शहर

आज का मौसम : 24 घंटे आंधी-तूफान संग होगी बारिश मूसलाधार, गिरेंगे पत्थर होगा वज्रपात! IMD ने किया सावधान

Aaj Ka Mausam, 03 अक्टूबर 2025, कल का मौसम कैसा रहेगा, Aaj Aur Kal ka Mausam kaisa Rahega : 4 अक्टूबर को पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) और चक्रवाती परिसंचरण (Cyclonic Circulation) के सक्रिय होने से उत्तर भारत में मौसमी गतिविधियां तेज हो सकती हैं। इस असर, राजस्थान, पंजाब और उसके आसपास के क्षेत्रों में अच्छी खासी बारिश होने की संभावना है। यही वेदर सिस्टम उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बादल बनाएगा, जिसके प्रभाव से ओलावृष्टि, आकाशीय बिजली गिरने के साथ बारिश होगी, जिससे तापमान में कमी आएगी। उधर, बंगाल की खाड़ी में बन रहे निम्म दबाव क्षेत्र के कारण 10 अकूटबर तक विभिन्न राज्यों में आंधी-तूफान के साथ भारी बारिश की चेतावनी है। इसके प्रभाव से पूर्वोत्तर, दक्षिण भारत के साथ मराठवाड़ा, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और झारखंड के हिस्सों में अच्छी खासी वर्षा का पूर्वानुमान है।

Image

कल का मौसम

आज का मौसम कैसा रहेगा 03 अक्टूबर 2025 : त्योहारी महीने में मौसम का मिजाज कैसा रहेगा, इसको लेकर मौसम विभाग ने संकेत दे दिए हैं। मानसून की वापसी के बाद फिर से नया वेदर सिस्टम एक्टिव हो गया है, जिसके प्रभाव से पहाड़ी राज्यों से लेकर मैदानी इलाकों तक मौसमी गतिविधियां होने का पूर्वानुमान है। आईएमडी की मानें तो अगले 10 दिन तक मानसून की वापसी पर ब्रेक लग सकता है, जिससे उत्तर भारत के राज्यों में बारिश दर्ज की जाएगी। उधर, बंगाल की खाड़ी में एक और नया वेदर सिस्टम बनने से पूर्वी और पूर्वोत्तर के हिस्सों में बादल बरसते नजर आएंगे। अगले 24 घंटे की बात करें तो बिहार, झारखंड, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा और पंजाब में मेघ गर्जन के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी और कहीं-कहीं मध्यम से भारी बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिर सकती है। लिहाजा, खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है। इसके अलावा पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश एवं उत्तराखंड में आंधी के साथ कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि-वज्रपात होने के साथ वर्षा का अलर्ट है। 3 अक्टूबर को अंडमान निकोबार द्वीप समूह, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक, केरल, लक्ष्यद्वीप, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, कोंकण, गुजरात, ओडिशा और पश्चिम बंगाल के कुछ भागों में तूफानी हवाओं के साथ बादल मूसलाधार बरसेंगे, जिससे गर्मी और उमस से राहत महसूस होगी।

यूपी में कल का मौसम

उत्तर प्रदेश के पश्चिमी हिस्सों नोएडा, गाजियाबाद, हापुड़, मेरठ, मुजफ्फरनगर समेत कई जिलों में मौसमी गतिविधियां दर्ज की जा रही हैं। मौसम विभाग ने बुंदलेखंड के जिलों बांदा, हमीरपुर, चित्रकूट के साथ फतेहपुर, प्रयागराज, मिर्जापुर, वाराणसी, जौनपुर और गाजीपुर समेत कई जिलों में मेघ गर्जन के साथ तेज हवाएं 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार चलने और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई है। आईएमडी की मानें तो 3 से 6 अक्टूबर तक राज्य में रुक-रुककर बारिश का दौर जारी रह सकता है। इतना ही नहीं 6 अक्टूबर को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में ओलावृष्टि होने और 7 अक्टूबर को मध्यम से भारी बारिश का अलर्ट है। अगर, वर्षा का क्रम जारी रहा तो अगले कुछ दिन तक दिन का तापमान कम रहेगा, जिससे गर्मी का एहसास कम होगा और रात्रि का तापमान गिरेगा।

दिल्ली में कल कैसा है मौसम का हाल

दिल्ली-एनसीआर में धूप छांव का खेल जारी है। हालांकि, कोई बड़ा मौसम तंत्र एक्टिव नहीं है, लेकिन अगले 2 दिन तक बादलों के बरसने के संकेत हैं। आईएमडी ने बताया कि इस दौरान न्यूनतम तापमान 25.8 डिग्री सेल्सियस जो इस मौसम के सामान्य तापमान से 2.5 डिग्री सेल्सियस कम है और अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। हालांकि, दिल्ली में पिछले 24 घंटे में कहीं बारिश दर्ज नहीं की गई। लेकिन, अगले 2 दिन मौसम एक्टिव रह सकता है।

दिल्ली का प्रदूषण कितना है?

दिल्ली-एनसीआर में पिछले 2 दिन से वेदर एक्टिविटी होने से हवा में तैर रहे धूल के बैठ गए हैं, जिससे प्रदूषण का स्तर काफी कम है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 114 रहा, जो मध्यम श्रेणी में आता है। सीपीसीबी के अनुसार, शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को अच्छा, 51 से 100 के बीच को संतोषजनक, 101 से 200 के बीच को मध्यम, 201 से 300 के बीच को खराब, 301 से 400 के बीच को बहुत खराब और 401 से 500 के बीच को गंभीर माना जाता है।

झारखंड का मौसम कैसा रहेगा?

झारखंड के विभिन्न हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी है। आईएमडी ने चार अक्टूबर तक गढ़वा, पलामू और चतरा जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट और लातेहार, हजारीबाग, बोकारो, कोडरमा, गिरिडीह और धनबाद के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। दशहरा उत्सव के दौरान रांची और कई अन्य इलाकों में बारिश जारी है। आईएमडी ने बताया कि राज्य में अगले कुछ दिनों तक बारिश जारी रहने की संभावना है। रांची मौसम विज्ञान केंद्र के प्रभारी अभिषेक आनंद ने कहा कि 6 अक्टूबर तक राज्य भर में 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ कहीं-कहीं गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। तीन अक्टूबर तक लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा, रांची, खूंटी, पश्चिमी सिंहभूम, बोकारो, सरायकेला-खरसावां, पूर्वी सिंहभूम, रामगढ़ और धनबाद के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। अगले तीन दिन में तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की संभावना है।

बिहार में बारिश होगी या नहीं?

बिहार के विभिन्न हिस्सों में काले बादल छाए हुए हैं। बारिश के कारण दशहरे का मजा फीका हो रहा, मेले इत्यादि में लोगों की संख्या कम हो रही। मौसम विभाग के मुताबिक, 2 अक्टूबर को करीब 35 जिलों में मौसमी गतिविधियां हुईं। इस दौरान राजधानी पटना, बेतिया, नालंदा, औरंगाबाद, दरभंगा, समस्तीपुर में मूसलाधार बारिश के कारण जलभराव की स्थिति रही। आईएमडी के मुताबिक, अगले 4 से 5 दिन तक राज्य के कई जिलों में मेघ गर्जन और आंधी-तूफान के साथ ठनका गिरने एवं बारिश की स्थितियां बनी रहेंगी, जिससे तापमान कम रहेगा और लोगों को सुहावने मौसम का एहसास होगा।

राजस्थान में मौसम कैसा रहेगा?

मौसम विभाग ने राजस्थान में मौसम सुहावना रहने के संकेत दिए हैं। 3 अक्टूबर को राज्य के झुंझनू, सीकर, जयपुर, टोंक, नागौर, जोधपुर, अजमेर, बाड़मेर, राजसमंद, बूंदी और टोंक समेत कई पड़ोसी जिलों में मौसम का मिजाज बिगड़ सकता है। इसके प्रभाव से आंधी के साथ बादलों की गरजने चममके के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जिससे तापमान में कमी आएगी और दिन में गर्मी का एहसास कम होगा। आईएमडी ने इन जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है।

शहर का नामन्यूनतम तापमानअधिकतम तापमान
दिल्ली25°C35°C
मुंबई26°C29°C
जयपुर25°C31°C
भोपाल23°C31°C
लखनऊ26°C31°C
पटना26°C29°C
देहरादून19°C28°C
शिमला12°C24°C
जम्मू-कश्मीर7°C18°C
हैदराबाद23°C28°C
बेंगलुरु21°C27°C

उत्तराखंड का मौसम

पश्चिमी विक्षोभ के दस्तक देने की संभावनाओं के बीच उत्तराखंड के कई जिलों में बादलों के छाए रहने का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग ने 3 अक्टूबर को देहरादून, नैनीताल, चमोली, पिथौरागढ़, बागेश्वर, उत्तरकाशी, रूद्र प्रयाग, अल्मोड़ा, चंपावत और उधम सिंह नगर में झमाझम बारिश का अनुमान जताया है। इस दौरान हवाओं का वेग तेज रहेगा और कई इलाकों में ओले गिरने और बिजली कड़कने का खतरा बना रहेगा। लिहाजा, लोगों को सावधान रहने के लिए कहा गया है।

हिमाचल प्रदेश का मौसम

हिमाचल प्रदेश के लिए मौसम विभाग ने बड़ी चेतावनी जारी की है। मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, 5 से 7 अक्टूबर तक प्रदेश के अधिकांश जिलों में मेघ गर्जन, आंधी, ओलावृष्टि, वज्रपात के साथ भारी बारिश हो सकती है। ओलावृष्टि के साथ पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी की भी संभावना जताई जा रही है, जिससे तापमान में कमी आने की संभावना है। हालांकि, कई जिलों में मौसम शुष्क रहेगा और धूप खिली रहेगी। आईएमडी के मुताबिक, सोलन, सिरमौर, चंबा और कांगड़ा में मौसमी गतिविधियां दर्ज की जाएंगी।

पूर्वोत्तर के मौसम का हाल

पूर्वोत्तर में बंगाल की खाड़ी में बन रहे निम्न दबाव क्षेत्र के कारण अच्छी खासी बारिश के आसार हैं। भारत मौसम विभाग (IMD) ने सात जिलों के लिए अत्यधिक भारी बारिश का रेड अलर्ट और 16 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है एवं शेष सात जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। आईएमडी ने पुरी, गंजाम, गजपति, रायगढ़ा, कोरापुट, कलाहांडी और कन्धमाल के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। मलकानगिरी, नबरंगपुर, बलांगिर, सोनपुर, बौध, अंगुल, ढेंकनाल, नयागढ़, खुर्दा, जगतसिंहपुर, कटक, भद्रक, बालासोर, मयूरभंज, जाजपुर और केंद्रपाड़ा जिले में भीषण बारिश का पूर्वानुमान है।

कोलकाता में बारिश का ऑरेंज अलर्ट

कोलकाता में गुरुवार दोपहर भारी बारिश दर्ज की गई। आईएमडी के मुताबिक, अभी और अधिक बारिश हो सकती है। अगले कुछ घंटों में कोलकाता और आसपास के जिलों में 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और गरज के साथ भारी बारिश हो सकती है। हावड़ा, उत्तर 24 परगना और दक्षिण 24 परगना जिलों के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की आशंका है।

महाराष्ट्र का मौसम

महाराष्ट्र के कई जिलों में बादलों का रुख तेज है। आईएमडी ने नासिक समेत कई जिलों के लिए मध्यम से भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। खासकर, मराठवाड़ा और कोंकण इलाकों में मौसमी गतिविधियां तेज होने का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग की मानें तो राज्य से अभी 15 अक्टूबर तक मानसून वापस नहीं होगी, लिहाजा अगले 15 दिन तक बादल बरस सकते हैं, जिससे तापमान कंट्रोल रहेगा। मुंबई में भी बीच-बीच में रुक-रुककर बारिश जारी रह सकती है।

FAQs

कल बारिश होगी या नहीं?

मौसम विभाग के अनुसार नए वेदर सिस्टम के एक्टिव होने से उत्तर भारत के उत्तर प्रदेश, दिल्ली-एनसीआर, राजस्थान, बिहार, हरियाणा, पंजाब, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और मध्य प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

कल दोपहर का मौसम कैसा रहेगा?

मानसून 2025 कब तक रहेगा?

ठंड कब से शुरू होगी

दिल्ली में एयर क्वालिटी एवं वायु गुणवत्ता सूचकांक

ऑरेंज येलो और ग्रीन अलर्ट क्या होता है?

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article