शहर

जयपुर में ऑपरेशन सिंदूर की पहली वर्षगांठ, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत सेना प्रमुखों की मौजूदगी में होगा भव्य आयोजन

जयपुर में ऑपरेशन सिंदूर की पहली वर्षगांठ को सैन्य स्तर पर विशेष तरीके से मनाने की तैयारी है। इस कार्यक्रम में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत तीनों सेनाओं के प्रमुख शामिल होंगे और अहम संबोधन भी देंगे।

Image

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह (फाइल फोटो)

Photo : PTI

Operation Sindoor: ऑपरेशन सिंदूर की पहली वर्षगांठ इस बार जयपुर में सैन्य स्तर पर खास अंदाज में मनाई जाएगी। गुरुवार को जयपुर स्थित साउथ वेस्टर्न कमांड मुख्यालय में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इस समारोह में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के साथ थल, जल और वायु सेना के प्रमुखों के शामिल होने की संभावना है। इसके अलावा चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल अनिल चौहान की मौजूदगी भी संभावित बताई जा रही है। कार्यक्रम के दौरान ऑपरेशन सिंदूर पर आधारित एक विशेष फिल्म भी जारी की जाएगी, जो इस मिशन से जुड़ी अहम झलकियां पेश करेगी।

पाकिस्तान के खिलाफ 'ऑपरेशन सिंदूर'

भारतीय सेना ने 6-7 मई 2025 को पाकिस्तान के खिलाफ 'ऑपरेशन सिंदूर' की शुरुआत की थी। उस समय पाकिस्तान से सटी लंबी सीमा, अहम सैन्य ठिकानों की मौजूदगी और सीमावर्ती जिलों की संवेदनशील स्थिति को देखते हुए राजस्थान इस अभियान का मुख्य केंद्र बना था। इसी कारण अब ऑपरेशन सिंदूर की पहली वर्षगांठ मनाने के लिए भी सेना ने राजस्थान को ही आयोजन स्थल के रूप में चुना है।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का संबोधन

जयपुर में गुरुवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह दोपहर करीब 12 बजे खातीपुरा स्थित सप्त शक्ति कमांड में तीनों सेनाओं के प्रमुखों के साथ मीडिया को संबोधित करेंगे। इसके बाद शाम 5 बजे ऑपरेशन सिंदूर पर आधारित एक विशेष फिल्म रिलीज की जाएगी। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, इस फिल्म में कई दृश्य वास्तविक हैं, जिन्हें ऑपरेशन के दौरान ही शूट किया गया था।

आतंकवादी हमले का जवाब था ऑपरेशन सिंदूर

बता दें कि, ऑपरेशन सिंदूर (Operation Sindoor) 6-7 मई 2025 की रात भारतीय सशस्त्र बलों द्वारा पाकिस्तान और PoK में आतंकी ठिकानों पर की गई एक सटीक और सुनियोजित हवाई कार्रवाई थी। यह 22 अप्रैल 2025 को पहलगाम में हुए वीभत्स आतंकवादी हमले के जवाब में किया गया था। इस ऑपरेशन के तहत भारतीय सेना ने लश्कर-ए-तैयबा, जैश-ए-मोहम्मद और हिजबुल मुजाहिद्दीन के कई प्रमुख ठिकानों को नष्ट कर दिया।

Lakhveer Singh Shekhawat
लखवीर सिंह शेखावतauthor

पत्रकारिता में पिछले सात साल से सक्रिय हैं, वर्तमान में Times Now नवभारत में राजस्थान ब्यूरो हेड हैं। इससे पहले, ज़ी मीडिया और न्यूज़18 नेटवर्क के राजस्थान चैनल के लिए दिल्ली ब्यूरो चीफ के रूप में कार्य किया है। उन्होंने जयपुर नेशनल यूनिवर्सिटी से बीजेएमसी की डिग्री प्राप्त की और राजस्थान यूनिवर्सिटी से एमजेएमसी में डिग्री हासिल की है। राजस्थान से संबंधित समाचारों और ख़बरों पर विशेष पकड़ रखते हैं। साथ ही देश की प्रमुख राजनीतिक घटनाओं को कवर करने में भी विशेषज्ञता हासिल है।

और पढ़ें
End of Article