कल का मौसम कैसा रहेगा : देश के उत्तरी हिस्सों में एक बार फिर से मानसून के सक्रिय होने की संभावना व्यक्त की जा रही है। 11 सितंबर से बादलों की आवाजाही शुरू होगी और मेघ गर्जन के साथ दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, बिहार और उत्तर प्रदेश के अधिकांश जिलों में बारिश की गतिविधियां रिकॉर्ड की जाएंगी। इस दौरान आकाशीय बिजली गिरने और नदियों के जलस्तर में बढ़ोतरी के संकेत हैं। उधर, पहाड़ों पर मौसमी तंत्र एक्टिव है, जिसके प्रभाव से जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के मैदानी भागों तक मध्यम से तेज स्तर की वर्षा की संभावना व्यक्त की जा रही है। इस दौरान लैंडस्लाइड का खतरा बना रहने की बात कही है। स्काईमेट ने बताया कि दक्षिण भारत में मानसून के सुस्त पड़ने का अनुमान है, लेकिन हल्की बारिश का दौर जारी रहेगा। वहीं, पूर्वोत्तर के राज्यों में तेज मानसूनी वर्षा का अलर्ट घोषित किया गया है। इस दौरान तापमान में उतार चढ़ाव जारी रहेगा।
यूपी में कैसा रहेगा मौसम
उत्तर प्रदेश में अगले दो दिनों में मौसम का मिजाज बदल सकता है। आईएमडी के मुताबिक, राज्य के कुछ हिस्सों पर जगहों पर गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। हालांकि, पश्चिमी हिस्सों में मौसम के शुष्क रहने की उम्मीद है। पूर्वी जिलों में कुछ जगहों पर बिजली कड़कने के साथ आंधी-तूफान आने की बहुत संभावना है। लखनऊ में पहले आंशिक रूप से बादल छाए रहने के बाद आम तौर पर बादल छाए रहने की उम्मीद है। साथ ही, एक-दो बार बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 34 और 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
दिल्ली-एनसीआर में कल का मौसम
दिल्ली-एनसीआर में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदल जा रहा है। मानसून की गतिविधियों में लगातार हो रहे बदलाव के बीच अगले कुछ दिनों तक बादल छाए रह सकते हैं। 11 से 16 सितंबर के बीच हल्की से मध्यम बारिश की संभावना भी है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। फिलहाल, दिल्ली-एनसीआर में हवा की गुणवत्ता मामूली तौर पर साफ दिख रही है। दिल्ली के कई इलाकों में एक्यूआई 100 से ऊपर दर्ज किया गया है। कमोबेश ही गाजियाबाद, नोएडा, गुरुग्राम और फरीदाबाद में भी मौसम रहेगा।
दक्षिण-पूर्वोत्तर में बारिश का अलर्ट
स्काईमेट ने पूर्वोत्तर के राज्यों में तेज मौसमी गतिविधियां होने का पूर्वानुमान जारी किया है। इस दौरान अरुणाचल प्रदेश, असम, सिक्किम, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, झारखंड, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों पर बादलों का बरसना जारी रहेगा। इस दौरान कुछ स्थानों पर तेज बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने का खतरा बना रहेगा। खासकर, नदियों के जलस्तर में बढ़ोतरी से कई हिस्से बाढ़ की चपेट में रहेंगे। खराब मौसम के दौरान लोगों को सतर्क रहने के लिए कहा गया है। उधर, दक्षिण भारत के राज्यों में मानसून थोड़ा कमजोर पड़ता दिखाई दे रहा है, लेकिन तमिलनाडु और केरल में तेज बारिश का अलर्ट है। हालांकि, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह समेत पश्चिमी घाट के अधिकांश हिस्सों पर मौसमी गतिविधियां जारी रहेंगी। वहीं, महाराष्ट्र और गुजरात के कुछ जिलों में मौसम शुष्क रहेगा और कहीं-कहीं हल्की बारिश का दौर देखने को मिल सकता है।
कोलकाता में भारी बारिश का अलर्ट
पश्चिम बंगाल में मानसून सक्रिय है। आईएमडी ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में लो प्रेशर एरिया बनने से अगले तीन दिनों तक मध्यम से भारी बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण 24 परगना के कुछ पश्चिमी जिलों और तटीय इलाकों में भारी बारिश हो सकती है। दक्षिण बंगाल के जिलों में भी कहीं-कहीं भारी बारिश और आंधी-तूफान की संभावना है। शुक्रवार को पूर्वी मिदनापुर, पश्चिमी मिदनापुर और दक्षिण 24 परगना जिलों में भारी बारिश की संभावना है। इन तीनों जिलों में भारी बारिश के लिए येलो वॉर्निंग जारी की गई है। बाकी सभी जिलों में कहीं-कहीं आंधी-तूफान आ सकता है। साथ ही, 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
झारखंड में कैसा रहेगा मौसम
झारखंड के कुछ हिस्सों में 12 सितंबर तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। राज्य के 10 जिलों- रांची, रामगढ़, हजारीबाग, चतरा, कोडरमा, गिरिडीह, बोकारो, धनबाद, देवघर और जामताड़ा में भारी बारिश के लिए ’येलो’ अलर्ट जारी किया गया है। राज्य के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है।
