal ka Mausam kaisa Rahega : वीकेंड पर मौसम का मिजाज बदल सकता है। आईएमडी के पूर्वानुमान के मुताबिक, उत्तर प्रदेश, बिहार, छत्तीसगढ़ और झारखंड के साथ दक्षिण और पूर्वोत्तर के राज्यों में मेघ गर्जन के साथ तेज बारिश हो सकती है। पहाड़ी राज्यों उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में शनिवार और रविवार को तेज आंधी के साथ मूसलाधार वर्षा और आकाशीय बिजली गिरने का अलर्ट जारी है, इसके प्रभाव से पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में भी मौसमी गतिविधियों की संभावना बन सकती है।

Image

कल का मौसम

कल का मौसम कैसा रहेगा 13 सितंबर 2025: उत्तर भारत में एक बार फिर मानसून एक्टिव होने वाला है। मौसम वैज्ञानिकों के हवाले से प्राप्त जानकारी के मुताबिक, अगले सप्ताह की शुरुआत से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है, जिसका असर बंगाल की खाड़ी से लेकर महाराष्ट्र तक रहेगा। एक साथ दो मौसमी प्रणालियों के आपस में टकराव से पश्चिमी हिस्सों महाराष्ट्र, गुजरात और गोवा में भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा 17 से 19 सितंबर तक हरियाणा, पंजाब, दिल्ली-एनसीआर, राजस्थान, मध्य प्रदेश में आंधी-तूफान के साथ मूसलाधार बारिश की संभावना बन सकती है। इधर, 12, 13 और 14 सितंबर यानी वीकेंड पर शनिवार-रविवार को उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड और छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों में मेघ गर्जन के साथ तेज हवाएं चलेंगी और मध्यम से भारी बारिश के बीच आकाशीय बिजली गिरने का अलर्ट जारी है। इस दौरान नदियों का जलस्तर बढ़ सकता है, जिससे तराई के इलाकों में बाढ़ का खतरा बना रहेगा। आईएमडी के मुताबिक, अगले कुछ दिनों तक पहाड़ों में उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में काले बादल छाए रहेंगे एवं बीच-बीच में तेज मौसमी गतिविधियां होने का अनुमान है। कमोबेश ऐसी ही बारिश पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत के अधिकांश राज्यों में दर्ज किए जाने का पूर्वानुमान है। कुल मिलाकर घर वापसी कर रहा मानसून अभी तरबतर करता नजर आएगा।

कब लौटेगा मानसून?

सितंबर के मध्य से उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में मौसम करवट लेना शुरू कर देगा। राजस्थान से मानसून की वापसी का दौर शुरू होगा। उसी के साथ वेस्टर्न डिस्टर्बेंस भी एक्टिव होगा, जिससे दोनों वेदर ट्रफ क्लैश करेंगी और बादल बनना शुरू होंगे, जिसके प्रभाव से बारिश का सिलसिला शुरू होगा। अचानक मौसम के बदलने से पहाड़ों से लेकर मैदानी इलाकों में जमकर बादल बरसेंगे। फिलहाल, राजस्थान में मानसून थम गया है, लेकिन आने वाले दिनों में बारिश के संकेत हैं। हालांकि, रातें ठड़क का एहसास कराने लगी हैं।

शहर का नामन्यूनतम तापमानअधिकतम तापमान
दिल्ली27°C34°C
मुंबई27°C28°C
जयपुर 24°C31°C
भोपाल23°C31°C
लखनऊ27°C34°C
पटना28°C33°C
देहरादून23°C28°C
शिमला18°C24°C
कश्मीर13°C18°C
बेंगलुरु21°C27°C
चेन्नई27°C32°C

दिल्ली में कल मौसम कैसा रहेगा

दिल्ली-एनसीआर में बादलों और सूरज के बीच लुकाछिपी का खेल जारी है। शुक्रवार से मौसम हल्का है, जिसके प्रभाव से रात में उमस महसूस नहीं हुई। हालांकि, दिन में थोड़ी गर्मी का एहसास हो रहा है। लेकिन मौसम विभाग ने वीकेंड पर दिल्ली में तेज हवाएं चलने और बादल छाए रहने की संभावना जताई है। हालांकि, बारिश को लेकर कोई बड़ा अलर्ट नहीं है। हो सकता है अगले एक दो दिन में हवाओं के साथ बौछारें मौसम को सुहावना बनाएं। आईएमडी ने बताया कि बारिश न होने के कारण न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 34 से 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है। प्रदूषण की बात करें तो धीरे-धीरे बढ़ सकता है। शुक्रवार को एक्यूआई 112 दर्ज किया गया, जो मध्यम श्रेणी में है।

कितना प्रदूषण खतरनाक?

दिल्ली-एनसीआर में बारिश के थमने और मौसम शुष्क होने पर प्रदूषण का लेवल बढ़ता है। अक्टूबर तक इसका प्रभाव खतरनाक हो सकता है। सीपीसीबी के आंकडों के मुताबिक, शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को अच्छा, 51 से 100 के बीच को संतोषजनक, 101 से 200 के बीच को मध्यम, 201 से 300 के बीच को खराब, 301 से 400 के बीच को बहुत खराब और 401 से 500 के बीच को गंभीर माना जाता है।

यूपी में कल का मौसम

उत्तर प्रदेश में फिर से बारिश का सिलसिला शुरू होने वाला है। मौसम विभाग ने शनिवार और रविवार को राज्य के अधिकांश जिलों में मौसमी गतिविधियां होने का पूर्वानुमान जताया है। 12, 13 और 14 सितंबर को मेघ गर्जन के साथ झमाझम बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान कई जिलों में आकाशीय बिजली गिरने का खतरा है। जिन जिलों में मानसून एक्टिव होने वाला है, उनमें पश्चिमी हिस्से के नोएडा, गाजियाबाद, अलीगढ़, आगरा, मथुरा, बुलंदशहर सहारनपुर, मेरठ, शामली, मुजफ्फरनगर, मुरादाबाद, रामपुर, संभल, बरेली, बदायूं, पीलीभीत, शाहजहांपुर, कासगंज, एटा, मैनपुरी, कन्नौज, सीतापुर, लखीमपुर, बहराइच, श्रावस्ती, गोंडा, बलरामपुर, बलिया, मऊ, गाजीपुर, जौनपुर, वाराणसी, चंदौली, मिर्जापुर, सोनभद्र, भदोही और प्रयागराज समेत अन्य पड़ोसी जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा कानपुर समेत तराई वाले इलाकों में गंगा और यमुना जलस्तर खतरे के निशान के ऊपर है। अगर, अगले एक से दो दिन वर्षा होती है तो मौसम काफी सुहावना रहेगा, जिससे दिन के तापमान में कमी आएगी और रात्रि के वक्त सर्द का एहसास होगा।

बिहार में कैसा रहेगा मौसम

बिहार में मानसून एक बार फिर एक्टिव हो गया है। अगले 24 घंटे के दौरान काले बादलों का डेरा रहेगा और अधिकांश जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। इस दौरान किशनगंज, सीतामढ़ी, अररिया, शिवहर, पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण में भारी बारिश का अलर्ट है। आईएमडी ने बताया कि अगले 5 दिन तक राज्य के करीब 25 जिलों में मेघ गर्जन के साथ बारिश और वज्रपात का खतरा बना रहेगा। इस दौरान तापमान में काफी कमी आएगी, जिससे गर्मी और उमस से राहत मिलेगी।

हिमाचल प्रदेश का मौसम

हिमाचल प्रदेश में बादलों का कहर जारी है। राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग ने अगले दो दिन तक अलग-अलग जिलों के लिए भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। आईएमडी के पूर्वानुमान के मुताबिक, मंडी, सुंदरनगर, कांगड़ा, धर्मशाला, कसौली और बिलासपुर में बारिश दर्ज की गई। उधर, कुल्लू में भारी बारिश के कारण हुई लैंडस्लाइड के कारण 206 सड़कें और मंडी में 156 सड़कें आवागमन के लिए बंद हैं।

उत्तराखंड में बारिश का अलर्ट

उत्तराखंड में अभी मानसूनी बारिश का दौर नहीं थमेगा। अगले सप्ताह तक राज्य के अधिकांश जिलों में बारिश का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग के मुताबिक, गढ़वाल और कुमाऊं मंडल के 7 जिलों में भारी बारिश का अनुमान है। इस दौरान देहरादून, पौड़ी गढ़वाल, ऊधम सिंह नगर, बागेश्वर, पिथौरागढ़, नैनीताल और चंपावत जिलों में 12, 13 और 14 सितंबर को बादलों के गरजने और बारिश का येलो अलर्ट जारी है। इस दौरान कई जिलों में आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी है। लिहाजा, खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई हैं।

जम्मू-कश्मीर का मौसम

जम्मू-कश्मीर में पिछले दिनों हुई बारिश से अभी भी सामान्य जनजीवन पटरी पर नहीं लौटा। मौसम विभाग ने राज्य के कुछ हिस्सों में 13 से 17 सितंबर के दौरान बारिश की संभावना जताई है। इससे तापमान में काफी कमी आने के संकेत हैं। हालांकि, सितंबर के मध्य के बाद मानसून वापसी कर लेगा, जिससे दिन में तपन और रात्रि में ठंडक का एहसास शुरू हो जाएगा। इस दौरान अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 16 से 17 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है।

मुंबई में एक सप्ताह का मौसम

मुंबई में सोमवार से एक बारिश फिर तेज बारिश शुरू होने का पूर्वानुमान है। कई हिस्सों में रुक-रुककर बारिश जारी रहेगी। 13 से 16 सितंबर तक बारिश का सिलसिला आगे की ओर बढ़ेगा और मध्य महाराष्ट्र, गुजरात, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, विदर्भ, कोंकण और गोवा में अच्छी खासी बारिश दर्ज की जाएगी। यानी मुंबई में 19 सितंबर तक बारिश का सिलसिला जारी रहेगा।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article