Jalaun Police Encounter: उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में पुलिस ने गोकशी गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मुठभेड़ के बाद दोनों बदमाशों को पकड़ा है। इस दौरान दोनों पैर में गोली लगने के कारण घायल हो गए। जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने बताया कि दोनों बदमाशों में से एक पैरोल पर छूटकर आया था, वहीं दूसरा कोतवाली का हिस्ट्रीशीटर है। तीसरे आरोपियों की तलाश में पुलिस जुटी हुई है।
गोकशी की घटना से लोगों में रोष
जालौन के पुलिस अधीक्षक (SP) दुर्गेश कुमार ने बताया कि 10 और 11 जनवरी की दरम्यानी रात कुद्रा खुर्द और कुद्रा बुजुर्ग गांवों के बीच खेतों में स्थित एक ट्यूबवेल पर गोकशी की घटना हुई। जिसके बाद स्थानीय लोगों में भारी रोष देखने को मिला। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए 4 विशेष टीमों को गठित किया। जिसके बाद आरोपियों की तलाश शुरू की गई। इस दौरान पुलिस को वारदात में शामिल तीन लोगों की जानकारी मिली।
कहां पर हुई मुठभेड़ की घटना
पुलिस को मुखबिर से मंगलवार को सूचना मिली कि गोकशी गिरोह के सदस्य फिर से भेड़ क्षेत्र में गौहत्या की योजना बना रहे हैं। पुलिस ने सूचना को गंभीरता से लेते हुए इलाके में चेकिंग अभियान शुरू किया गया। इसी दौरान तितरा खलीलपुर चौकी प्रभारी ने सूचना दी कि घटना में शामिल जावेद उर्फ कल्ला और असगर उर्फ अगस्त नाम के दो आरोपी बाइक से जा रहे थे। पुलिस को देखते ही आरोपियों ने बाइक की स्पीड बढ़ा दी और भागने की कोशिश करने लगे। लेकिन पुलिस ने दोनों ओर से घेराबंदी कर ली। जिसे देख आरोपी मोटरसाइकिल छोड़कर भागने लगे और पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस पर कई राउंड की फायरिंग
आरोपियों ने पुलिस टीम पर कई राउंड की फायरिंग की। पुलिस ने भी आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें दोनों आरोपी गोली लगने से घायल हो गए। जिसके बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर अस्पताल में भर्ती कराया। तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से 2 अवैध .315 बोर के तमंचे, भारी मात्रा में जिंदा व खोखा कारतूस, मोटरसाइकिल, मीट काटने का बका चाकू व चापड़ और नगदी आदि सामान बरामद किया गया है।
पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी
एसपी दुर्गेश कुमार ने बताया कि इस मामले में फरार अन्य आरोपियों को पकड़ने के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि आरोपी असगर उर्फ अगस्त गोकशी के मामले में पहले से ही साजयाफ्ता है, वह पैरोल पर बाहर आया था। वहीं दूसरा आरोपी जावेद कोतवाली का हिस्ट्रीशीटर है, जिसपर 11 आपराधिक घटनाएं दर्ज हैं। वह 2023 में भी पुलिस मुठभेड़ में घायल हो चुका है। एसपी ने पुलिस की इस सफल कार्रवाई के लिए टीम को 25 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा भी की है।
