Kal Ka Mausamm (कल का मौसम कैसा रहेगा): उत्तर भारत में सुबह-शाम ठंड का अहसास होता है और कंपकंपी महसूस होती है, जबकि दोपहर के समय काफी गर्मी हो रही है। हिमाचल प्रदेश सहित पहाड़ी राज्यों में शीतलहर का अभी जारी है। पश्चिम बंगाल, सिक्किम और ओडिशा के कुछ हिस्सों में घना कोहरा भी बना हुआ है। दिल्ली में तापमान में वृद्धि देखी गई है और आगामी दिनों में तापमान और भी ज्यादा बढ़ सकता है। उत्तर प्रदेश के भी अधिकतर इलाकों में मौसम साफ रहने का अनुमान है, जबकि उत्तर पूर्वी राज्य अरुणाचल प्रदेश में 9 से 15 फरवरी के बीच बारिश होने की संभावना है।
राजस्थान में मौसम रहा शुष्क
राजस्थान में शनिवार को मौसम शुष्क रहा वहीं सीकर जिले का फतेहपुर 3.2 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे ठंडा स्थान रहा। मौसम विभाग के प्रवक्ता के अनुसार शनिवार सुबह करौली में न्यूनतम तापमान 4.3 डिग्री, दौसा में 4.6 डिग्री, राज्य के एकमात्र पर्वतीय पर्यटक स्थल माउंट आबू में 5.2 डिग्री, चूरू में 5.6 डिग्री और लूणकरणसर में 5.7 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।
उन्होंने बताया कि सीकर में न्यूनतम तापमान 6 डिग्री, डबोक में 6.6 डिग्री, चित्तौड़गढ़ में 6.7 डिग्री, अंता में 6.9 डिग्री, नागौर में 7.1 डिग्री, वनस्थली में 7.3 डिग्री और राजधानी जयपुर में 10.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उन्होंने बताया कि आगामी 48 घंटों में राज्य के अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस बढ़ोतरी होने की प्रबल संभावना है।
आंधी तूफान के साथ बारिश की संभावना
मौसम विभाग के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में अरुणाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की फुल्की बारिश हुई है, लेकिन आने वाले दिनों में झमाझम बारिश की संभावना जताई जा रही है। अरुणाचल प्रदेश में 10-13 फरवरी को अधिकांश स्थानों पर वर्षा/बर्फबारी, जबकि 11 और 12 फरवरी को दौरान भारी वर्षा की संभावना है। पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में 9-11 फरवरी के दौरान अलग-अलग स्थानों में बिखरी हुई हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना है।
पश्चिमी विक्षोभ अफगानिस्तान के इलाके में देखा जा रहा है। आने वाले दिनों में जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश औऱ उत्तराखंड में आगामी दिनों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
तापमान में बढ़ोतरी के आसार
बकौल रिपोर्ट, उत्तर पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत में अगले कुछ दिनों में तापमान में वृद्धि हो सकती है। इसके अलावा पश्चिम बंगाल में 10 और 11 फरवरी को, जबकि दक्षिण ओडिशा में 10 फरवरी को घना कोहरा रहने की संभावना है। अरुणाचल प्रदेश में 10 फरवरी को आंधी, तूफान के साथ बारिश की संभावना है। इसके अलावा 15 तारीख तक मौसम ठीक ठाक रहेगा।
