जालौन : भारतीय शादियों में फूफा और जीजा की नाराजगी की तो तमाम कहानियां हैं, लेकिन इस बार जालौन से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां निकाह की खुशियां पारिवारिक नाराज़गी की वजह से अचानक तनाव में बदल गईं। जहां एक चाचा ने निकाह में निमंत्रण न मिलने से नाराज होकर ऐसा कदम उठा लिया कि पूरे इलाके में इसकी चर्चा होने लगी। दरअसल, दूल्हे ने अपने चाचा को कार्यक्रम में नहीं बुलाया तो नाराज चाचा ने वेल्डिंग कर उसके घर के मुख्य दरवाजे को सील कर दिया। इसके बाद पुलिस की एंट्री हुई।
मामला कोतवाली क्षेत्र का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, मोहब्बत मजीद नाम का युवक अपनी बारात पूरे उत्साह और धूमधाम के साथ दुल्हन के घर लेकर पहुंचा था। निकाह की सभी रस्में खुशी-खुशी संपन्न हुईं और इसके बाद दूल्हा अपनी दुल्हन नजमा को लेकर घर वापस लौट आया। परिवार के लोग नई बहू के स्वागत की तैयारी में थे और गृह प्रवेश की रस्म का इंतजार कर रहे थे, लेकिन घर पहुंचते ही सभी के होश उड़ गए।
दूल्हे ने अपने चाचा मोहम्मद अजर को शादी में आमंत्रित नहीं किया
बताया जा रहा है कि दूल्हे ने अपने चाचा मोहम्मद अजर को निकाह में आमंत्रित नहीं किया था। इसी बात से नाराज़ चाचा ने गुस्से में आकर कथित तौर पर अपनी पत्नी आईसा और कुछ अन्य लोगों के साथ मिलकर दूल्हे के घर के मुख्य दरवाजे को वेल्डिंग कर सील कर दिया। इतना ही नहीं, दरवाजे पर ताला भी लगा दिया गया, जिससे घर में प्रवेश पूरी तरह बंद हो गया।
जब दूल्हा-दुल्हन घर पहुंचे तो उन्हें दरवाजे के बाहर ही रुकना पड़ा। नई नवेली दुल्हन का गृह प्रवेश भी नहीं हो सका। शादी की खुशियां पलभर में चिंता और तनाव में बदल गईं। मामले की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।
पुलिस ने काफी प्रयास के बाद वेल्डिंग कटवाकर दरवाजा खुलवाया। इसके बाद दुल्हन का गृह प्रवेश कराया गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर दोषियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
