शहर

कल का मौसम : अगले 5 दिन भारी, आधे देश में आंधी-तूफान, बारिश की चेतावनी; बिजली-ओलावृष्टि से रखें सावधानी

Kal Ka Mausam 12 March 2026 , कल का मौसम कैसा रहेगा, Aaj Aur Kal ka Mausam kaisa Rahega : तापमान में बढ़ोतरी पर अगले कुछ दिन तक बारिश का साया रहेगा। मौसम विभाग ने बताया कि 15 मार्च तक पहाड़ों पर वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के कारण बारिश एंव बर्फबारी की संभावना है। वहीं, समूचे उत्तर भारत में 14 मार्च के बाद धूल भरी आंधी चलने और बारिश होने का अलर्ट है, जिससे गर्मी से राहत की उम्मीद है। उधर, 16 मार्च से दक्षिण भारत, पूर्वोत्तर भारत में तेज आंधी-तूफान, ओलावृष्टि एंव वज्रपात के बीच तेज बारिश की चेतावनी जारी की गई है। अधिकांश राज्यों में हीटवेव की एंट्री से गर्मी बढ़ने का अनुमान है।

Image

कल का मौसम

Kal Ka Mausam ( कल का मौसम ) : देशभर में लगातार बढ़ते तापमान और गर्मी के बीच मौसम के करवट लेने के संकेत हैं, जिसका असर अधिकांश राज्यों पर दिखाई देगा। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि 14 से 16 मार्च तक उत्तर भारत में एक नया मौसमी तंत्र सक्रिय होगा, जिसके प्रभाव से हरियाणा, पंजाब, दिल्ली-एनसीआर, यूपी और राजस्थान के अधिकांश भागों पर बादलों की आवाजाही शुरू होगी और मेघ गर्जन के साथ धूल भरी आंधी-बारिश रिकॉर्ड की जाएगी, जिससे बढ़ती गर्मी से राहत मिलेगी। फिलहाल, अगले 3 दिन तक पहाड़ों पर सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ का असर उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के ऊंचाई वाले भागों पर रहेगा, जिससे बारिश के साथ बर्फबारी रिकॉर्ड की जाएगी। इस दौरान तेज बर्फीली हवाओं के झोकों से सर्दी का एहसास होगा एवं कहीं-कहीं ओलावृष्टि का खतरा रहेगा। हालांकि, मैदानी इलाके शुष्क रहेंगे। स्काईमेट का अनुमान है कि अगले 72 घंटों तक ओडिशा, पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र, विदर्भ और बिहार में 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी और मेघ गर्जन के साथ आकाशीय बिजली गिरने एवं हल्के से मध्यम स्तर की बारिश मौसम को प्रभावित करेगी। आईएमडी ने अधिकांश राज्यों में लू (Heatwave) चलने का अलर्ट जारी किया है।

मुंबई का मौसम

महाराष्ट्र में लगातार बढ़ते तापमान से गर्मी अपने चरम स्तर की ओर बढ़ रही है। अधिकांश जिलों में मार्च में ही तापमान सामान्य से कई डिग्री सेल्सियस ऊपर पहुंच गया है। खासकर, मुंबई में लोग अत्यधिक गर्मी का सामना कर रहे हैं, जहां अधिकतम पारा 38 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया है। मौसम विभाग ने बताया कि अगले कुछ दिनों में तापमान में और बढ़ोतकी होगी और जल्द ही हीटवेव का अलर्ट घोषित कर दिया जाएगा। इस बीच मौसम विभाग ने राज्य के कुछ हिस्सों पर अगले सप्ताह तक बारिश को लेकर संभावना जताई है।

दिल्ली-एनसीआर में मौसम कैसा है

दिल्ली-एनसीआर में दिन में तेज गर्म हवाएं चल रही हैं, जिससे लोगों को परेशानी हो रही है। सुबह से चटख धूप के कारण दिन बेहद गर्म हो रहे हैं। हालांकि, अभी रात में मौसम सुहावना बना हुआ है। मौसम विभाग ने बताया कि अगले 2 दिन तक न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम 37 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है, जो मार्च के हिसाब से कई डिग्री अधिक है। आईएमडी जल्द ही हीटवेव का अलर्ट घोषित कर सकता है। इसी बीच मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों के दौरान आसामान पर आंशिक तौर पर बादल की आवाजाही के संकेत दिए हैं। हालांकि, 15 मार्च से हल्की बारिश के आसार जताए हैं। अगर बात पॉल्यूशन की करें तो राहत की उम्मीद कम है। एक बार फिर हवा की क्वालिटी खराब श्रेणी में पहुंच गई है। सीपीसीबी के मुताबिक, एक्यूआई 260 के ऊपर है। कमोबेश ऐसा ही मौसम नोएडा, गाजियाबाद, फरीदाबाद और गुरुग्राम में दर्ज होने का अनुमान है।

राजस्थान में लू का अलर्ट

राजस्थान में मार्च भट्टी जैसे तपने लगा है। अभी से तेज गर्मी परेशान कर रही है। जयपुर मौसम केंद्र के मुताबिक, राज्य के अधिकतर जिलों में अधिकतम तापमान 36 से 40 डिग्री के बीच पहुंच गया है, जो सामान्य से 4 से 10 डिग्री सेल्सियस अधिक है। बाड़मेर में 40.6 डिग्री और झुंझुनू के पिलानी में 39.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। फिलहाल, अगले 3-4 दिन तक मौसम शुष्क रहने रहेगा और कुछ हिस्सों पर लू चलने की संभावना है। हालांकि, 12 मार्च से आंशिक तौर पर बादलों की आवाजाही से तापमान में हल्की गिरावट हो सकती है, जबकि 14 और 15 मार्च को एक नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से कुछ जिलों में मेघगर्जन के साथ आंधी एंव बारिश से मौसम बदलेगा और तापमान में 2-3 डिग्री की गिरावट आने से लोगों त्वरित राहत की उम्मीद है।

बिहार में बारिश-आंधी का पूर्वानुमान

बिहार में पिछले 24 घंटे से मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। राज्य के कई हिस्सों पर बादल छाए हुए हैं और आंधी-बारिश की संभावनाएं हैं। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि 13 मार्च तक पटना, गया, पूर्णिया, भागलपुर, मुंगेर, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, कटिहार, सुपौल, सीतामढ़ी, शिवहर, समस्तीपुर, मधुबनी, जमुई , किशनगंज, सहरसा, मधेपुरा, बांका और अररिया में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी और तेज तड़ित झंझा के साथ बारिश का अलर्ट है। इस दौरान आंधी और ठनका (hailstorm) गिरने का खतरा जताया गया है। मौसम विभाग ने खराब मौसम के दौरान लोगों को सुरक्षित जगहों पर रहने की सलाह दी गई है।

यूपी का मौसम कैसा है

उत्तर प्रदेश में बढ़ती गर्मी के बीच पिछले 2 दिन से सुबह कोहरे की चादर छाई नजर आ रही है, जिससे विजिबिलिटी प्रभावित रही। हालांकि, राज्य के अधिकांश जिलों में मौसम साफ है और दिन में तेज गर्म हवाएं चल रही हैं, जिससे लू का एहसास हो रहा है। दिन में अधिकांश जिलों में अधितम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास या उससे ऊपर पहुंच गया है, जिससे दिन में तेज गर्मी और रात में मौसम सामान्य है। हालांकि, 15 मार्च से एक बार फिर से मौसम में बदलाव की संभावना है और आंधी-बारिश की संभावना जताई जा रही है। मौसम में बदलाव से गर्मी से मामूली राहत की उम्मीद है। हालांकि, अगले कुछ दिन में लू चलने और हीटवेव का अनुमान है।

पंजाब-हरियाणा का मौसम

पंजाब और हरियाणा में बढ़ती गर्मी ने हीटवेव के संकेत मिलने लगे हैं। दिन में तेज हवाओं के बीच चटख धूप लोगों को परेशान कर रही है। मौसम विभाग ने दोनों ही राज्यों में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया है। मौसम विभाग ने बताया कि अगले 2 दिन तक पंजाब के चंडीगढ़, पटियाला, लुधियाना, फरीदकोट, अमृतसर, गुरदासपुर, होशियारपुर, बठिंडा समेत कई जिलों में तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंचने वाला है। इसी बीच आईएमडी ने 15 मार्च से राज्य के कई हिस्सों पर आंधी-बारिश का अलर्ट घोषित किया है। इधर, हरियाणा के फरीदाबाद, गुरुग्राम, नूंह, अंबाला, करनाल, भिवानी, नारनौल और जींद समेत कई जिलों में अधिकतम पारा 30 से 35 के बीच बना हुआ है। लेकिन 15 मार्च से बारिश और आंधी चलने से थोड़े इसमें कमी आने से गर्मी से राहत की उम्मीद है।

उत्तराखंड में बारिश का अलर्ट

उत्तराखंड में पिछले 2 दिन से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है और कई जिलों में आसमान बादलों से ढके हैं। हालांकि, अभी तक तेज बारिश दर्ज नहीं की गई, लेकिन अगले 48 से 72 घंटों के दौरान रूद्रप्रयाग, बागेश्वर, पिथौरागढ़, चमोली और उत्तरकाशी में मेघ गर्जन के साथ रुक-रुककर हल्की बारिश, ओलावृष्टि और बर्फबारी की चेतावनी जारी की गई है। इस दौरान तेज हवाओं के झोंके से मौसम सर्द रहेगा। उधर, गंगोत्री, यमुनोत्री, केदारनाथ और बदरीनाथ में बर्फबारी का सिलसिला जारी है, जिससे वहां न्यूनतम तापमान माइनस की श्रेणी में बना हुआ है, जिससे कड़ाके की सर्दी का एहसास हो रहा है। हालांकि, मैदानी हिस्सों पर मौसम साफ रहने की संभावना है।

हिमाचल प्रदेश में बारिश-बर्फबारी का अलर्ट

हिमाचल प्रदेश में मौसम के करवट लेते ही बादलों ने बरसना शुरू कर दिया है। पिछले 24 घंटे के दौरान पश्चिमी विक्षोभ के असर से ऊंचे भागों पर बादलों की आवाजाही जारी है और कई स्थानों पर बारिश एवं बर्फबारी जारी है। आईएमडी ने बारालाचा, शिंकुला, रोहतांग दर्रा, लाहौल स्पीति, कुल्लू, मंडी, चंबा, किन्नौर और कांगड़ा में बर्फबारी होने और कई स्थानों पर तेज आंधी के साथ बारिश और ओलावृष्टि होने का खतरा जताया है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि अगले 72 घंटों के दौरान मौसम का मिजाज बिगड़ा रहेगा, जिससे सर्दी का एहसास होगा। हालांकि, मैदानी क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहेगा और तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी।

जम्मू-कश्मीर में बारिश-बर्फबारी का अलर्ट

जम्मू-कश्मीर में पिछले 3 दिन से वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के असर से हल्की बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी दर्ज की जा रही है, जिससे तापमान में मामूली गिरावट आई है। हालांकि, मैदानी भागों पर तापमान बढ़ने का सिलसिला जारी है। मौसम विभाग ने बताया कि प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में आसमान में बादल छाए रहेंगे और कई स्थानों पर 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी और हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है और पर्वतीय क्षेत्रों में मध्यम स्तर की बर्फबारी की संभावना है। आईएमडी ने बताया कि 12 से 14 तक मौसम साफ रहेगा, लेकिन15 और 16 मार्च को एक बार फिर से बादल छाए रहेंगे मौसमी गतिविधियां और बर्फ गिरने से मौसम बदल जाएगा। इतनी ही नहीं 17, 18, 19 और 20 मार्च को भी कुछ हिस्सों में हल्की बारिश और बर्फबारी के संकेत हैं, जिससे अभी कश्मीर में ठंड का असर रहेगा, लेकिन मैदानी भागों पर गर्मी की एंट्री हो चुकी है।

पूर्वोत्तर-दक्षिण में बारिश का अलर्ट

आईएमडी ने बताया कि पूर्वोत्तर के हिस्सों पर अगले कुछ घंटों तक मौसम बदला रहेगा और गरज-चमक के साथ आंधी-बारिश के संकेत हैं। इस दौरान 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी और मेघ गर्जन के बीच आकाशीय बिजली गिरने का खतरा रहेगा। 11 से 16 मार्च के बीच सिक्किम, ओडिशा, पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों पर रुक-रुककर मौसमी गतिविधियां जारी रह सकती हैं। इस अवधि में दक्षिण भारत के कुछ भागों पर और महाराष्ट्र में भी बारिश की संभावना है। वहीं, छत्तीसगढ़ और झारखंड में बादलों की आवाजाही रहेगी। हालांकि, तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, ओडिशा समेत अन्य राज्यों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया है, जिससे लू चलने का अलर्ट है। मौसम विभाग ने कहा दक्षिण और पूर्वोत्तर में प्री मानसून के संकेत हैं।

12 मार्च गुरुवार का तापमान

शहर का नामन्यूनतम तापमानअधिकतम तापमान
दिल्ली18°C35°C
चंडीगढ़19°C33°C
मुंबई25°C31°C
जयपुर20°C36°C
भोपाल21°C36°C
कोलकाता23°C32°C
चेन्नई23°C30°C
हैदराबाद22°C33°C
रांची19°C31°C
पटना23°C32°C
लखनऊ20°C35°C
देहरादून17°C22°C
शिमला12°C24°C
कश्मीर7°C13°C

हीटवेव क्या है?

मार्च की शुरुआत से ही अधिकांश राज्यों में तापमान बढ़ता जा रहा है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 2 से 4 दिन में तेलंगाना, विदर्भ, मराठवाड़ा, तमिलनाडु और रायमसीला में दिन का तापमान तेजी से बढ़ सकता है। अगले 10 दिन में 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। मैदानी इलाकों में हीटवेव के 40 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक होना आवश्यक है, जो सामान्य से 4.5 डिग्री सेल्सियस ज्यादा होना चाहिए। तटीय क्षेत्रों के लिए यह सीमा 37 डिग्री सेल्सियस और पहाड़ी क्षेत्रों के लिए 30 डिग्री सेल्सियस निर्धारित है। इस दौरान डीहाइड्रेशन, हीट क्रैम्प्स और जानलेवा हीटस्ट्रोक होने का खतरा बढ़ सकता है। ले चलमे से चक्कर आना, बेहोशी इत्यादि आने की संभावनाएं बढ़ जाती हैं।

गर्मी कहां पड़ रही

देश के अधिकांश भागों पर तापमान में बढ़ोतरी जारी है। हालांकि, अभी भी हिमालयी राज्यों पर बर्फबारी से मौसम सर्द है, लेकिन उत्तर भारत में न्यूनतम और अधिकतम तापमान बढ़ रहा है। लिहाजा, अगले सप्ताह तक मौसम काफी गर्म महसूस होगा। फिलहाल, दक्षिण भारत, पूर्वोत्तर और गुजरात, महाराष्ट, छत्तीसगढ़, झारखंड, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, केरल, कर्नाटक और तमिलनाडु के अधिकांश भागों पर गर्मी का सिलसिला शुरू हो गया है। जल्द ही कुछ राज्यों में लू और सनबर्न का अलर्ट जारी हो सकता है।

सनबर्न क्या होता है?

गर्मी का सीजन शुरू होने के संकेत मिलने लगे है। लिहाजा गर्मियों के सीजन से बचाव के लिए सनबर्न का अलर्ट जारी किया जाता है। दरअसल, एक्सपर्ट के मुताबिक, सनबर्न त्वचा के लिहाज से काफी हानिकारक माना जाता है। चिकित्सीय भाषा में इसे डर्माटाइटिस सोलारिस कहा जाता है। सनबर्न सूरज की यूवी किरणों के अधिक संपर्क में आने से होती है। इससे स्किन पर इरिटेशन होने लगती है, जिससे त्वचा में छाले, सूजन और लाल दाग पड़ने लगते हैं और दर्द महसूस होता है। यानी की अधिकांश केस में स्किन झुलस जाती है, जिससे उसका कलर डार्क प्रतीत होता है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Pushpendra kumar
Pushpendra Kumar author

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ... और देखें

End of Article