Kal Ka Mausam ( कल का मौसम ) : पहाड़ों पर नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो गया है। इसके असर से 11 फरवरी तक 3 राज्यों उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में मौसम खराब होगा और बादलों की गरज-चमक के साथ बर्फबारी व बारिश का अलर्ट है, जिससे यहां हिमालयी क्षेत्रों से लेकर मैदानी इलाकों तक सर्दी का ग्राफ बढ़ा रहेगा। घाटी में न्यूनतम तापमान माइनस में रहने की संभावना है। आईएमडी ने अगले सप्ताह यानी 16 से 18 फरवरी के बीच एक और नये वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के असर से पहाड़ों समेत हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, दिल्ली और मध्य प्रदेश तक बारिश का पूर्वानुमान जताया है। हालांकि, उत्तर भारत में दक्षिण-पश्चिमी हवाओं के असर समूचे उत्तर भारत में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है, जिससे दिन में गर्मी का एहसास होने लगा है। कयास लगाए जा रहे हैं सुबह-शाम की सर्दी को छोड़कर दिन में पूर्णतया सर्दी से छुटकारा मिल जाएगा। उधर, दक्षिण भारत, महाराष्ट्र, गुजरात में मौसम शुष्क और गर्म होने का अनुमान है। पूर्वोत्तर के हिस्सों पर बारिश के संकेत हैं।
| शहर का नाम | न्यूनतम तापमान (11 फरवरी) | अधिकतम तापमान (11 फरवरी) |
| कश्मीर | -2°C | 6°C |
| शिमला | 4°C | 15°C |
| देहरादून | 7°C | 17°C |
| चंडीगढ़ | 11°C | 22°C |
| दिल्ली | 11°C | 25°C |
| जयपुर | 12°C | 27°C |
| मुंबई | 22°C | 28°C |
| लखनऊ | 11°C | 26°C |
| पटना | 12°C | 26°C |
| भोपाल | 16°C | 28°C |
| कोलकाता | 14°C | 28°C |
दिल्ली का मौसम कल
दिल्ली में अगले सप्ताह से मौसम में परिवर्तन दिख सकता है, लेकिन अभी मौसम साफ रहने का अनुमान है। हल्के बदली के सिवा कोई मौसमी गतिविधि की चेतावनी नहीं है। आईएमडी की मानें तो अगले 2 दिन न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। फिलहाल, दिन में तापमान बढ़ने से सर्दी गायब सी हो गई है, जबकि पॉल्यूशन का लेवल हाई है।
यूपी-एमपी का मौसम कैसा है
उत्तर प्रदेश में अब धीरे-धीरे तापमान में बढ़ोतरी से दिन में सर्दी का असर खत्म होगा। हालांकि, सुबह और शाम काफी सर्दी महसूस होगी। इस दौरान हल्का कोहरा छाया रह सकता है, लेकिन हवाओं की गति तेज होने से ये भी छट जाएगा। अगले कई दिनों तक मौसम साफ रहेगा। उधर, मध्य प्रदेश में भी मौसम साफ रहने का अनुमान है। टेंपरेचर बढ़ने से अब गर्मी के दस्तक की संभावना है। सुबह और शाम अभी सर्दी से बचने की चेतावनी है। वहीं, महाराष्ट्र और गुजरात में सर्दी लगभग गायब होने की कगार पर हैं।
राजस्थान का मौसम कैसा रहेगा
राजस्थान से अगले सप्ताह तक मौसम साफ रहने का अनुमान है। हालांकि, 16 से 18 फरवरी तक नए पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम में बदलाव की संभावना है। बहरहाल, अगले तीन से चार दिन में तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तापमान बढ़ने की संभावना है, जिससे दिन में गर्मी का एहसास होगा, लेकिन सुबह-शाम काफी सर्द महसूस की जाएगी। फिलहाल, राज्य में बाड़मेर में अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और पाली में न्यूनतम 5.6 डिग्री सेल्सियस के आसपास है।
हिमाचल प्रदेश का मौसम
हिमाचल प्रदेश में सोमवार से ही मौसम बदल गया। प्रदेश के अधिकांश भागों पर बादल छाए हुए हैं और बारिश-बर्फबारी का अलर्ट घोषित है। पश्चिमी विक्षोभ के कारण पूरे प्रदेश में 11 फरवरी तक मौसम खराब रहने का अनुमान है। पहाड़ों समेत मैदानी जिलों में हिमपात और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान गरज चमक के साथ तेज हवाएं चलने का येलो अलर्ट है। खासकर, रोहतांग दर्रा, लाहौल स्पीति, ताबो और कुल्लू समेत कई इलाकों में तेज बर्फबारी और कुछ जिलों में फाहे गिरने से सर्दी का सितम जारी रहेगा। कुछ इलाकों में न्यूनतम तापमान माइनस डिग्री और कुछ भागों पर न्यूनतम तापमान 5 डिग्री से 10 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
उत्तराखंड में बारिश का मौसम
उत्तराखंड में पिछले 24 घंटे से वेस्टर्न डिस्टर्बेंस एक्टिव है, जिसका प्रभाव राज्य के कई जिलों पर है, जिससे बादल छाए हुए हैं सर्द हवाएं बह रही हैं। देहरादून में करीब 3 डिग्री तापमान में गिरावट दर्ज की गई। आईएमडी ने 5 जिलों अल्मोड़ा, पिथौरागंढ़, टिहरी में बारिश एवं रूद्र प्रयाग, बागेश्वर, पिथौरागढ़, चमोली और उत्तरकाशी में हल्की से मध्यम बारिश व बर्फबारी की संभावना जताई गई है। कई हिस्सों पर कोहरा छाए रहने और शीतलहर का अनुमान है, जिससे अभी कड़ाके की सर्दी महसूस होती रहेगी।
जम्मू-कश्मीर का मौसम
पहाड़ों पर पश्चिमी विक्षोभ के आने से कश्मीर के ऊंचाई वाले भागों पर घने बादल छाए हैं। कई स्थानों पर बर्फबारी के साथ बारिश की चेतावनी जारी है। हालांकि, घाटी में बर्फबारी का सिलसिला जारी है, जिससे न्यूनतम तापमान माइनस में बना हुआ है। हालांकि, कुछ इलाकों में आसमान पर बादल छाए रहने से सर्दी स्थिर है। मौसम विभाग ने बताया कि अगले 24 घंटे के दौरान मध्यम बारिश से मौसम बदल जाएगा। उधर, बारामूला, श्रीनगर, पहलगाम, गुलमर्ग, काजीगुंड, कोकरनाग और कुफवाड़ा में बर्फ गिरने से तापमान माइनस 1 डिग्री से लेकर 4 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
