झारखंड में आज का मौसम (14 Jan 2026): झारखंड में हाड़ कंपाने वाली ठंड का दौर जारी है। प्रदेश के अधिकतर जिलों में शीतलहर और घने कोहरे का प्रकोप है। सर्द हवाओं के कारण लगातार तापमान में गिरावट देखने को मिल रही है। कई जिलों में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री से नीचे दर्ज किया जा रहा है। मंगलवार को झारखंड में सबसे ठंडा शहर गुमला रहा। यहां का न्यूनतम तापमान 2.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। दिन में भी लोगों को सर्द हवाएं के कारण कंपकंपी महसूस हो रही है। शहरी इलाकों की तुलना में ग्रामीण क्षेत्रों में ठंड का कहर ज्यादा पड़ रहा है। आज मकर संक्रांति के दिन झारखंड का मौसम कैसा रहने वाला है, आइए जानते हैं:
आज झारखंड में कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार आज झारखंड का मौसम शुष्क रहने की संभावना है। 13 जिलों में आज शीतलहर चलने का येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं हजारीबाग, गुमला, सिमडेगा, रांची, गढ़वा, पलामू, चतरा, रामगढ़, लातेहार, लोहरदगा, बोकारो, खूंटी, पश्चिमी सिंहभूम आदि जिलों में कोहरा छाए रहने का अलर्ट है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य में अब कुहासे में कमी आने लगी है। 16 जनवरी के बाद शीतलहर का प्रभाव भी कम होने की संभावना है। फिलहाल दो दिन प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में शीतलहर का असर बरकरार रहने की संभावना है।
झारखंड का सबसे ठंडा जिला
झारखंड में मंगलवार को कुछ हिस्सों में शीतलहर की स्थिति बनी रही। इस दौरान 13 जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार गुमला जिले के बाद राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान खूंटी में 4.2 डिग्री सेल्सियस रहा। जिसके बाद पलामू में डाल्टनगंज में 5.6 डिग्री, रांची में 7.5 डिग्री, चाईबासा में 9.3 डिग्री सेल्सियस और जमशेदपुर में 10 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम पारा रहा। मौसम विभाग के अनुसार क्षोभमंडल स्तर पर उत्तर-पश्चिम से उत्तर दिशा की ओर लगातार चल रही हवाओं के कारण झारखंड में शीतलहर की स्थिति बनी हुई है।
