शहर

Delhi News: दिल्ली में फ्लू, डेंगू और मलेरिया को लेकर सरकार अलर्ट, जेपी नड्डा ने तैयारियों की समीक्षा की

Delhi News: दिल्ली में इन्फ्लुएंजा, डेंगू और मलेरिया जैसी बीमारियों की तैयारियों को लेकर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने समीक्षा बैठक की। दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री पंकज कुमार सिंह ने अस्पतालों की तैयारियों और बीमारी की निगरानी की जानकारी दी।

Image

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा (फाइल फोटो)

Photo : PTI

Delhi News: दिल्ली में मौसमी और मच्छरजनित बीमारियों को लेकर केंद्र और दिल्ली सरकार ने तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक की है। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा ने बैठक के दौरान दिल्ली में इन्फ्लुएंजा, डेंगू और मलेरिया की स्थिति और अस्पतालों की तैयारियों का जायजा लिया गया। बैठक में दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री पंकज कुमार सिंह ने राजधानी में बीमारी की निगरानी, अस्पतालों में उपलब्ध सुविधाओं और मरीजों के इलाज के लिए किए गए इंतजामों की जानकारी दी।

दिल्ली में इन्फ्लुएंजा के 2,392 मामले

बैठक में खासतौर पर मौसमी फ्लू पर चर्चा हुई। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, 2026 में अब तक दिल्ली में इन्फ्लुएंजा-ए के 2,392 मामले सामने आ चुके हैं। इनमें H1N1 के 1,777 मामले शामिल हैं। इसके अलावा H1 के 37, H3 के 138 और अन्य प्रकार के इन्फ्लुएंजा के 440 मामले दर्ज किए गए हैं। दिल्ली स्टेट हेल्थ मिशन की ओर से बीमारी की लगातार निगरानी की जा रही है। इन्फ्लुएंजा जैसे लक्षणों वाले मरीजों, गंभीर श्वसन संक्रमण और फ्लू के मामलों की प्रतिदिन मॉनिटरिंग की जा रही है।

स्वास्थ्य मंत्री बोले- बेड, डॉक्टर और दवाओं की कमी नहीं

दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री पंकज कुमार सिंह ने बैठक के दौरान कहा कि सरकार मौजूदा स्वास्थ्य स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने दावा किया कि अस्पतालों में बेड, डॉक्टर, दवाइयों और जरूरी मेडिकल उपकरणों की कोई कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि मरीजों को समय पर जांच और उचित इलाज उपलब्ध कराने पर सरकार का ध्यान केंद्रित है। अस्पतालों को जरूरी दवाइयां, जांच किट, IV फ्लूइड, ब्लड प्रोडक्ट और जरूरत के अनुसार अलग बेड उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए हैं।

डेंगू के 246 और मलेरिया के 80 मामले

दिल्ली में 2026 में अब तक डेंगू के 246 मामले दर्ज किए गए हैं, इनमें से किसी मौत की सूचना नहीं है। वहीं मलेरिया के 80 मामले सामने आ चुके हैं, जबकि चिकनगुनिया के 19 मामले दर्ज हुए हैं। इन बीमारियों से भी अब तक किसी मौत की सूचना नहीं मिली है। मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम के लिए स्थानीय निकायों की ओर से बड़े स्तर पर अभियान भी चलाया जा रहा है।

2.38 करोड़ घरों का दौरा

स्थानीय निकायों ने वेक्टर कंट्रोल अभियान के तहत अब तक करीब 2.38 करोड़ घरों का दौरा किया है। इस दौरान 3.20 लाख घरों में छिड़काव किया गया, जबकि 91,217 मच्छर प्रभावित घरों की पहचान की गई। नियमों का पालन नहीं करने पर 74,591 घरों को कानूनी नोटिस जारी किए गए। इसके अलावा 6,724 मामलों में अभियोजन की कार्रवाई शुरू की गई।

35 अस्पतालों में निगरानी की व्यवस्था

दिल्ली में बीमारी की निगरानी के लिए 35 सेंटिनल सर्विलांस अस्पताल बनाए गए हैं। इसके अलावा AIIMS और NCDC में दो प्रमुख रेफरल लैब और MAMC में मलेरिया रेफरेंस लैब की व्यवस्था की गई है। अस्पतालों को अपने परिसर को मच्छर मुक्त रखने, बीमारी के मामलों की समय पर रिपोर्टिंग करने और पर्याप्त जांच व इलाज की सुविधाएं तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं।

लोगों से सावधानी बरतने की अपील

स्वास्थ्य विभाग ने श्वसन संबंधी बीमारियों से बचाव के लिए लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है। भीड़भाड़ वाली जगहों पर मास्क पहनने, हाथों की सफाई रखने और सांस संबंधी बीमारी से पीड़ित लोगों के संपर्क से बचने की सलाह दी गई है। सरकार ने लोगों से बिना डॉक्टर की सलाह के दवा लेने से बचने और बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर समय पर डॉक्टर की सलाह लेने को कहा है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article